साहित्य में नये जनवादी मोर्चे की आवश्यकता
गजानन माधव मुक्तिबोध

यह निश्चित रूप से मानना होगा कि जिस प्रकार एक और जनता की नवीन उग्र शक्तियाँ, राजनैतिक वायुमण्डल में हलचल उत्पन्न करती हुई, देश को एक नये परिवर्तन की तरफ़ खींच रही हैं, उसी प्रकार, दूसरी ओर, गहरी राजनैतिक आत्मचेतना से युक्त होकर नये-नये क्षेत्रों की जनता और जनता के नये-नये तबके अपने भाग्य निर्माण और जीवन-निर्माण के लिए दिन-रात छटपटा रहे हैं। इन्सानियत की जायज मांगों, तक़ाजों और दावों की सिफारिश और वकालत करती हुई, ये जनवादी ताकतें अन्यायपूर्ण व्यवस्थाओं के खिलाफ संघर्ष कर रही हैं। खेत-मजदूर, गरीब किसान, प्राथमिक शिक्षक, जनपद द्वारा लगाये गये करों के बोझ से चूर दरिद्र ग्रामवासी, पटवारी, रिक्शा मजदूर, गाड़ीवान, बिक्री-करों से ग्रस्त ग़रीब दुकानदार - आज सभी शोषण के खिलाफ़ न सिर्फ सिर्फ आवाज लगा रहे हैं, वरन् उससे मुक्ति पाने के कार्य में संलग्न दिखायी देते हैं। हमारे क़स्बे और छोटे-छोटे गाँव भी इस राजनैतिक चेतना के केन्द्र बन गये हैं और प्रान्त के समाचार-पत्र इन केन्द्रों की हलचलों से भरे रहते हैं।
इन छोटे-छोटे केन्द्रों के शिक्षा प्राप्त मध्यवर्ग में, अलावा राजनैतिक कार्य के, एक दूसरे प्रकार की गतिविधि भी दृष्टिगोचर होती है। वह है साहित्यिक कार्य । यह असन्दिग्ध रूप से कहा जा सकता है कि
जिस प्रकार आज समाज में शोषक और शोषित वर्ग की विभाजन-रेखा गहरी खाई की भाँति एक-दूसरे को पृथक् करती है, उसी प्रकार शोषकों से सम्बद्ध सत्ताधारियों का वर्ग और उनके खिलाफ़ जनता के बीच की विभाजन रेखा हमारे छोटे-छोटे राजनैतिक केन्द्रों, यानी गाँवों और क़स्बों में भी स्पष्ट हो गयी है। वहाँ भी दो प्रकार के दल हो गये हैं। एक वह, जो शोषकों से सम्बद्ध भ्रष्टाचार-पूर्ण तिकड़मी सत्ताधारी वर्ग का समर्थन करता है; दूसरा वह, जो इनके ख़िलाफ़ आवाज लगाने से लगाकर उससे मुक्ति पाने के कार्य में संलग्न रहता है।

इस पार्श्वभूमि को ध्यान में रख, हमें छोटे-छोटे केन्द्रों की साहित्यिक मण्डलियों का लेखा-जोखा तैयार करना होगा। इस पार्श्वभूमि का महत्त्व और भी गहरा इसलिए हो जाता है कि अन्य हिन्दीभाषा-भाषी प्रान्तों की तुलना में यहाँ के साहित्यिक, राजनीति के न केवल अधिक समीप हैं, वरन् निन्यानवे प्रति-शत किसी-न-किसी तरह उससे सम्बद्ध भी हैं। स्पष्ट है कि जिस प्रकार समाज में दो वर्ग दिखायी देते हैं, उसी प्रकार साहित्यिकों में भी दो दल हैं। एक, जो सत्ताधारियों के समर्थक या उन समर्थकों के पिछलगुए हैं अथवा निजी व्यक्तिगत पदोन्नति के लिए उनके साथ रहते हैं; और दूसरे वे, जो इनके विरोधी अथवा विरोधियों से सहानुभूति रखते हुए जनता के अधिक समीप हैं और जनता की माँगों का समर्थन करते हैं। छोटे-छोटे केन्द्रों से लगाकर बड़े-बड़े शहरों के राजनैतिक-साहित्यिक जीवन में, ये दो दल स्पष्ट असष्ट रूप से कार्य करते हुए दिखायी देते हैं।
