वाम की आवाज़ (Vaam Ki Aawaz)
अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ,न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !
शनिवार, 28 नवंबर 2026 | Saturday, 28 November 2026
|
संपर्क: vaamkiaawaz@gmail.comसदस्यता में
वाम की आवाज़ लोगो
वाम की आवाज़ (Vaam Ki Aawaz)
अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ,न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !
लाइव कवरेज
होमताज़ा खबरेंविश्लेषण

वाम की आवाज़

जन समाचार मंच

विश्लेषण

उप्र: आखिर यह माजरा क्या है ?

नवाब उद्दीन•12 नवंबर 202614 मिनट पठन86 बार पढ़ा गया

जिस बात को विपक्ष अब तक उठाता रहा, उसी की गूंज अब मुख्यमंत्री योगी के बयानों में भी सुनाई दे रही है - मतदाता सूची से लाखों नाम गायब हैं! इन दावों ने एसआईआर की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा और सरकार के आंतरिक आकलन में सरकारी योजनाओं के 55 लाख से अधिक लाभार्थियों के नाम मतदाता सूची में नहीं होने की बात सामने आई है। पीलीभीत में फॉर्म-8 के जरिए हजारों मतदाता प्रविष्टियों में अनियमितताएं मिलने से चुनावी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं। पश्चिम बंगाल के चुनाव पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी की टिप्पणी ने मतदाता सूची से नाम हटाने और उन्हें दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया को राष्ट्रीय बहस में ला दिया है। 2024 के चुनावी रिकॉर्ड की स्वतंत्र पड़ताल में भी कई निर्वाचन क्षेत्रों के आंकड़ों में विसंगतियां सामने आई हैं। आलेख का केंद्रीय सवाल है कि जब चुनावी प्रक्रिया पर ही सवाल उठ रहे हों, तो चुनाव आयोग और सरकार जनता का भरोसा कैसे कायम रखेंगे?

उप्र: आखिर यह माजरा क्या है ?


सीपीआई(एम) उत्तर प्रदेश राज्य समिति के सदस्य नवाबउद्दीन का यह विश्लेषण उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर उठे सवालों के बहाने पूरे भारतीय लोकतंत्र की सेहत की पड़ताल करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों से लेकर सरकारी आकलन, पीलीभीत में मतदाता सूची में मिली गंभीर गड़बड़ियों, पश्चिम बंगाल पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त की टिप्पणी और 2024 के चुनावी रिकॉर्ड में सामने आई विसंगतियों तक, आलेख कई अहम सवाल हमारे सामने रखता है। इसकी खासियत यह है कि यह किसी एक राज्य या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, चुनाव आयोग की जवाबदेही और हर नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा को बहस के केंद्र में लाता है। लोकतंत्र में वोट केवल सत्ता हासिल करने का साधन नहीं, नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। इसलिए सवाल यह नहीं कि किसका वोट कट रहा है, बल्कि यह है कि किसी भी नागरिक का वोट आखिर कट कैसे सकता है? - वाम की आवाज

यूपी: आखिर यह माजरा क्या है?


डबल इंजन सरकार में मतदाता सूची भी भरोसे लायक नहीं।

जिस एसआईआर को भाजपा लोकतंत्र की गारंटी बता रही थी, उसी पर मुख्यमंत्री योगी ने खड़े किए सवाल

आखिर 'किस पर' और 'कैसे' भरोसा करें?

