सत्ता का रास्ता गांवों से होकर गुजरता है
राजस्थान के पंचायत चुनावों ने एक बार फिर साबित किया है कि लोकतंत्र की असली परीक्षा गांवों में होती है। सत्ता के बड़े-बड़े दावे तब कमजोर पड़ जाते हैं, जब किसान अपनी फसल के दाम, मजदूर अपने रोजगार और ग्रामीण परिवार पानी, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करते रहते हैं। बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस को मिली बढ़त ग्रामीण असंतोष का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत है। जनता की अपेक्षा है कि उसकी जिंदगी बदले, खेती लाभकारी बने, रोजगार मिले और पंचायतों को वास्तविक अधिकार हासिल हों।
सीपीआई(एम) को मिली 57 सीटें महत्वपूर्ण हैं। ये सीटें उन इलाकों में वामपंथी राजनीति की मौजूदगी को रेखांकित करती हैं, जहां किसान-मजदूरों के सवालों पर लंबे समय से संघर्ष होते रहे हैं। लेकिन चुनावी सफलता को स्थायी जनाधार में बदलने के लिए इन संघर्षों को और व्यापक बनाना होगा। वामपंथ के सामने चुनौती है कि वह पंचायतों को ठेकेदारों और राजनीतिक वर्चस्व से मुक्त कर किसानों, मजदूरों, महिलाओं, दलितों और आदिवासियों की भागीदारी वाली लोकतांत्रिक संस्थाएं बनाने की लड़ाई तेज करे। -वाम की आवाज
राजस्थान के पंचायत चुनाव में
बीजेपी को ग्रामीण जनता का करारा झटका
कांग्रेस की विराट बढ़त,
सीपीआई(एम) ने जीतीं 57 सीटें;
किसान-मजदूर संघर्षों की जमीन पर वामपंथ की मौजूदगी भी महत्वपूर्ण
जयपुर, 21 नवंबर 2026। राजस्थान के पंचायत चुनावों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। ग्रामीण राजस्थान के मतदाताओं ने पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों में कांग्रेस को बीजेपी से काफी आगे पहुंचा दिया है। इन चुनावों का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि सीपीआई(एम) ने पंचायत समिति और जिला परिषद मिलाकर 57 सीटों पर जीत हासिल की है। इससे साफ है कि ग्रामीण राजस्थान में किसान-मजदूर आंदोलनों से जुड़ी वामपंथी राजनीति की जमीन मौजूद है।
20 नवंबर की रात तक उपलब्ध राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 37 जिलों में 7,520 पंचायत समिति सीटों और 1,272 जिला परिषद सीटों के नतीजे सामने आ चुके थे। श्रीगंगानगर, कोटा, बारां और करौली की 4 जिला परिषदों (128 वार्ड) और 38 पंचायत समितियों (702 वार्ड) की मतगणना 17 दिसंबर 2026 को होगी। इसलिए ये आंकड़े उपलब्ध परिणामों के आधार पर अंतरिम हैं, अंतिम राज्यव्यापी परिणाम नहीं। आगे 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख और 27 नवंबर के प्रधान चुनाव पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
राजस्थान त्रिस्तरीय पंचायती व्यवस्था में कुल 14,403 ग्राम पंचायतो में 1,30,589 वार्ड (पंच) , 457 पंचायत समितियों के 8,245 वार्ड हैं और 41 जिला परिषदों के 1,403 वार्ड हैं। परिसीमन और 8 नए जिलों के गठन के बाद 2020-21 के चुनावों की तुलना में 2026 में जिला परिषद के 389 वार्ड और पंचायत समिति के 1,250 वार्ड बढ़े हैं। महिलाओं के लिए 50% सीटें आरक्षित हैं उनमें सामान्य वर्ग लगभग 50% और जनसंख्या के अनुपात में ST, SC और OBC वर्ग (अधिकतम 21%) लगभग 50% है।
कांग्रेस ने बीजेपी को काफी पीछे छोड़ा
20 नवंबर रात 10 बजे के बाद उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस ने 3,758 सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी को 2,213 सीटें मिलीं। आरएलपी को 497, बीएपी को 278, निर्दलीय उम्मीदवारों को 662, बीएसपी को 60 और सीपीआई(एम) को 50 सीटें मिलीं। आम आदमी पार्टी के खाते में दो सीटें आईं।