किन्तु जनता के समर्थक साहित्यिकों में, चाहे वे गाँव के हों या शहर के - अभी तक साहित्यिक कर्त्तव्य-भावना जाग्रत और ज्वलन्त नहीं हो सकी है। इसका प्रमाण है। एक व्यक्ति जो साहित्यिक भी है, राजनीतिज्ञ और सम्पादक भी, वह विरोधी दल में है। तारीफ़ यह कि वह नौजवान है और अपने अखबार में जनता की आवाज को बुलन्द करता है, भ्रष्टाचारियों और सत्ताधारियों का पर्दा-फ़ाश करता रहता है। किन्तु यदि आप उसके साहित्य की ओर देखें तो पता चलेगा कि उसमें और उसके विरोधी साहित्यिकों के साहित्य में कोई अन्तर नहीं ।
एक तथाकथित माहित्यिक पत्रकार लिखते हैं कि राजनीति कोलाहल-भरी दुनिया की चीज़ है, किन्तु साहित्य एकान्त-साधना है। किन्तु यदि ऐसा होता तो ये साहित्य-सेवी गोष्ठियों में, सम्मेलनों में, मण्डलियों में और अपनी बैठक में, उठते-बैठते कविताएँ न सुनते। 'साहित्य एकान्त-साधना है', यह नारा उन लोगों का है जो साहित्य के माध्यम द्वारा समाज में जनता की आवाज के प्रसार को रोकना चाहते हैं। मत्ताधारियों के विरोधी, जनता के समर्थक साहित्यिक अभी तक उन्हीं मिद्धान्तों और घोष-वाक्यों को दुहरा रहे हैं जो शोषकों के सत्ताधारी समर्थक साहित्यिक-राजनैतिक नेता मुफ्त पायी हुई डिग्रियों से अलंकृत होकर समय-असमय दुहराया करते हैं। क्या ही आश्चर्य की बात है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ़, शोषण के ख़िलाफ़, जनता की आवाज बुलन्द करनेवाले साहित्यिक लोग जगदलपुर साहित्य सम्मेलन में (भले ही अपने गुट के आधार पर विरोध प्रदर्शन करें, किन्तु वे) नये साहित्यिक नारों को लेकर वहाँ जनता की आवाज बुलन्द न कर सके। प्रतीत होता है, उनमें नवीन साहित्यिक प्रेरणा का अभाव है।
जो लोग, एक ओर, कुशल राजनीतिज्ञ की तरह से बोलते हैं, तो, दूसरी ओर, साहित्य को रस बरसानेवाली कोई अनुपम वस्तु कहकर, उसे 'एकान्त-साधना' के कटघरे में बन्द करते हुए, साहित्य-गोष्ठियों और मजलिसों में उसके गुप्त मर्मों का मजा लूटते दिखायी देते हैं, वे जाने-अनजाने न केवल अपने ऐतिहासिक युग-कर्त्तव्यों से च्युत होते हैं, न केवल स्वयं प्रतिक्रिया के जाल में फंसकर गतिहीन हो गये हैं, वरन् वे उन घोर प्रतिक्रिया [वादियों] के हाथ मजबूत कर रहे हैं, जो एक ओर, भारतीय संस्कृति के नाम पर, राष्ट्रवाद के नाम पर, लोकोन्मुख साहित्य के विरुद्ध जनता का बहिष्कार किये बैठे हैं, तो दूसरी ओर, राजनीतिक तथा साहित्यिक शासन-स्थानों पर अधिकार करके, वर्तमान साहित्यिक गतिरोध को जन्म देकर, जीवन की गति कुण्ठित किये बैठे हैं।
