सांप्रदायिक हिंसा के अंधेरे में रोशन मजदूरों की एकजुटता
16 अगस्त 1946: कलकत्ता का रक्तरंजित इतिहास और इंसानियत की अनसुनी मिसालें
वाम की आवाज | विशेष ऐतिहासिक फीचर
“16 अगस्त 1946, जिसे ‘प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस’ (Direct Action Day) के रूप में जाना जाता है, कलकत्ता के इतिहास के सबसे रक्तरंजित दिनों में से एक था। इसी दिन शहर में भयानक सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी, जो आगे चलकर बंगाल और भारत के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। इस हिंसा में हिन्दू और मुसलमान - दोनों समुदायों के हजारों लोग मारे गए। उपलब्ध ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, कलकत्ता में ही लगभग पाँच हजार लोगों की जान गई और करीब 15 हजार लोग घायल हुए। यह केवल दंगों का इतिहास नहीं था। यह उस दौर की राजनीतिक विफलताओं, ब्रिटिश साम्राज्यवाद की विभाजनकारी नीतियों और सांप्रदायिक राजनीति के खतरनाक गठजोड़ की कहानी भी थी। लेकिन इसी अंधकार में आम लोगों, मजदूरों, विद्यार्थियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे की जान बचाकर इंसानियत और साझा संघर्ष की ऐसी मिसालें कायम कीं, जिन्हें याद रखा जाना चाहिए।
इस घटना को लेकर इतिहासकारों ने बाद के वर्षों में अनेक तथ्य जुटाए, शोध किया और किताबें लिखीं। लेकिन ये शोध और किताबें अक्सर आम पाठकों तक नहीं पहुँच पाते। इसी सूचना-अंतर का फायदा उठाकर दक्षिणपंथी ताकतें सांप्रदायिक नफरत फैलाने वाली मनगढ़ंत कहानियों के जरिए इतिहास को विकृत करने की कोशिश करती रही हैं। पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न हिस्सों में सांप्रदायिक इतिहास को अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप प्रस्तुत करने की कोशिशें आज भी दिखाई देती हैं। ऐसे समय में ऐतिहासिक दस्तावेजों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को सामने लाना और भी जरूरी हो जाता है।
इतिहास की जिम्मेदारी केवल हिंसा की भयावहता बताना नहीं, बल्कि उन लोगों को भी सामने लाना है जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरे समुदाय के लोगों की रक्षा की। 1946 का कलकत्ता हमें यही सिखाता है कि सांप्रदायिक उन्माद के बीच भी इंसानियत जिंदा रहती है और मेहनतकशों की एकता नफरत की राजनीति के सामने मजबूत प्रतिरोध बन सकती है।
इस आलेख में विद्यार्थियों और सामान्य पाठकों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग प्रत्यक्षदर्शियों के लिखित बयान, उस समय के अखबारों में प्रकाशित खबरें और राजनीतिक वक्तव्य जैसे प्राथमिक स्रोत एक जगह प्रस्तुत किए गए हैं। हमारा उद्देश्य है कि पाठक इन दस्तावेजों के आधार पर इतिहास की सांप्रदायिक व्याख्याओं को परख सकें और प्रमाणों के आधार पर अपनी राय बना सकें।
विभाजन की राजनीति और सांप्रदायिक तनाव की पृष्ठभूमि
