सलिल चौधरी: जनता के संघर्षों से उपजा संगीत और प्रतिरोध की आवाज
अनीश अंकुर•19 नवंबर 202614 मिनट पठन195 बार पढ़ा गया
सलिल चौधरी सिर्फ महान संगीतकार नहीं, जनसंघर्षों के साथी भी थे। तेभागा आंदोलन से रेलवे मजदूरों की हड़ताल तक, उनका संगीत आंदोलनों की आवाज बना। इप्टा ने उनकी संगीत चेतना को व्यापक जनसांस्कृतिक दृष्टि दी। लोकधुनों और पश्चिमी शास्त्रीय संगीत के मेल से उन्होंने नई संगीत भाषा रची। 1993 में ही उन्होंने भारत पर मंडराते फासीवाद के खतरे को लेकर चेताया था। उनके संगीत के साथ उनकी मार्क्सवादी प्रतिबद्धता और जनपक्षधरता को याद करना क्यों जरूरी है ?
संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं, बदलाव की आवाज भी है।
"19 नवंबर। महान जनपक्षधर संगीतकार सलिल चौधरी की जयंती पर विशेष।" आज सलिल चौधरी को याद करना भारतीय जनसंस्कृति की उस गौरवशाली परंपरा को याद करना है, जिसने कला को बाजार और मनोरंजन की सीमाओं से बाहर निकालकर जनता के संघर्षों से जोड़ा। उनका संगीत किसान-मजदूरों की पीड़ा, मेहनतकश जनता की उम्मीदों और सामाजिक बदलाव की आकांक्षा से बना था।आज जब कला और संस्कृति को राजनीतिक विचारधारा से अलग दिखाने की कोशिश हो रही है, तब सलिल चौधरी का जीवन एक जरूरी सबक देता है। कलाकार की प्रतिबद्धता उसकी रचनात्मकता को सीमित नहीं करती, बल्कि उसे व्यापक सामाजिक अर्थ देती है। उनकी 1993 की फासीवाद संबंधी चेतावनी आज और भी प्रासंगिक है। धार्मिक कट्टरता, असहिष्णुता और असहमति की आवाजों पर हमले के इस दौर में सलिल चौधरी को केवल उनके लोकप्रिय फिल्मी गीतों के जरिए याद करना पर्याप्त नहीं है।उनके संगीत को उसकी वैचारिक जमीन के साथ याद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनकी स्मृतियों को ताज़ा कर रहें हैं पटना सेलेखक व संस्कृतिकर्मी अनीश अंकुर । - वाम की आवाज
सलिल चौधरी : जनता के संघर्षों से उपजा संगीत
उनके संगीत में किसान-मजदूर आंदोलनों की आवाज थी
और उनकी सोच में थी समानता तथा फासीवाद-विरोध की प्रतिबद्धता
सलिल चौधरी ऐसे कलाकार थे, जिनकी कला और चेतना पर कम्युनिस्ट विचारधारा का गहरा प्रभाव था। उनका संगीत जनता के संघर्षों, उसकी उम्मीदों, प्रेम और पीड़ा से पैदा हुआ था। उन्हें सिर्फ एक महान फिल्म संगीतकार के रूप में याद करना उनके व्यक्तित्व और योगदान को सीमित कर देना होगा।
सलिल चौधरी भारतीय संगीत जगत की ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने संगीत को मनोरंजन के दायरे से बाहर निकालकर उसे समाज और जनता के संघर्षों से जोड़ा। उनके लिए संगीत सिर्फ सुरों और धुनों का मेल नहीं था। वह अपने समय को समझने, जनता की जिंदगी से जुड़ने और बेहतर समाज का सपना देखने का माध्यम था।
उनकी कला पर मार्क्सवादी विचारधारा का गहरा असर था। यही वजह है कि उनके गीतों में किसान-मजदूरों के संघर्ष, आम आदमी की तकलीफ, प्रेम, विरह और सामाजिक बदलाव की आकांक्षा एक साथ दिखाई देती है। उनके संगीत को समझने के लिए उनके राजनीतिक विचारों और जनआंदोलनों से उनके जुड़ाव को समझना भी जरूरी है।