उदाहरणतः, मा. मिश्रजी को लीजिए। मन्त्री जी ने आज तक सिवाय कृष्णायन के अपनी जिन्दगी में एक भी कविता नहीं लिखी, किन्तु महाकाव्य लिख डाला। मिश्रजी के उपकार के बोझ से लदे हुए उनके रखैल कवियों और आलोचकों ने-जैसे, उदाहरण के लिए, प्रसिद्ध अवसरवादी कवि 'अंचल' और पुराने प्रतिभाहीन आलोचकविनय मोहन शर्मा ने लम्बी-लम्बी आलोचनाएँ लिखीं। विरोधी क्षेत्रों से यह नारा उठाया गया कि वह पुस्तक मिथ-कृत है ही नहीं। चाहिए यह था कि विरोधी आलोचकगण कृष्ण को नये जनवादी आदशों से न्यस्त करने के आग्रह के आधार पर, कृष्णायन के कृष्ण का पर्दाफाश करते हुए, मिश्रजी के साहित्यिक प्रतिक्रियावाद का रहस्योद्घाटन करते। किन्तु विरोधी-समुदाय तो स्वयं उन्हीं नारों, उन्हीं पुरानी प्रेरणाओं से ग्रस्त होकर जाने-अनजाने साहित्य में जनता की आवाज कुण्ठित किये बैठा है। तुलसी के राम का आदर्श चाहे जितना ऊँचा हो, वह हमारे युग के महाकाव्य का यदि प्रधान नायक होना चाहता है, तो प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से उसे जनवादी आदर्शों से प्रेरित होना होगा। तभी वह महाकाव्य हमारे युग का प्रतिनिधि हो सकेगा। यही चीज कृष्णायन के बारे में भी सही है। किन्तु इस प्रकार की उसकी आलोचना न हो पायी। प्रान्त के जनवादी नेता अपने साहित्य में सच्ची जिन्दगी की तसवीर न उतारते हुए प्रेम के आध्यात्मी-करण की गलियों से पुराने छायावादी मन्दिर में फूल-बेल चढ़ाने जाते हैं। क्या आश्चर्य कि, एक ओर, जब हिन्दुस्तान जन-विरोधी प्रतिक्रियावाद का अड्डा बन रहा है, तो दूसरी ओर, भुखमरी और अत्याचार की परछाइयों में संवलाये मध्यवर्ग की आध्यात्मिकता उधार किये हुए भावों के छायावादी मरुस्थल में पथ-भ्रष्ट हो गयी है।
यह देखकर कि छोटे-छोटे केन्द्रों में भी साहित्य-गोष्ठियाँ स्थापित हो रही हैं, और मात्र प्रेम-गीतों की अन्यायी बहार और दकियानूसी खयालों के जीवन-विरोधी, जन-जीवन-विरोधी उभार में खो रही है, आवश्यकता प्रतीत होती है कि मध्यप्रदेश में नये साहित्यिक नेतृत्व का जन्म हो ।
इस प्रान्त में मौलिक जीवनदर्शी साहित्यिक प्रतिभाओं की कमी नहीं है, किन्तु सही नेतृत्व और प्रेरणा के अभाव में कोई व्यौहार राजेन्द्रसिह की छाया में महत्त्व-पूर्ण बनना चाहता है, तो कोई सेठ गोविन्द्रदास का चरण-चुम्बन करके। कोई मिश्रजी के पैर सहला रहा है, तो दूसरा पैर सहलानेवाले के हाथ दाव रहा है। गोया, हरेक साहित्यिक एक संरक्षक, एक पैट्रन, चाहता है।