योगी सरकार के अपने आकलन में लाखों लाभार्थियों के नाम मतदाता सूची से गायब; पीलीभीत में 10,470 प्रविष्टियों में गड़बड़ी, बंगाल और 2024 के चुनावी रिकॉर्ड पर उठे सवालों ने चुनाव आयोग की जवाबदेही को फिर कटघरे में खड़ा किया।


लखनऊ/ नई दिल्ली। देशभर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बहस चल रही है। चुनाव आयोग की भूमिका, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की निष्पक्षता और मतदाता सूचियों से बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने को लेकर पूरी व्यवस्था गंभीर संदेह के घेरे में है। विपक्ष लगातार बता रहा है कि एसआईआर का इस्तेमाल मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के बजाय चुनावी नतीजों को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। इन आरोपों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हालिया बयान कई नए सवाल खड़े करता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में उत्तर प्रदेश के एसआईआर से जुड़े कुछ आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हिंदू मतदाताओं के नाम अधिक कटे हैं, जबकि अल्पसंख्यक मतदाताओं के नामों में 1.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक करोड़ 27 लाख से अधिक हिंदू मतदाता, जो पंचायत की सूची में हैं, विधानसभा की सूची में नहीं हैं। इसके अलावा 66 लाख मतदाताओं के नाम और कटे हैं, जिसमें 55 लाख लोग वे हैं जो लाभार्थी हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेते हैं, यानी भाजपा के वोटर हैं। 18-19 वर्ष के लाखों युवाओं के भी वोट नहीं बने हैं। उन्होंने इसे भाजपा को हराने की साजिश से जोड़ने की कोशिश की। सवाल यह है कि आखिर मुख्यमंत्री इस तरह की दलील क्यों दे रहे हैं? एसआईआर पर सवाल उठाकर क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभावित हार का ठीकरा किस पर फोड़ने की तैयारी कर रहे हैं? या इस बहाने ध्रुवीकरण कर रहे है।



साभार सत्य प्रेम करुणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विडिओ इस लिंक पर देख सकते हैं -


उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उठाया गया सवाल अब खुद भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि मतदाता सूची से कितने नाम कटे या छूटे, बल्कि यह भी है कि केंद्र और राज्य में सत्ता पर काबिज डबल इंजन सरकार आखिर अपने ही नागरिकों के मताधिकार की रक्षा क्यों नहीं कर पा रही है?

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत मतदाता सूची में होने के बावजूद विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। उनके दावों के मुताबिक, करीब 66 लाख नाम काटे गए और इनमें लगभग 55 लाख ऐसे लोग हैं, जो सरकारी योजनाओं के लाभार्थी हैं। उन्होंने 18-19 वर्ष के नए मतदाताओं के नाम छूटने का मुद्दा भी उठाया है।

लेकिन मुख्यमंत्री के बयान के बाद सामने आई एक दूसरी खबर ने सरकार की चिंता को और उजागर कर दिया है। नवभारत टाइम्स की 11 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा और सरकार के आंतरिक आकलन में 55 लाख से अधिक गैर-अल्पसंख्यक सरकारी योजना लाभार्थियों के नाम विधानसभा मतदाता सूची में नहीं मिलने की बात कही गई है। आंतरिक आँकलन के हवाले से रिपोर्ट में जौनपुर, प्रयागराज, बलिया, आजमगढ़ और गाजीपुर जैसे जिलों के आंकड़े भी दिए गए हैं।



नवभारत टाइम्स की खबर
यूपी में SIR के बाद क्यों बढ़ी सरकार-संगठन की चिंता? जानिए आंतरिक सर्वे में क्या सामने आया।

यहां सबसे बड़ा सवाल है: जब सरकार खुद लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं होने की बात उठा रही है, तो उसके प्रशासनिक तंत्र ने समय रहते इस गड़बड़ी को ठीक क्यों नहीं किया? सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान, पंचायत मतदाता सूची और विधानसभा मतदाता सूची के बीच तालमेल की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या नागरिकों को अपना मताधिकार बचाने के लिए मुख्यमंत्री के बयान और राजनीतिक दबाव का इंतजार करना पड़ेगा?