1946 के शुरुआती महीनों में, कलकत्ता सहित देश के कई हिस्सों में जनता का अभूतपूर्व उभार देखने को मिल रहा था। एक असाधारण जनएकता विकसित हो रही थी, जिसकी अगुवाई मुख्य रूप से मजदूर संगठनों के हाथ में थी। हिन्दू-मुसलमान मजदूरों के इस साझा संघर्ष में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी शामिल थे। इस संघर्ष का एक महत्वपूर्ण पड़ाव 29 जुलाई 1946 को कलकत्ता में देखने को मिला। डाक-तार कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में बंगाल प्रांतीय समिति के आह्वान पर व्यापक आम हड़ताल हुई। AITUC की 1947 की वार्षिक रिपोर्ट में इस हड़ताल में लगभग 15 लाख मजदूरों की भागीदारी दर्ज है। मूल बांग्ला संकलन में कलकत्ता और उपनगरों के 40 लाख श्रमजीवी लोगों का उल्लेख मिलता है। वहीं, समकालीन विवरणों में मुख्य सभा में उपस्थित लोगों की संख्या के अलग-अलग आंकड़े दिए गए हैं। इन आंकड़ों को एक-दूसरे का पर्याय नहीं समझना चाहिए। वस्तुतः इस आंदोलन में हिन्दू और मुसलमान मजदूरों की साझा भागीदारी थी। सेना और पुलिस के भीतर भी ब्रिटिश शासन के खिलाफ असंतोष के संकेत दिखाई दे रहे थे। मजदूरों की यह एकता साम्राज्यवाद-विरोधी आंदोलन को नई ताकत दे रही थी। ऐसे समय में सांप्रदायिक विभाजन की राजनीति ने इस एकता को तोड़ने का काम किया।
देश की आजादी का सवाल निर्णायक मोड़ पर था। 16 मई 1946 को घोषित कैबिनेट मिशन योजना ने एक संयुक्त भारत के लिए संवैधानिक व्यवस्था का प्रस्ताव रखा था। लेकिन सत्ता-साझेदारी और प्रांतीय समूहों के सवाल पर कांग्रेस और मुस्लिम लीग के बीच मतभेद गहराते गए। 29 जुलाई 1946 को बंबई में मुस्लिम लीग की परिषद ने कैबिनेट मिशन योजना से अपना समर्थन वापस लेने का फैसला किया और अलग पाकिस्तान की मांग के समर्थन में 16 अगस्त को ‘प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस’ मनाने का आह्वान किया। उस समय भारत का विभाजन अभी औपचारिक रूप से तय नहीं हुआ था। राजनीतिक संकट लगातार गहराता जा रहा था।
प्रेरणा अग्रवाल का कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस में प्रकाशित शोधपत्र इस हड़ताल को कलकत्ता की पहली आम हड़ताल बताते हुए परिवहन, उद्योगों, बैंकिंग, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, मिलों, कारखानों और सरकारी संस्थानों में मजदूरों की व्यापक भागीदारी का विवरण देता है। शोधपत्र में मुख्य सभा में पुलिस के अनुसार एक लाख से अधिक और एआईटीयूसी के अनुसार तीन लाख लोगों की उपस्थिति का भी उल्लेख है। मूल बांग्ला संकलन में 40 लाख श्रमजीवी लोगों का उल्लेख है। AITUC की 1947 की रिपोर्ट में हड़ताल में शामिल मजदूरों की संख्या लगभग 15 लाख दर्ज है। सभा में उपस्थित लोगों के आंकड़े इससे अलग हैं। इसलिए इन संख्याओं को अलग-अलग संदर्भों में पढ़ा जाना चाहिए।
AITUC, Report, Twenty-Second Session, Calcutta, 1947, पृष्ठ 54।
मूल रिपोर्ट का PDF डाउनलोड करें
National Library of Scotland – Archives of Indian Labour में रिपोर्ट
Indian Labour Archives – रिपोर्ट का रिकॉर्ड
Prerna Agarwal, “Workers’ Way”: Moments of Labor in Late 1940s Calcutta, International Labor and Working-Class History, Cambridge University Press - Cambridge University Press – पूरा शोधपत्र
“Workers’ Way”: Moments of Labor in Late 1940s Calcutta शोधपत्र का PDF
DOI – स्थायी अकादमिक लिंक

16 अगस्त 1946: शहर में हिंसा का विस्फोट