सोमनाथ होरे और तेभागा आंदोलन । भारतीय किसान आंदोलन : एक आर्टिस्ट की नजर से
किसान आंदोलन से था जुड़ाव
सलिल चौधरी सिर्फ संगीतकार नहीं थे। वे किसान आंदोलनों से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। उन्होंने बंगाल के तेभागा आंदोलन में हिस्सा लिया था। उस दौर में देश के अलग-अलग हिस्सों में किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। बंगाल में तेभागा आंदोलन, आंध्र प्रदेश में तेलंगाना आंदोलन, केरल में पुन्नप्रा-वायलार आंदोलन और असम की सुरमा घाटी का किसान संघर्ष इसी व्यापक आंदोलनकारी धारा के हिस्से थे। इन आंदोलनों के पीछे बिहार के संगठित किसान आंदोलन और स्वामी सहजानंद सरस्वती की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण थी। देश में किसान आंदोलन की राष्ट्रीय धारा को मजबूत करने में बिहार के किसान संघर्षों का बड़ा योगदान रहा था। सलिल चौधरी इन आंदोलनों के लिए गीत लिखते थे। उनके लिए गीत आंदोलन का हिस्सा थे। वे मानते थे कि संगीत जनता की आवाज बन सकता है और संघर्षरत लोगों में नई ऊर्जा भर सकता है।
रेलवे मजदूरों के बीच गीत लिखते थे सलिल चौधरी
सलिल चौधरी के मजदूर आंदोलनों से जुड़ाव का एक दिलचस्प प्रसंग 1946 की देशव्यापी हड़ताल से जुड़ा है। उनके आत्मकथात्मक विवरणों और प्रकाशित लेखों में इस बात का उल्लेख मिलता है कि कॉमरेड बीरेश मिश्र उन्हें रेलवे मजदूरों की सभाओं में ले जाते थे।
वे उत्तर बंगाल और असम के रेलवे स्टेशनों पर होने वाली मजदूर सभाओं में पहुंचते। एक स्टेशन पर मजदूरों के बीच सभा होती, वे उनके संघर्षों को समझते और गीत लिखते। फिर अगले स्टेशन तक पहुंचने से पहले ही नया गीत तैयार कर लेते थे। उनके पास एक छोटा-सा हारमोनियम होता था।
इसी दौर से उनका मशहूर गीत 'ढेउ उठछे, कारा टूटछे' यानी लहरें उठ रही हैं, कारागार टूट रहा है, जुड़ा है। 29 जुलाई 1946 की देशव्यापी हड़ताल के संदर्भ में इस गीत को खास पहचान मिली। इस गीत में आंदोलन का जोश और संघर्ष की ताकत साफ महसूस होती है। उस दौर में उन्होंने ऐसे बहुत से गीत लिखे, जिनमें से कई आज उपलब्ध नहीं हैं। उनके गीतों में मजदूरों का गुस्सा, उनकी उम्मीद और एक नई दुनिया बनाने का सपना था।
1948 का दौर इससे अलग था। उस समय भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था और सलिल चौधरी भूमिगत राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे। उन्हें गिरफ्तारी से बचने के लिए सुरक्षित ठिकानों पर रहना पड़ता था। इस तरह उनका राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन अलग-अलग नहीं था। वे आंदोलन के साथ थे और उनका संगीत भी उसी आंदोलन की आवाज था।
इप्टा के कुछ साथी
फिल्मों में जाना क्या आंदोलन से दूर होना था?