पीलीभीत में मतदाता सूची को लेकर उठे सवालों से लेकर पश्चिम बंगाल में एसआईआर की प्रक्रिया तक, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली विवादों में रही है। बंगाल में जिस तरह लाखों लोगों के वोट काटकर सरकार बनाई गई है, उस पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने भी कड़ी टिप्पणी की है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में नाम काटने और जोड़ने की प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। दूसरी ओर, चुनावी प्रक्रिया पर निगरानी रखने वाले रिपोर्टर्स कलेक्टिव ने चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इन खुलासों ने चुनाव में धांधली, धनबल और अन्य अनियमितताओं को लेकर चल रही बहस को और तेज किया है।


पीलीभीत: मतदाता सूची में गड़बड़ी, जिम्मेदार कौन?

यह आशंका केवल कागजी बहस नहीं है। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मई से 29 अगस्त 2026 के बीच फॉर्म-8 के जरिए 13,779 संशोधन आवेदन दर्ज किए गए। इनमें से 10,470 संशोधन मंजूर हुए, लेकिन जांच में इन सभी मंजूर प्रविष्टियों में अनियमितता पाई गई। कुछ मतदाताओं ने शिकायत की कि उनके मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर पर किसी दूसरे व्यक्ति का नाम दर्ज दिखाई दे रहा है।

यह मामला एसआईआर के दौरान सीधे 10,470 नाम काटे जाने का नहीं, बल्कि उसके बाद मतदाता रिकॉर्ड में संशोधन के जरिए हुई कथित गड़बड़ी का है। विपक्ष के दबाव में सरकार झुकी और नई नियुक्ति देने के बाद संबंधित दो अधिकारियों को प्रतीक्षारत किया, और चुनाव आयोग ने दोनों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ निलंबन तथा एफआईआर की कार्रवाई के आदेश दिए। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की दोबारा जांच करने को भी कहा गया।

कार्रवाई होना जरूरी है, लेकिन इससे जवाबदेही का सवाल खत्म नहीं होता। आखिर बिना भौतिक आवेदन और जरूरी दस्तावेजों के इतने बड़े पैमाने पर संशोधन कैसे मंजूर हुए? कंप्यूटर ऑपरेटर को यह अधिकार किस व्यवस्था ने दिया? निगरानी करने वाले अधिकारी क्या कर रहे थे? और जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड से छेड़छाड़ हुई, उनका मताधिकार सुरक्षित करने की जिम्मेदारी कौन लेगा?

डबल इंजन सरकार की प्रशासनिक दक्षता के दावों के बीच यह मामला बताता है कि मतदाता सूची जैसी बुनियादी और निरंतर लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी निगरानी और जवाबदेही की गंभीर खामियां हैं।

बंगाल पर टिप्पणी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता का सवाल

पश्चिम बंगाल के 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी की टिप्पणी ने भी चुनावी प्रक्रिया पर बहस तेज की है। 6 नवंबर को कोलकाता में आयोजित एक स्मृति व्याख्यान में कुरैशी ने कहा कि उनके विचार में बंगाल का चुनाव कानूनी रूप से वैध नहीं था। उन्होंने गलत तरीके से नाम हटाए जाने की आशंका वाले निर्वाचन क्षेत्रों की जांच और प्रभावित मतदाताओं के नाम बहाल करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जरूरत बताई। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की प्रक्रिया और उसके चुनावी प्रभाव पर गंभीर सवाल उठाए।

सवाल यह है कि यदि किसी चुनाव में बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटने की शिकायतें सामने आती हैं, तो केवल चुनाव संपन्न करा देना क्या पर्याप्त है? लोकतंत्र में चुनाव की वैधता सिर्फ मतदान और नतीजे घोषित करने से नहीं, बल्कि हर पात्र नागरिक को वोट देने का वास्तविक अवसर मिलने से तय होती है।