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 794 सीटें और बीजेपी ने 357 सीटें जीतीं। आरएलपी को 51, बीएपी को 43, निर्दलीय उम्मीदवारों को 13, बीएसपी को छह और सीपीआई(एम) को सात सीटें मिलीं। इस तरह उपलब्ध आंकड़ों में कांग्रेस को पंचायत समिति और जिला परिषद मिलाकर 4,552 सीटें मिली हैं, जबकि बीजेपी को 2,570 सीटें मिली हैं।
पंचायत समिति के चुनाव में कांग्रेस 37 में से 33 जिलों में बीजेपी से आगे रही। जिला परिषद के मामले में कांग्रेस 28 जिलों में आगे थी, बीजेपी सात जिलों में और दो जिलों में दोनों बराबरी पर थे।

सीपीआई(एम) की 57 सीटें, जिला परिषद में सात जीत का आंकड़ा
राजस्थान के पंचायत चुनावों में सीपीआई(एम) ने उपलब्ध पार्टीवार परिणामों के अनुसार पंचायत समिति की 50 और जिला परिषद की सात सीटें हासिल की हैं। इस तरह पार्टी की कुल उपलब्ध सीटें 57 हैं। 2026 के पंचायती राज चुनावों में माकपा (CPI-M) ने कुल 12 जिलों में अपने प्रत्याशी उतारे थे। घोषित हो चुके 37 जिलों की पंचायत समितियों में पार्टी ने कुल 317 वार्डों पर चुनाव लड़ा, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति मिलाकर राज्यभर में पार्टी के कुल 399 उम्मीदवार मैदान में थे।
हनुमानगढ़ में मंजू देवी (वार्ड 11), सुमन (वार्ड 13), सुनीता (वार्ड 15) और रानी देवी (वार्ड 31) ने जीत दर्ज की। चूरू (वार्ड 36) से सुमन देवी और सीकर (वार्ड 20) से सुभाष नेहरा विजयी हुए। बीकानेर (वार्ड 41) से परमेश्वरी ने जीत दर्ज की है।
इन परिणामों में वामपंथी राजनीति की मौजूदगी हनुमानगढ़ में मजबूत और शेखावाटी क्षेत्र में खास तौर पर दिखाई देती है।
हनुमानगढ़ में ऐतिहासिक बढ़त: पिछले चुनाव (2020) की तुलना में हनुमानगढ़ में माकपा का प्रदर्शन दोगुना हुआ है। जिला परिषद में पार्टी 2 सीटों से बढ़कर 4 सीटों पर पहुँच गई है, और पंचायत समितियों में 36 वार्ड जीतकर 2 समितियों (भादरा व राजपुरा) में अपने दम पर प्रधान बनाने की स्थिति में है।
शेखावाटी में वापसी के संकेत: पिछले चुनाव (2020) में सीकर और चूरू दोनों जिला परिषदों में माकपा का खाता नहीं खुला था, लेकिन 2026 में पार्टी ने दोनों जिलों में 1-1 जिला परिषद सीट जीती है।
किसान आंदोलन, सिंचाई के पानी, बिजली, फसल के उचित दाम और ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों से जुड़े संघर्षों ने इन क्षेत्रों में वामपंथी राजनीति को आधार दिया है।
पिछले चुनाव (2020-21) में बीकानेर जिला परिषद में माकपा का खाता भी नहीं खुल सका था, लेकिन 2026 के पंचायत चुनाव में माकपा ने वापसी करते हुए 1 जिला परिषद सीट और 3 पंचायत समिति सीटों पर जीत दर्ज की है। चार जिलों में मतगणना स्थगित होने के कारण ये आंकड़े 20-21 नवंबर 2026 तक के अंतरिम परिणाम हैं। 17 दिसंबर 2026 को शेष 4 जिलों के 128 वार्ड (4 जिला परिषदें) 702 वार्ड (38 पंचायत समितियाँ) और चारों जिलों में ग्राम पंचायतों के चुनाव प्रस्तावित हैं। श्रीगंगानागर के परिणाम माकपा को मजबूती देंगे।
समग्र मूल्यांकन:
राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा / CPI-M) ने अपनी पारंपरिक स्थानीय पकड़ को न केवल बचाए रखा है, बल्कि पिछले चुनाव (2020-21) की तुलना में अपनी सीटों की संख्या में सुधार भी किया है।
मजबूती: माकपा ने 2020 के मुकाबले अपनी कुल पंचायत समिति सीटों को लगभग दोगुना (50 सीटें) किया है और दो पंचायत समितियों (भादरा व राजपुरा, दोनों हनुमानगढ़) में अपना प्रधान बनाने की स्थिति हासिल की है। इसके अलावा, बीकानेर की श्रीडूंगरगढ़ और हनुमानगढ़ की पल्लू जैसी त्रिशंकु पंचायत समितियों में माकपा के पास 'किंगमेकर' की भूमिका निभाने का अवसर है।
चुनौतियाँ: पार्टी का जनाधार पूरे राजस्थान में फैलने के बजाय पॉकेट्स (Pocket Influence) तक सीमित है। राज्य की 37 घोषित जिला परिषदों में से 33 जिलों में पार्टी का खाता तक नहीं खुल सका।