उस दिन कलकत्ता में लीग की ओर से हड़ताल का ऐलान किया गया। हिन्दू-मुस्लिम एकता बनाए रखने के उद्देश्य से कई लोगों ने इसका समर्थन भी किया। इसी के साथ बंगाल की मुस्लिम लीग सरकार ने उस दिन सार्वजनिक छुट्टी घोषित कर दी। सार्वजनिक छुट्टी के दौरान शहर के कुछ इलाकों में लूटपाट, हमले और हिंसा की घटनाएँ शुरू हुईं। इसके बाद जवाबी हमले और प्रतिशोध की घटनाओं ने तेजी से भयावह सांप्रदायिक दंगों का रूप ले लिया। दोनों समुदायों के उन्मादी समूहों ने आम लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरे में डाल दिया। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने शांति बहाल करने की कोशिश की, लेकिन हिंसा पर नियंत्रण नहीं हो सका। हिंसा में शामिल उन्मादी समूहों के सामने आम नागरिक सबसे अधिक असुरक्षित हो गए। दोनों समुदायों के गुंडों ने मानो शहर पर कब्जा जमा लिया।
कुछ ही दिन पहले कलकत्ता की सड़कों पर हिन्दू-मुसलमान मजदूरों की साझा साम्राज्यवाद-विरोधी संघर्ष की जो तस्वीर दिखाई दे रही थी, वह दंगों की आग में बुरी तरह बिखर गई। हिंसा का सबसे बड़ा निशाना आम भारतीय नागरिक बने। 16 अगस्त को पुलिस ने कुछ स्थानों पर कार्रवाई की, लेकिन हिंसा पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका। सेना की गश्त और तैनाती 17 अगस्त से शुरू हुई। पुलिस और प्रशासन की शुरुआती प्रतिक्रिया तथा नियंत्रण व्यवस्था की विफलता ने हिंसा को फैलने का अवसर दिया।”

‘द ग्रेट कलकत्ता किलिंग’: दंगा रोकने में ट्राम मजदूरों की असाधारण बहादुरी
स्रोत : साधन बनर्जी की पुस्तक ‘অসামান্য বীরগাথা’ (असामान्य वीरगाथा), नेशनल बुक एजेंसी, 2003
पहला प्रसंग : 17 अगस्त, शाम करीब साढ़े पांच बजे
17 अगस्त की शाम करीब साढ़े पांच बज चुके थे। पुलिस का कहीं अता-पता नहीं था। हमलावरों का एक समूह विद्यासागर इंस्टीट्यूशन के गेट को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। कॉलेज के गेट के ऊपर खड़े कुछ लोग उत्तेजना में चिल्ला रहे थे। उधर, कॉलेज के गेट के उत्तर की ओर मजदूर बेचैनी से इंतजार कर रहे थे। तभी डिपो के भीतर पर्याप्त मात्रा में पत्थर जमा करने का काम पूरा हुआ। डिपो के गेट की झिरी से कॉलेज के गेट की स्थिति देखकर बंगाली कमांडर ने आदेश दिया - “फायर!” बड़े-बड़े पत्थर के टुकड़े लगातार उड़ने लगे। पहला हमला सीधे कॉलेज के गेट पर किया गया। अचानक चारों तरफ से बरसते पत्थरों की चोट से हमलावरों का जत्था पलभर में तितर-बितर हो गया। उन्हें बदहवास होकर भागते देख मजदूरों में खुशी की लहर दौड़ गई।
दूसरा हमला आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय रोड पर मौजूद हमलावरों पर किया गया। रज्जाक और बंगाली कमांडर गेट की झिरी से देखकर हमले का निशाना तय कर रहे थे और उसी के मुताबिक पत्थर बरसाए जा रहे थे। दंगाई बिखर तो रहे थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी थी। घड़ी में शाम के साढ़े पांच बज चुके थे। वे जहां भी इकट्ठा होते, वहीं उन पर पत्थर फेंके जाते। पुलिस का कहीं पता नहीं था। इसी बीच पास में खड़े रज्जाक को स्टुअर्ट के कमरे से बुलावा आया - फोन आया था। फोन उठाते ही समझ में आ गया कि दूसरी ओर लालबाजार से वही सिख पुलिस अधिकारी बोल रहे हैं। उत्तेजित रज्जाक चिल्लाकर बोला कि क्या कॉलेज की लड़कियों के कत्ल हो जाने के बाद ही पुलिस आएगी? दूसरी ओर से पुलिस अधिकारी ने आने का उसे भरोसा दिलाया और फोन रख दिया।