2024 के चुनावी रिकॉर्ड पर भी सवाल

इसी बीच द रिपोर्टर्स कलेक्टिव की 10 नवंबर को प्रकाशित पड़ताल ने 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मतदान रिकॉर्ड को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के 530 निर्वाचन क्षेत्रों के रिकॉर्ड की पड़ताल में 51 सीटों पर मतदान से जुड़े आंकड़ों में विसंगतियां पाई गईं। इनमें 19 सीटों के आंतरिक रिकॉर्ड में मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं की संख्या के सामने शून्य या ‘निल’ दर्ज था। अन्य 32 सीटों पर दर्ज मतदाताओं और ईवीएम में गिने गए वोटों की संख्या में अंतर मिला।

इस पड़ताल को चुनावी धांधली का निर्णायक प्रमाण ना भी कहें लेकिन जब मतदान और मतगणना के आधिकारिक रिकॉर्ड में इतना अंतर दिखाई दे, तो चुनाव आयोग की जिम्मेदारी बनती है कि वह हर विसंगति का स्पष्ट, सार्वजनिक और दस्तावेजी जवाब दे।

जवाबदेही से बचकर लोकतंत्र नहीं चलेगा

यह वही भाजपा है जिसकी केंद्र और उत्तर प्रदेश, दोनों जगह सरकार है। पिछले लगभग 12 वर्षों से केंद्र में और करीब 10 वर्षों से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है। पूरी सरकारी मशीनरी और संवैधानिक संस्थाओं पर उसका प्रभाव किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में प्रदेश का मुख्यमंत्री मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर धार्मिक आधार पर आंकड़े पेश करे और भाजपा को हराने की साजिश का आरोप लगाए, तो इसके राजनीतिक निहितार्थ समझना जरूरी है। सरकार द्वारा प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग पीलीभीत आदि जगहों पर देख चुके हैं, जहाँ शासन वोट काटने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उन्हें बचाता हुआ नजर आया है।

इन तमाम घटनाओं को एक साथ देखने पर तस्वीर साफ होती है। एक तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मतदाता सूची में लाखों नाम छूटने की बात उठा रहे हैं; दूसरी तरफ उन्हीं के राज्य में मतदाता रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का मामला सामने आता है। बंगाल में मतदाता नामों के गायब हो जाने पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सवाल उठाते हैं और 2024 के चुनावी रिकॉर्ड पर स्वतंत्र पड़ताल विसंगतियां उजागर करती है।

दरअसल, एसआईआर का सवाल केवल मतदाता सूची में नाम जोड़ने और काटने तक सीमित नहीं है। यह किसी एक पार्टी के वोट बैंक का मामला भी नहीं है। यह देश की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़ा सवाल है। मतदाता सूची में नाम होना और बिना बाधा मतदान कर पाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। गरीब, मजदूर, किसान, अल्पसंख्यक, महिलाएं, युवा या सरकारी योजनाओं के लाभार्थी - किसी का भी नाम प्रशासनिक लापरवाही या मनमानी के कारण छूटना लोकतंत्र के साथ अन्याय है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर विपक्ष और लोकतंत्र के पक्ष में खड़े संगठनों ने लगातार सवाल उठाए हैं। संसद से मुख्य चुनाव आयुक्त को मिले वैधानिक संरक्षण के बाद उनकी जवाबदेही का सवाल भी बहस के केंद्र में है।

ऐसे माहौल में योगी आदित्यनाथ का बयान और भी दिलचस्प हो जाता है। अब तक भाजपा और उसकी सरकारें एसआईआर का बचाव करती रही हैं। भाजपा के नेता चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली का समर्थन करते रहे हैं। नवंबर की शुरुआत की दिल्ली रैली के बाद भाजपा लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत जब विपक्ष और जनसंगठनों के खिलाफ और एसआईआर के समर्थन में सड़कों पर उतरी, तो इस प्रक्रिया को सही ठहराने के लिए लगातार दलीलें दी गईं। रैलियाँ निकाली गईं, जिनमें भाजपा के बड़े-बड़े नेता शामिल हुए। ऐसे में अचानक मुख्यमंत्री का यह कहना कि एसआईआर में हिंदू मतदाताओं के नाम अधिक कटे हैं और इससे भाजपा को हराने की कोशिश हो रही है, आखिर किस राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है ?