आगामी संभावनाएं: माकपा के सबसे पुराने और मजबूत गढ़ श्रीगंगानगर जिले (जहाँ 2020 में पार्टी ने 2 जिला परिषद सीटें जीती थीं) की मतगणना 17 दिसंबर 2026 को होनी है। वहां के नतीजे आने के बाद ही माकपा के 2026 के प्रदर्शन का अंतिम और पूर्ण मूल्यांकन हो सकेगा।

क्षेत्रीय पार्टियों और निर्दलीयों ने भी दिखाई ताकत
राजस्थान के पंचायत चुनावों में आरएलपी और बीएपी का प्रदर्शन भी महत्वपूर्ण है। हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने (आरएलपी) पंचायत समिति की 497 और जिला परिषद की 51 सीटें जीतीं। भारत आदिवासी पार्टी ने पंचायत समिति की 278 और जिला परिषद की 43 सीटों पर जीत हासिल की। निर्दलीय उम्मीदवारों ने पंचायत समिति की 662 और जिला परिषद की 13 सीटें जीतीं।
नागौर जिला परिषद में आरएलपी ने 37 में से 19 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी इलाकों में बीएपी ने अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत की।
इन नतीजों से पता चलता है कि राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में स्थानीय मुद्दों, क्षेत्रीय पहचान, किसान आंदोलनों और आदिवासी अधिकारों से जुड़ी ताकतों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बीजेपी के लिए ग्रामीण इलाकों से चेतावनी
बीजेपी ने हाल में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया था। लेकिन पंचायत चुनावों में उसका पिछड़ना बताता है कि शहरी और ग्रामीण मतदाताओं का राजनीतिक मिजाज एक जैसा नहीं है। ग्रामीण जनता के सामने खेती की बढ़ती लागत, सिंचाई के पानी की कमी, बिजली की समस्या, बेरोजगारी, महंगाई, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा की बदहाल स्थिति जैसे सवाल हैं। इन मुद्दों पर सरकार की नीतियों और उनके वास्तविक लाभ का मूल्यांकन होना जरूरी है। केवल सरकारी योजनाओं की घोषणाओं और प्रचार से ग्रामीण जनता का भरोसा हासिल नहीं किया जा सकता।
यह चुनाव एक बुनियादी सवाल उठाता है - विकास का लाभ आखिर किसे मिल रहा है? क्या किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है? क्या खेतिहर मजदूर को सम्मानजनक मजदूरी और रोजगार मिल रहा है? क्या आदिवासी और गरीब ग्रामीण परिवारों को जमीन, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य का अधिकार मिल रहा है? इन सवालों का जवाब ही किसी सरकार की वास्तविक सफलता या असफलता तय करता है।

कांग्रेस की जीत भी अपने आप में मंजिल नहीं
कांग्रेस के लिए इन परिणामों को बीजेपी विरोधी जनादेश के रूप में देखना स्वाभाविक है। लेकिन उसे यह भी समझना होगा कि ग्रामीण जनता ने सिर्फ सत्ता परिवर्तन के लिए वोट नहीं दिया है। उसे अपनी जिंदगी में बदलाव चाहिए। कांग्रेस को किसानों, मजदूरों, गरीबों और ग्रामीण युवाओं के सवालों पर अपनी स्पष्ट नीति और कार्यक्रम सामने रखना होगा। बीजेपी की नाकामियों को गिनाना पर्याप्त नहीं होगा। उसे यह साबित करना होगा कि वह ग्रामीण जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव ला सकती है।
वामपंथी ताकतों के सामने भी चुनौती कम नहीं है। पंचायतों में मिली जीत को जनसंघर्षों से जोड़ना, ग्राम सभाओं को मजबूत करना, किसानों और मजदूरों के संगठनों का विस्तार करना तथा स्थानीय सत्ता को आम जनता के प्रति जवाबदेह बनाना जरूरी है।

चुनाव का असली संदेश
राजस्थान के पंचायत चुनावों का संदेश केवल इतना ही नहीं है कि कांग्रेस ने बीजेपी से ज्यादा सीटें जीत लीं। इसका बड़ा संदेश यह है कि ग्रामीण जनता की राजनीतिक चेतना को केवल सत्ता और विपक्ष के दो खेमों में बांटकर नहीं समझा जा सकता।