दूसरा प्रसंग : 17 अगस्त, शाम छह बजे
उधर घड़ी की सुई छह बजा चुकी थी। आखिरकार वही सिख पुलिस अधिकारी पुलिसकर्मियों से भरे दो ट्रकों और चार बड़ी खाली वैन के साथ वहाँ पहुँचे। अधिकारी गाड़ी से उतरकर इधर-उधर देखने लगे। हमारी यूनियन के मजदूर सड़क पर निकल आए। सबसे आगे रज्जाक था। उसके साथ ही वहां के दूसरे मजदूर भी घेरा तोड़कर बाहर आ गए। वह एक ऐसा दृश्य था, मानो सांस रोक देने वाली लड़ाई जीतने के बाद मजदूरों का उत्साह बांध तोड़कर बाहर आ गया हो। किसे क्या करना है, यह किसी को समझ नहीं आ रहा था। बधाइयों और जवाबी बधाइयों के बीच मजदूर खुशी से झूम रहे थे। लेकिन काम अभी बाकी था। पुलिस की गाड़ियां पहुंचते ही कॉलेज की दूसरी मंजिल की खिड़कियां खुल गईं। कॉलेज का गेट भी खोल दिया गया। रज्जाक यूनियन के दूसरे नेताओं के साथ पुलिस अधिकारी को लेकर सीधे दूसरी मंजिल पर स्थित हॉस्टल के अधीक्षक (Superintendent) के कमरे में पहुंचा।
लगातार 28 घंटे तक घिरे रहने की यातना से मुक्ति मिलने की खुशी और मजदूरों के प्रति कृतज्ञता के कारण हॉस्टल के सुपरिंटेंडेंट खुद को संभाल नहीं पाए। उनकी आंखों से खुशी के आंसू बह रहे थे। वे बार-बार आम मजदूरों के प्रति आभार जता रहे थे। परेशान और भयभीत छात्राओं तथा अध्यापिकाओं की भी वही हालत थी। ऐसा लग रहा था कि घेराबंदी का भारी पत्थर हट जाने की खुशी में वे बोलना तक भूल गई हैं। कैसी भयानक , लालच से भरी निगाहें, कैसी डरावनी आंखें, कैसा जबरदस्त भय - वे 28 घंटे मानो 28 साल से भी ज्यादा भारी थे! और उस आसन्न विनाश से अचानक मिली मुक्ति ने सभी को नि:शब्द कर दिया था। किसी के मुंह से शब्द नहीं निकल रहे थे। आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे। उन बहादुर मजदूरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता के आगे सभी की जुबान जैसे थम गई थी।

16 अगस्त 1946 : ".. आँखिन की देखी"
हामिदा खानम का संस्मरण : हिंसा के बीच इंसानियत के चेहरे
संपादकीय परिचय: पूर्वी बंगाल के एक छोटे शहर के शिक्षित परिवार में पली-बढ़ीं हामिदा खानम 1930 के दशक के अंतिम वर्षों में कलकत्ता आई थीं। बेथ्यून कॉलेज और कलकत्ता विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने लेडी ब्रेबोर्न कॉलेज में अध्यापन शुरू किया। 1949 में वे ढाका लौट गईं। 1946 के सांप्रदायिक दंगों का जीवंत चित्र उनकी स्मृतियों में मिलता है। इनमें दंगों की बर्बरता के साथ-साथ संकट के बीच सामने आई इंसानियत भी दर्ज है।
"16 अगस्त 1946 को मुस्लिम लीग के 'प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस' (‘डायरेक्ट एक्शन डे’) के बाद कलकत्ता में भयानक हिन्दू-मुस्लिम दंगा भड़क उठा। शाम ढल रही थी। मैं पांचवीं मंजिल की बालकनी में खड़ी थी। ऐसा लग रहा था, जैसे सभा से लौट रही उन्मादी भीड़ का सैलाब चला आ रहा हो। किसी के हाथ में नया पंखा था, किसी के हाथ में पीतल का नया कलश। कुछ लोग सिर पर नया फर्नीचर उठाए चले आ रहे थे। मैं चौंक गई। ये सब तो लूट का सामान लग रहा था। क्या शहर में दंगा शुरू हो गया है?