क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश में भाजपा की संभावित हार का अंदेशा सताने लगा है ? क्या वे एसआईआर की खामियों को समय रहते दूर कराने के लिए आवाज उठा रहे हैं, या 2027 के चुनाव से पहले संभावित राजनीतिक नुकसान की जिम्मेदारी चुनाव आयोग पर डालने की जमीन तैयार कर रहे हैं?? क्या गुजरात लॉबी उत्तर प्रदेश की राजनीति में योगी आदित्यनाथ को किनारे करने की कोशिश कर रही है और मुख्यमंत्री इस राजनीतिक परिस्थिति में अपनी अलग जमीन तैयार कर रहे हैं? जो भी हो, इतना तय है कि सत्ता में रहते हुए प्रशासनिक जवाबदेही से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता।

इन सवालों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। भाजपा की राजनीति में धार्मिक ध्रुवीकरण हमेशा से एक बड़ा हथियार रहा है। अब मुख्यमंत्री स्वयं हिंदू और अल्पसंख्यक मतदाताओं के आंकड़ों को राजनीतिक विवाद का विषय बना रहे हैं। इससे मतदाता सूची की वास्तविक गड़बड़ियों और चुनाव आयोग की जवाबदेही का सवाल पीछे छूट सकता है और बहस को धार्मिक ध्रुवीकरण की दिशा में मोड़ा जा सकता है।

“डबल इंजन सरकार को यह बताना होगा कि जब मतदाता सूची ही भरोसेमंद नहीं, तो उसके सुशासन के दावों पर जनता भरोसा कैसे करे? चुनाव आयोग को भी आंकड़ों और आरोपों से आगे बढ़कर हर गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच, पारदर्शी रिपोर्ट और प्रभावित मतदाताओं के नाम बहाल करने की गारंटी देनी होगी।“

लेकिन एक बुनियादी सवाल योगी आदित्यनाथ से भी पूछा जाना चाहिए। यदि एसआईआर की प्रक्रिया में गड़बड़ी है, यदि मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जा रहे हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है। चुनाव आयोग के साथ समन्वय और मतदाताओं की सहायता के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी मौजूद है। मुख्यमंत्री को धार्मिक आधार पर राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय यह बताना चाहिए कि मतदाता सूची की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए उनकी सरकार ने क्या कदम उठाए हैं।

लोकतंत्र में मतदाता सरकार की मेहरबानी से वोट नहीं देता। वोट देना उसका अधिकार है। इस अधिकार की रक्षा करना सरकार और चुनाव आयोग - दोनों की जिम्मेदारी है।

डबल इंजन की रफ्तार के दावे बहुत हुए - पहले यह बताइए कि नागरिकों का वोट सुरक्षित क्यों नहीं है।

आखिर यह माजरा क्या है ?


सवाल यह भी है कि क्या भाजपा को अब अपने ही चुनावी तंत्र और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भरोसा नहीं रह गया है? जिस एसआईआर को भाजपा लोकतंत्र और मतदाता सूची की शुचिता के लिए जरूरी बता रही थी, जिस प्रक्रिया का बचाव करने के लिए भाजपा पूरी ताकत लगा रही थी, उसी प्रक्रिया के आंकड़ों को मुख्यमंत्री भाजपा के खिलाफ साजिश बताने लगे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि "क्या योगी आदित्यनाथ को 2027 में भाजपा की हार का डर सताने लगा है? एसआईआर पर सवाल उठाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभावित हार का ठीकरा किस पर फोड़ने की तैयारी कर रहे हैं? क्या वे संभावित हार की जिम्मेदारी से बचने के लिए अभी से चुनाव आयोग और एसआईआर को ढाल बनाने की तैयारी कर रहे हैं? या या इस बहाने ध्रुवीकरण कर रहे है।