सीपीआई(एम) की 57 सीटें, आरएलपी और बीएपी का प्रदर्शन तथा निर्दलीय उम्मीदवारों की बड़ी संख्या इस बात की ओर इशारा करती है कि ग्रामीण समाज में अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक सवालों पर आधारित ताकतें मौजूद हैं। लोकतंत्र की असली ताकत तभी बढ़ेगी जब पंचायतें केवल नेताओं और ठेकेदारों का केंद्र न बनकर किसानों, मजदूरों, महिलाओं, दलितों और आदिवासियों की भागीदारी वाली संस्थाएं बनें।
राजस्थान के गांवों ने बीजेपी को चेतावनी दी है। अब चुनौती यह है कि इस जनादेश को केवल चुनावी जीत-हार तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे ग्रामीण जनता के अधिकार, सम्मान और बेहतर जीवन की लड़ाई को मजबूत करने का अवसर बनाया जाए।

अपडेट किए गए आंकड़ों का विवरण
राज्य निर्वाचन आयोग के लाइव पोर्टल से संकलित 21 नवंबर 2026 को देर रात तक 7,520 पंचायत समिति और 1,272 जिला परिषद सीटों के परिणाम उपलब्ध थे।
पार्टी पंचायत समिति (419)/ जिला परिषद (1272/1275)
कांग्रेस 3,758 / 794
बीजेपी 2,213 / 358
सीपीआई(एम) 50 / 7
आरएलपी 497 / 51
बीएपी 278 / 43
बीएसपी 60 / 6
निर्दलीय 662 /13
आप 2 / 0

अभी उपलब्ध नतीजों के आधार पर यह कहना उचित होगा कि राजस्थान पंचायत चुनाव में माकपा ने 50 पंचायत समिति सीटें जीतकर अपनी ग्रामीण राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई है। हनुमानगढ़, सीकर और चूरू में उसके उम्मीदवारों की जीत इस उपस्थिति के ठोस उदाहरण हैं। लेकिन सभी जिलों की पूरी उम्मीदवार-वार सूची और जिला परिषद के अंतिम आंकड़ों की पुष्टि होनी बाकि है ।
राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के 37 जिलों के घोषित नतीजों में माकपा (CPI-M) को 2 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि किसी भी जिला परिषद में पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ है।
श्रेणी माकपा को मिला बहुमत माकपा द्वारा जीते गए कुल वार्ड (सीटें) कुल घोषित परिणाम (37 जिले)
जिला परिषद 0 7 वार्ड 1,272 / 1,275 वार्ड (37 जिला परिषदें)
पंचायत समिति 2 50 वार्ड 7,519 / 7,543 वार्ड (419 पंचायत समितियाँ)
राज्य के कुल 41 जिलों में से 37 जिलों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को संपन्न हुई है। श्रीगंगानगर, कोटा, बारां और करौली जिलों की मतगणना 17 दिसंबर 2026 को होगी। विशेष रूप से श्रीगंगानगर में माकपा का पारंपरिक जनाधार होने के कारण अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है। यहाँ पंचायत समिति सदस्य पद के लिए माकपा के 84 उम्मीदवार मैदान में है।
दलों की स्थिति: 37 जिला परिषदों में से कांग्रेस ने 23, भाजपा ने 5 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 1 (नागौर) पर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि 8 जिला परिषदें त्रिशंकु रही हैं । 419 पंचायत समितियों में से कांग्रेस को 229, भाजपा को 51, RLP को 14 , भारत आदिवासी पार्टी (BAP) को 11, माकपा को 2 पंचायत समितियों में बहुमत मिला है। 104 में किसी दल को बहुमत नहीं मिला है। 8 पर गिनती जारी है।
स्रोत साभार : खबर के लिए संदर्भित लिंक
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 – पार्टीवार और वार्डवार पणाम - राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल से संकलित आंकड़े।
राजस्थान में ग्रामीण चुनावों में बीजेपी को झटका, वाम और क्षेत्रीय दलों की जीत - सीपीआई(एम) की जीत और किसान आंदोलनों का विश्लेषण।
The New Indian Express – कांग्रेस की बड़ी जीत - शुरुआती आधिकारिक आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट।
राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग - आधिकारिक चुनाव पोर्टल।
बांग्ला दैनिक गणशक्ति।
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...