इप्टा के कुछ साथियों की शिकायत थी कि सलिल चौधरी फिल्मों में चले गए और आंदोलन से दूर हो गए। इस सवाल पर आज भी बहस होती है। लेकिन यह भी सच है कि अगर वे फिल्मों में नहीं जाते, तो शायद हम बिमल राय की 'मधुमती' (1958) का सलिल चौधरी की अनोखी धुन से सजा वह अमर संगीत नहीं सुन पाते, जो आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है -' आजा रे परदेशी' - जिसने लता मंगेशकर को पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड दिलाया और सलिल चौधरी इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक के फिल्मफेयर अवॉर्ड (1959) से नवाजे गए।
आज ए.आर. रहमान और दूसरे संगीतकारों के संगीत पर चर्चा करते समय भी सलिल चौधरी के प्रभाव का उल्लेख किया जाता है। उनके संगीत की खासियत यह थी कि उसमें भारतीय लोकधुनों, पश्चिमी शास्त्रीय संगीत और दुनिया की दूसरी संगीत परंपराओं का अद्भुत मेल दिखाई देता है।
लेकिन उनकी महानता सिर्फ इस प्रयोगशीलता में नहीं थी। वे महान इसलिए थे कि उनका संगीत जनता के जीवन और संघर्षों से जुड़ा हुआ था। वे बार-बार कहते थे कि हमने कमरे में बैठकर संगीत तैयार नहीं किया। उनके लिए संगीत का असली स्रोत जनता थी। जनता के बीच जाना, उसके दुख-दर्द को समझना और उसके अनुभवों को सुरों में ढालना ही उनकी रचनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा था।
संघर्ष के साथ प्रेम और दुख को भी संगीत में जगह
सलिल चौधरी ने बंगाल के फिल्म संगीत को एक नया मोड़ दिया। उनके गीतों का मिजाज, उनकी धुनों की बनावट और संगीत संयोजन उस समय के प्रचलित फिल्मी संगीत से काफी अलग थे। जब बिमल रॉय ने उन्हें फिल्मों में संगीत देने का अवसर दिया, तो शुरुआत में उनके गीतों को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। लेकिन धीरे-धीरे उनके संगीत ने अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने आम औरतों की जिंदगी, उनकी पीड़ा और विवाह के बाद भी बनी रहने वाली सामाजिक परेशानियों को अपने गीतों में जगह दी।
उस समय इप्टा के कलाकारों और कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच एक महत्वपूर्ण बहस चल रही थी। सवाल उठाया जाता था कि आप लोग संघर्ष और आंदोलन के गीत तो गाते हैं, लेकिन जब कोई व्यक्ति अकेला होता है, प्रेम करता है, बिछड़ता है या दुख और अवसाद से गुजरता है, तब उसके लिए आपके पास कौन-से गीत हैं? यह सवाल बेहद महत्वपूर्ण था। आखिर जनता की जिंदगी सिर्फ संघर्ष और नारों तक सीमित नहीं होती। उसमें प्रेम है, बिछोह है, परिवार है, दुख है, उम्मीद है और निजी जीवन की तमाम भावनाएं भी हैं।
कम्युनिस्ट कलाकारों को जनता के जीवन के इन सभी पहलुओं को अपने संगीत में जगह देनी चाहिए। सलिल चौधरी ने इस बात को समझा। उनके गीतों में संघर्ष और प्रतिरोध के साथ प्रेम, विरह और संवेदना की गहराई भी दिखाई देती है। यही वजह है कि उनका संगीत अलग-अलग पीढ़ियों के लोगों को आज भी आकर्षित करता है।
'दो बीघा जमीन' : किसान की पीड़ा और संगीत की संवेदना
सलिल चौधरी के संगीत और सामाजिक सरोकारों को समझने के लिए बिमल रॉय की फिल्म 'दो बीघा जमीन' जरूर देखनी चाहिए। बलराज साहनी अभिनीत यह फिल्म एक ऐसे किसान की कहानी है, जिसे अपनी जमीन बचाने के लिए शहर में रिक्शा चलाना पड़ता है। यह सिर्फ एक किसान की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं है। यह उस व्यवस्था की कहानी है, जिसमें किसान अपनी जमीन और आजीविका से बेदखल होता है और शहर में जाकर मजदूर बनने को मजबूर हो जाता है।