फिलहाल इतना तो साफ है कि एसआईआर को लेकर भाजपा के भीतर से आ रहे इस तरह के बयानों ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है। राजनीति में समय से पहले हार का ठीकरा फोड़ने की तैयारी अक्सर आने वाले संकट का संकेत होती है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ भाजपा के भीतर राजनीतिक खींचतान और सत्ता की उत्तराधिकार संबंधी चर्चाएं भी जारी हैं। ऐसे में योगी आदित्यनाथ का यह बयान महज एक राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि इसके पीछे कई राजनीतिक आशंकाएं और समीकरण छिपे हो सकते हैं।

लगता है कि 2027 की राजनीतिक लड़ाई के दरवाजे पर खड़ी चुनौतियां अब मुख्यमंत्री को भी दिखाई देने लगी हैं। और शायद इसी वजह से उन्हें अभी से अपने राजनीतिक भविष्य और कुर्सी की चिंता सताने लगी है।


विडिओ साभार Youtube । Fair Use नीति लागू। सभी विडिओ 'पब्लिक डोमेन' में उपलब्ध। उपयोग में लिए गए 'थर्ड पार्टी मटीरीअल' का स्वामित्व उनके स्वामियों का सुरक्षित। किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में न्यायायिक क्षेत्र कोलकाता।
मूल आलेख नवाबउद्दीन, साथ में प्रस्तुतीकरण सहयोगी टीम वाम की आवाज।

क्या यह लेख उपयोगी था?

टिप्पणियाँ

0

अपनी राय साझा करें

टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...

उप्र: आखिर यह माजरा क्या है ?

प्रकाशित: 12 नवंबर 2026 • 14 मिनट पठन

वाम की आवाज़|जन समाचार मंच
विज्ञापन

शेयर करें

सबसे ज्यादा पढ़ी गईं

1

पबं: जब कॉलेज स्ट्रीट में किताबों से टकराई सत्ता !

407 क्लिक

2

'लेफ्ट फॉर फ्यूचर' - बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का एक आधुनिक मॉडल - केशव भट्टड़

381 क्लिक

3

‘अपने घेरे से बाहर: विचारों की रचनात्मक दुनिया के साथ’ - मोहम्मद सलीम

372 क्लिक

4

'उत्तम कुमार': एक नक्षत्र का अस्त हो जाना ~ 'सत्यजीत राय'

352 क्लिक

5

नीट पेपर लीक कांड : केंद्र सरकार की गंभीरता पर '?' है। - केशव भट्टड़

340 क्लिक

विज्ञापन

संसाधन

शहीद ए आजम भगत सिंह के विचार - संकलनकर्ता श्रेया जायसवाल (PDF)

'तुम्हारी क्षय' - राहुल सांकृत्यायन (PDF)

वियतनाम: संघर्ष की एक ओजस्वी प्रेरणा - बुद्धदेव भट्टाचार्य (Link)

वियतनाम: संघर्ष की एक ओजस्वी प्रेरणा - बुद्धदेव भट्टाचार्य (PDF)

सीपीआई (एम) पश्चिम बंगाल की वेब साइट (बांग्ला) (Link)

भाजपा क्यों है जनता की दुश्मन ? (PDF)

द लेफ्ट व्यूज - द पीपल्स लेंस (अंग्रेजी) (Link)

क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल की आत्मकथा (PDF)

पुरानी फिल्मों में होता था संदेश - सीताराम येचुरी (Link)

मैं नास्तिक क्यों हूँ ? - शहीद-ए-आजम भगतसिंह (PDF)

वाममोर्चा घोषणापत्र। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 (PDF)

मार्क्सवादी पथ पत्रिका (बांग्ला) (Link)

अभियान कैलेंडर

कोई आगामी ईवेंट नहीं

जुड़े रहने के लिए

रोज़ शाम 7 बजे प्रमुख खबरें सीधे आपके ईमेल पर।

सदस्यता लें
इस लेखक से और
सभी देखें →
ब्लॉग

उप्र: चुनाव आयोग में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश को शामिल करने की मांग

संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की सड़कों पर एक ही नारा गूंजा—“संविधान पर हमला नहीं सहेंगे”, “संविधान की रक्षा हम करेंगे”। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीआईएम) सहित विभिन्न सामाजिक, नागरिक, जन एवं वर्गीय संगठनों ने प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर संगठनों ने एक स्वर में एसआईआर रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश को शामिल करने की मांग की।

कुछ घंटे पहले

राष्ट्रीय

मुनाफा उनका, बेरोजगारी किसके हिस्से ?