परिणाम यह होता है कि साहित्यिक क्षेत्रों में जिन लोगों के नाम प्रधान रूप से आते हैं (कुछ अपवादों को छोड़कर), उनमें से क़रीब-करीब सभी लोग उन्हीं तथाकथित साहित्यिक नेताओं जैसे, पं. रविशंकर शुक्ल, पं. द्वारिकाप्रसाद मिश्र, व्यौहार राजेन्द्रसिह, इत्यादि-इत्यादि के पथानुयायी होते हैं। मध्यप्रदेश के साहित्यिक ह्रास का बहुत बड़ा कारण यह है। प्रहरी साप्ताहिक ने प्रान्त के साहित्यिकों की आलोचना छापी है। उनमें से कितने जनवादी साहित्यिक हैं ? सूक्ष्म दृष्टि से देखने पर स्वयं प्रहरी ने श्रेष्ठ जनवादी साहित्य (कविताएँ भी) प्रकाशित की हैं। निस्सन्देह इस नवीन परम्परा का विकास अत्यन्त आवश्यक है।

थोड़ा-बहुत ही सही, जनवादी साहित्य-सृजन करनेवाले लोग मध्यप्रदेश में काफ़ी हैं। उनमें से प्रधान हैं, पं. भवानीप्रसाद मिश्र, पं. सत्यनारायण तिवारी, ज्योतिर्मय, श्री के. के. श्रीवास्तव, श्री रामकृष्ण श्रीवास्तव, नं. रामेश्वर गुरु, श्री. गोविन्द व्यास, श्री हरिशंकर परसाई, स्वामी कृष्णानन्द सोख्ता, इत्यादि । (बहुतों के नाम मुझे याद नहीं आ रहे हैं, क्षमा चाहता हूँ)। आवश्यकता इस बात की है कि अधिक जागरूक और सच्चे होकर हम, प्रतिक्रियावादी-अवसरवादी साहित्यिकों और उनकी परछाईं में पलनेवाले अनुयायियों का पर्दाफ़ाश करते हुए, नवीन जनवादी साहित्यिक सिद्धान्तों और नारों को जन्म देकर, मध्यप्रदेश में नवीन जनवादी सांस्कृतिक परम्परा को जन्म दें। और उसके लिए लगातार आन्दोलन करते रहें, उसका प्रचार करते रहें। यदि ऐसा न करेंगे, तो साहित्यिक ठगों, गलकटों, लाल-बुझक्कड़ों, तथा इनका अनुगमन करनेवाले निर्बुद्धि-जनों और इन सबके उस्तादों और सरदारों के हवाले हमारे प्रान्त का साहित्यिक भाग्य लगाकर, हम स्वयं साहित्य-गतिरोध के जन-विरोधी कार्य के पातक के भागी बनेंगे ।
प्रान्तीय साहित्य-सम्मेलन में विरोधी गुट बनाकर प्रतिक्रिया वादियों को पराजित नहीं किया जा सकता। यह असम्भव है। उनके पास अपरिमित साधन हैं। अतः यह आवश्यक है कि जनवादी साहित्यिक परम्पराओं का समर्थन और उसका आन्दोलन करनेवाली नयी प्रान्तव्यापी साहित्यिक संस्था को जन्म दिया जाय और उसको समुन्नत करने की चेष्टा की जाय।
जनवादी धारा के विरोधी बहुत हैं। जब तक कि साहित्य-सूजन, साहित्य-सिद्धान्त, तथा उसका प्रचार- इन सब क्षेत्रों में प्रतिक्रियावादियों के खिलाफ़ संघर्ष और मोर्चेबन्दी न की जायगी, तब तक नयी धारा का विकास, नहीं हो सकता । किन्तु जिन्दगी का तक़ाज़ा है कि उसका विकास हो। वह एक ऐतिहासिक अनिवार्यता है जो लाखों विरोधों के बावजूद होकर ही रहेगी। सवाल यह है कि हम उस अग्नि-प्रक्रिया में अपना हाथ कहाँ तक और कितना बँटाते हैं।
.
.
[नया खून, दीपावली विशेषांक 1950 में अग्निमित्त मालवीय के नाम से प्रकाशित]
-----------------------------------------
(मुक्तिबोध रचनावली,भाग-5 से ली गयी है। संपादक - नेमिचन्द्र जैन)
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...