'दो बीघा जमीन' में बलराज साहनी और सह कलाकार
फिल्म का संगीत भी इसी सामाजिक यथार्थ से जुड़ा हुआ है। इसका गीत 'मौसम बीता जाए, मौसम बीता जाए...', आज भी लोगों की जुबान पर है। सलिल चौधरी की खासियत यही थी कि वे फिल्म की कहानी, उसके सामाजिक संदर्भ और पात्रों की भावनाओं को संगीत में पिरो देते थे। उनका संगीत कहानी से अलग नहीं होता था, बल्कि उसे और गहराई देता था।
इप्टा के सम्मेलन थे संगीत के विश्वविद्यालय
सलिल चौधरी कहा करते थे कि इप्टा के सम्मेलन किसी संगीत विश्वविद्यालय से कम नहीं होते थे। देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकार और सांस्कृतिक कार्यकर्ता वहां पहुंचते थे। वे अपने-अपने इलाकों की लोकधुनें एक-दूसरे को सुनाते और साझा करते थे। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों के लोकसंगीत को समझने और उससे सीखने का अवसर मिलता था। सलिल चौधरी को लोकधुनों से गहरा लगाव था। लेकिन उनकी संगीत की दुनिया सिर्फ भारतीय लोकसंगीत तक सीमित नहीं थी।
उन्होंने हंगरी जैसे समाजवादी देशों के लोकसंगीत से भी प्रेरणा ली। इसके साथ ही पश्चिमी शास्त्रीय संगीत की परंपराओं का भी अपने संगीत में इस्तेमाल किया। वे अलग-अलग संगीत शैलियों को मिलाकर कुछ नया रचने में विश्वास करते थे। उनका मानना था कि संगीत किसी एक देश, भाषा या इलाके की सीमा में कैद नहीं रह सकता। दुनिया भर की अच्छी सांस्कृतिक परंपराओं से सीखना और उन्हें अपने अनुभवों के साथ जोड़ना जरूरी है।
लोकसंगीत बनाम पश्चिमी संगीत : हेमांग विश्वास के साथ ऐतिहासिक बहस
1953 में बंबई के शिवाजी पार्क में इप्टा का सातवां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ था। इस सम्मेलन में सलिल चौधरी और असम के इप्टा से जुड़े प्रसिद्ध लोकगायक तथा वामपंथी सांस्कृतिक कार्यकर्ता हेमांग विश्वास के बीच संगीत को लेकर एक महत्वपूर्ण बहस हुई थी। सलिल चौधरी पर आरोप लगाया जाता था कि वे अपने संगीत में पश्चिमी धुनों, हार्मनी और सिम्फनी का इस्तेमाल करते हैं। हेमांग विश्वास का तर्क था कि किसान और मजदूर के संघर्षों के गीत उनकी अपनी लोकधुनों पर आधारित होने चाहिए। पश्चिमी संगीत का इस्तेमाल करने से ये गीत आम जनता से दूर हो सकते हैं।
बाएँ: 1953 में बॉम्बे के इप्टा सम्मेलन में सलिल चौधरी और हेमांग बिस्वास। दाएँ: हेमंत मुखर्जी के साथ यादगार जोड़ी, जिसने संगीत प्रेमियों को अनमोल तोहफ़े दिए।
सलिल चौधरी इस सोच से सहमत नहीं थे। उनका मानना था कि लोकसंगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत है, लेकिन जनता के संगीत को केवल गांव की लोकधुनों तक सीमित नहीं किया जा सकता। पश्चिमी शास्त्रीय संगीत में भी बाख और बीथोवन जैसे महान संगीतकार हुए हैं। बीथोवन के संगीत में स्वतंत्रता, समानता और मानवीय मुक्ति की आकांक्षा देखी जा सकती है। फ्रांसीसी क्रांति के आदर्शों के साथ भी उनके संगीत का गहरा वैचारिक संबंध माना जाता है। सलिल चौधरी का तर्क था कि जब साहित्य और दूसरी कलाओं में दुनिया भर की रचनात्मक परंपराओं से प्रेरणा ली जा सकती है, तो संगीत को ही सीमित दायरे में क्यों रखा जाए?