विकास का दावा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ श्रमिकों और युवाओं तक पहुंचे। सरकार ने कॉरपोरेट घरानों को टैक्स छूट, सब्सिडी और तमाम रियायतें दीं, लेकिन बदले में रोजगार और बेहतर वेतन की गारंटी नहीं मिली। सार्वजनिक क्षेत्र को कमजोर किया गया और निजी क्षेत्र में ठेकेदारी, अस्थायी नियुक्तियों तथा कम वेतन का चलन बढ़ा। अब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री उद्योगपतियों से रोजगार सृजन की अपील कर रहे हैं। सवाल है कि जब आर्थिक नीतियों का केंद्र कॉरपोरेट मुनाफा होगा, तो आम जनता के लिए रोजगार और खुशहाली कैसे सुनिश्चित होगी? क्या विकास का मतलब सिर्फ कॉरपोरेट की तिजोरी भरना है?

25 नवंबर 2026

जनसंघर्ष

17 नवंबर: सच्चर रिपोर्ट से एसआईआर तक, बदलता मुस्लिम सवाल

17 नवंबर 2006 को सच्चर कमेटी की रिपोर्ट ने पिछड़ेपन का सच सामने रखा था, आज एसआईआर नागरिकता और मताधिकार पर सवाल खड़े कर रहा है। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट ने भारतीय मुसलमानों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति की गंभीर तस्वीर देश के सामने रखी थी। दो दशक बाद भी शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मोर्चे पर बड़ी चुनौतियाँ बनी हुई हैं। इस बीच बुलडोजर कार्रवाई, धार्मिक पहचान को लेकर विवाद और एसआईआर जैसी प्रक्रियाओं ने मुस्लिम समुदाय की असुरक्षा बढ़ाई है। मतदाता सूची से नाम हटने और नागरिकता पर सवाल उठने का मुद्दा अब लोकतांत्रिक अधिकारों के केंद्र में है। यह आलेख इन बीस वर्षों के बदलावों के जरिए शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय, समान नागरिकता और भारतीय लोकतंत्र की मौजूदा स्थिति की पड़ताल करता है।

16 नवंबर 2026

और पढ़ें
सभी देखें →
विश्लेषण

नीट पेपर लीक कांड : केंद्र सरकार की गंभीरता पर '?' है। - केशव भट्टड़

किसी भी बड़े घोटाले में अपराधी भले ही व्यक्ति हों, व्यक्तियों का समूह हो, लेकिन "छात्रों का भरोसा टूटना" सरकार की बड़ी असफलता है। सरकार केवल जांच तक सीमित न रहकर, पूरी चयन और सुरक्षा प्रक्रिया का 'रूट कैनाल ट्रीटमेंट' (जड़ से सफाई) करे। यह करना जरूरी है। किसी भी परीक्षा पेपर का लीक होना मतलब सरकारी सुरक्षा को भेद कर परीक्षा पेपर की बिक्री करने वाले गिरोह उसे सही समय पर उड़ा लेते हैं और मुंह-मांगी कीमत पर आगे बेच देते हैं। नीट पेपर का लीक होना सरकार के काम-काज की गंभीरता पर सीधा सवालिया निशान (?) है।