उनका मानना था कि मजदूर वर्ग के संगीत की परंपरा सिर्फ गांवों के लोकगीतों तक सीमित नहीं हो सकती। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जनता के संघर्ष हुए हैं और उन संघर्षों ने अपना संगीत भी रचा है। इसलिए जनता का संगीत दुनिया भर की सांस्कृतिक परंपराओं और संघर्षों से प्रेरणा लेकर विकसित होना चाहिए। सलिल चौधरी ने अपने संगीत में प्रयोग करके इस विचार को साबित किया। बाद के वर्षों में हेमांग विश्वास ने भी स्वीकार किया कि केवल लोकशैली पर जोर देना एक तरह का संकीर्ण औपचारिकतावाद हो सकता है।
यह बहस सिर्फ दो संगीतकारों के बीच मतभेद नहीं थी। यह इस बड़े सवाल से जुड़ी थी कि जनसंस्कृति का दायरा कितना व्यापक होना चाहिए। क्या जनता का संगीत सिर्फ अपनी स्थानीय परंपराओं तक सीमित रहेगा या दुनिया भर की अच्छी सांस्कृतिक विरासत को अपनाकर आगे बढ़ेगा? सलिल चौधरी का जवाब साफ था। जनता का संगीत दुनिया भर के संगीत से प्रेरणा लेगा। यही उनकी संगीत दृष्टि की सबसे बड़ी खासियत थी।
चिली के कम्युनिस्ट संगीतकार विक्टर जारा भी संगीत और जनसंघर्ष के इसी रिश्ते के समर्थक थे। वे सल्वाडोर अलेंदे की वामपंथी सरकार के समर्थक थे। 1973 में चिली में सैन्य तख्तापलट के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया, बर्बर यातनाएं दी गईं और उनके हाथ तोड़ दिए गए। बाद में उनकी हत्या कर दी गई। विक्टर जारा का जीवन भी बताता है कि संगीतकार सिर्फ समाज का दर्शक नहीं होता। वह जनता के संघर्षों में अपनी कला के जरिए भागीदार भी बन सकता है।
1993 में ही फासीवाद के खतरे को पहचान लिया था 'सलिल दा' ने
6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद का ध्वंस हुआ था। इसके लगभग एक साल बाद, 21 नवंबर 1993 को अंग्रेजी अखबार 'द टेलीग्राफ' में सलिल चौधरी का एक महत्वपूर्ण इंटरव्यू प्रकाशित हुआ। इस इंटरव्यू में उन्होंने अपनी प्रेरणाओं, सबसे बड़े डर और जीवन के सपने के बारे में कुछ ऐसी बातें कहीं, जो आज भी बेहद प्रासंगिक हैं।
उनसे पूछा गया कि उनकी सबसे बड़ी प्रेरणाएं क्या हैं? उन्होंने दो बातों का उल्लेख किया। पहली, उनके पिता के घर में रखे पश्चिमी शास्त्रीय संगीत के रिकॉर्ड और दूसरी, मार्क्सवाद-लेनिनवाद तथा द्वंद्वात्मक और ऐतिहासिक भौतिकवाद। मार्क्सवादी विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उन्होंने एक दूसरी बातचीत में कहा था - 'Once a Marxist is always a Marxist.' यानी एक बार मार्क्सवादी, हमेशा मार्क्सवादी।
जब उनसे पूछा गया कि उनका सबसे बड़ा दुःस्वप्न क्या है, तो उन्होंने आशंका जताई कि एक दिन भारत कट्टरपंथियों और उन्मादियों के हाथों में चला जाएगा। बुद्धिजीवियों को उनकी अलग-अलग पहचान के आधार पर निशाना बनाया जाएगा और उन्हें गोली मार दी जाएगी। उनसे उनके सबसे प्रिय सपने के बारे में भी पूछा गया था। उनका जवाब था - 'All men should be equal.' यानी सभी मनुष्य समान हों। और जब उनसे उनके सबसे बड़े दुःस्वप्न के बारे में पूछा गया, तो उनका जवाब था - 'Fascism.' यानी फासीवाद।
जरा सोचिए, 1993 में सलिल चौधरी यह आशंका व्यक्त कर रहे थे। आज हम नरेंद्र दाभोलकर, गोविंद पानसरे, एम.एम. कलबुर्गी और गौरी लंकेश की हत्याओं को याद करते हैं, तो उनकी चेतावनी की गंभीरता और भी स्पष्ट हो जाती है। उनकी चिंता सिर्फ धार्मिक कट्टरता तक सीमित नहीं थी। वे उस राजनीतिक माहौल को लेकर चिंतित थे, जिसमें असहमति, तर्क और स्वतंत्र विचार रखने वालों के लिए जगह लगातार कम होती जाती है। उनकी अंतिम इच्छा भी इसी सोच से जुड़ी थी। वे ऐसा भारत चाहते थे, जहां सभी मनुष्यों को समानता मिले और हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर प्राप्त हो।
सलिल चौधरी को सिर्फ उनके संगीत से नहीं, विचारों से भी याद कीजिए
आज सलिल चौधरी पर जब लिखा जाता है, तो उनके अमर फिल्मी गीतों, उनकी धुनों और संगीत के प्रयोगों की खूब चर्चा होती है। यह स्वाभाविक भी है। लेकिन अक्सर उनके राजनीतिक विचारों और जनआंदोलनों से जुड़े उनके जीवन को पीछे छोड़ दिया जाता है। यह सवाल उठाना जरूरी है कि आखिर उनका वह महान संगीत आया कहां से? उसकी जमीन क्या थी? उनके गीतों में आम आदमी की पीड़ा, किसान-मजदूरों का संघर्ष और सामाजिक बदलाव की आकांक्षा कहां से आई? इसका जवाब उनके जनता से जुड़ाव और मार्क्सवादी विचारधारा में मिलता है।
सलिल चौधरी को सिर्फ एक महान फिल्म संगीतकार के रूप में याद करना उनके योगदान को छोटा कर देना होगा। वे ऐसे कलाकार थे, जिन्होंने जनता के संघर्षों, उसकी उम्मीदों, उसके प्रेम और उसकी पीड़ा को अपने संगीत का हिस्सा बनाया। उनके लिए संगीत समाज से अलग कोई चीज नहीं था। वह समाज को समझने, उससे जुड़ने और उसे बदलने की कोशिश का माध्यम था। इसीलिए सलिल चौधरी का संगीत आज भी प्रासंगिक है। उनके गीत हमें सिर्फ एक सुंदर धुन का आनंद नहीं देते, बल्कि अपने समय, समाज और राजनीति के बारे में सोचने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
सलिल चौधरी की जन्मशती मनाने का असली अर्थ यही होगा कि हम उनके संगीत के साथ-साथ उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता, जनपक्षधरता और फासीवाद-विरोधी चेतना को भी याद रखें।
स्रोत : अनीश अंकुर द्वारा प्रगतिशील लेखक संघ, पटना की ओर से 4 जून को ऋत्विक घटक और सलिल चौधरी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर कालिदास रंगालय में आयोजित कार्यक्रम में दिए गए वक्तव्य का संपादित अंश। कार्यक्रम का विषय था— 'ऋत्विक घटक एवं सलिल चौधरी : सृजन और सरोकार'। फोटो और विडिओ इंटरनेट और यूट्यूब से साभार। फेयर यूज नीति के तहत।
क्या यह लेख उपयोगी था?
टिप्पणियाँ
0
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...
सलिल चौधरी: जनता के संघर्षों से उपजा संगीत और प्रतिरोध की आवाज
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...