केशव कुमार भट्टड़ • 16 मई 2026

विश्लेषण

ट्रंप की हार, राहत और चुनौतियाँ ~ शांतनु दे ~

हालिया अमरीकी मध्यावधि चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पार्टी की ऐतिहासिक हार ने वैश्विक राजनीति में उथल-पुथल मचा दी है। सीनेट और प्रतिनिधि सभा पर से रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण छिन जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि आम अवाम उग्र दक्षिणपंथी और कॉरपोरेट-परस्त नीतियों से पूरी तरह तंग आ चुकी है। हालांकि, अमरीकी राज्य का पूंजीवादी चरित्र जस का तस है, लेकिन युवा पीढ़ी (जेन-जी) का समाजवाद की ओर बढ़ता रुझान एक बड़ी वैचारिक बदलाव की आहट है। ऐसे में, पारंपरिक नेताओं के बजाय बर्नी सैंडर्स और ओकासियो कोर्टेज जैसे प्रगतिशील चेहरों के साथ-साथ सड़कों पर संघर्षरत जन-आंदोलन ही दुनिया के भविष्य की असली दिशा तय करेंगे।

केशव कुमार भट्टड़ • 06 नवंबर 2026

विश्लेषण

जंतर-मंतर जेन-जी दमन : कॉरपोरेट-सत्ता गठजोड़ का बर्बर चेहरा। ~ केशव भट्टड़

"दबाओगे बर्बरता से जितनी आवाजें, गूँजेगी उतनी ही दूर तक इंकलाब की पुकार।"। नीट (NEET) परीक्षा धांधली और शिक्षा के बाज़ारीकरण के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहा छात्रों-युवाओं का अहिंसक आंदोलन राज्य सत्ता के सीधे निशाने पर आ गया। सरकार ने फर्जी साजिशें रचकर, संचार बंद कर और बेलगाम पुलिसिया बल प्रयोग से बतर्ज 'जलियाँवाला बाग़' हजारों प्रदर्शनकारी युवाओं को घेर कर बर्बरता से पीटा और आंदोलन को दबंगता से दबाने की कोशिश की, गोदी मीडिया की चुप्पी के बीच स्वतंत्र पत्रकारों पर सत्ता प्रायोजित हमले हुए, और प्रतिक्रिया में 'जंतर-मंतर जेन-जी दमन' से आक्रोशित छात्रों का यह आंदोलन देशभर में फैल गया। तब ब्रिटिश राज के दौरान जलियाँवाला बाग़ में अंधाधुंध गोलियाँ दागी गई थी, अब बीजेपी राज में जंतर-मंतर जेन-जी दमन के दौरान कील लगी लाठियाँ, आँसू गैस, वाटर कैनन, शॉक बेटन, पेलेट गन के साथ-साथ लात-बूटों,थप्पडें और भद्दी गालियाँ दागी गई हैं। तब देश गुलाम था, अब देश आजाद है, दुनियाँ का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। तब भी भारत डोला था, अब भी भारत डोला है। तब तारीख थी 13 अप्रैल 1919, अब तारीख थी 20 जुलाई 2026। और शाम होते-होते छात्रों-युवाओं ने जंतर-मंतर पर वापस कब्ज़ा कर यह साबित कर दिया कि कॉर्पोरेटऔर सत्ता गठजोड़ की बर्बरता से विचारों और क्रांति को दबाया नहीं जा सकता। बुरी तरह पुलिस और अर्धसैनिक बलों से मार खाकर भी बंद मुट्ठी तनकर उठी हुई थी। युवा भारत के इस जोश-जुनून-जज्बे को सलाम।

केशव कुमार भट्टड़ • 27 जुलाई 2026

वाम की आवाज़ लोगो
वाम की आवाज़

अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ, न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !

मुख्य पन्ने
जानकारी
हमारे बारे में
संपादकीय नीति
सुधार नीति
गोपनीयता नीति
संपर्क करें
आर्काइव
अभियान कैलेंडर आर्काइव
© 2026 वाम की आवाज़ — जन संघर्ष का डिजिटल पुरालेखMade for the Movement