यह खयाल मन में आते ही सामने सड़क के दूसरी ओर परेश घोष की मिठाई की दुकान पर दंगाइयों ने धावा बोल दिया और उसे लूटने लगे। हम इस हालात के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। हम बुरी तरह डर गए थे। प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस के आयोजकों ने जिस उन्माद को हवा दी थी', शायद उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि वे कितने क्रूर खेल में शामिल हो गए हैं। एक तरफ से ‘नारा-ए-तकबीर’ और ‘अल्लाहु अकबर’ के नारे सुनाई दे रहे थे, तो दूसरी तरफ दूर से ‘वंदेमातरम्’ की आवाज आ रही थी।
सुबह रेस्क्यू पार्टी के लोग आए और यहां के हिन्दुओं को अपने साथ ले गए। लगभग हर इमारत से दो-चार हिन्दू भद्रलोक (शिक्षित मध्यवर्गीय प्रतिष्ठित लोग) बाहर निकले। मुस्लिम भद्रलोक ने ही उन्हें अपने यहां शरण दी थी। आजाद' के संपादक मौलाना अक़रम खान मुस्लिम लीग से जुड़े थे। कॉलेज से लौटते समय मैं रोज डॉ. सेनगुप्ता के दरवाजे पर लुंगी पहने एक मुस्लिम दरबान को बैठा देखती थी। डॉ. सेनगुप्ता ही ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने अपना घर छोड़कर किसी दूसरे इलाके में जाना स्वीकार नहीं किया। उन्होंने शादी नहीं की थी, इसलिए परिवार की जिम्मेदारी भी नहीं थी। बस्ती के गरीब मुस्लिम मरीजों के लिए वे ही एकमात्र सहारा थे। उस दिन दोपहर में दरवाजे पर वह दरबान नहीं था। मैंने सोचा, शायद खाना खाने गया होगा। करीब एक बजा था। दरवाजा खाली देखकर मुझे अच्छा नहीं लगा। मैं पांचवीं मंजिल पर अपने कमरे में पहुंची ही थी कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बालकनी में निकलकर देखा तो फल बेचने वाले इधर-उधर भाग रहे थे। पलक झपकते ही फुटपाथ खाली हो गया। मैं वहीं खड़ी रह गई। तभी एम्बुलेंस आई। डॉ. सेनगुप्ता का शव स्ट्रेचर पर रखकर बाहर लाया गया। उनका सफेद शर्ट-पैंट खून से भीगा हुआ था।"
मोहम्मद अब्दुल मोमेन की स्मृतियाँ: दंगे का मनोवैज्ञानिक आतंक
[मोहम्मद अब्दुल मोमेन का मानना था कि 16 अगस्त 1946 जैसी सांप्रदायिक हिंसा बंगाल के हिंदुओं और मुसलमानों की नियति नहीं थी। अपने संस्मरण में वे जवाहरलाल नेहरू के उस विचार का उल्लेख करते हैं कि आधुनिक सांप्रदायिक दंगे राजनीतिक हथकंडे के रूप में इस्तेमाल किए जाने लगे थे। मोमेन की स्मृतियों में उनके बचपन के सांप्रदायिक सद्भाव और बाद के वर्षों में बढ़ती दूरियों का अंतर स्पष्ट दिखाई देता है।। इससे पहले साथ-साथ रहने वाले हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच कभी-कभार टकराव जरूर होता था, लेकिन दंगों जैसी बर्बर, निरर्थक और इंसानियत को कुचल देने वाली हिंसा तथा उन्मादी नफरत 1920 के दशक के बाद ही जोर पकड़ने लगी थी। अब्दुल मोमेन की स्मृतियां इसलिए महत्वपूर्ण हैं कि इनमें लेखक के बचपन में देखे गए पुराने हालात भी दर्ज हैं। इसी वजह से 1946 के उन अभिशप्त दिनों का उनका यह संस्मरण खास महत्व रखता है।]
"पूरी रात इस ओर ‘अल्लाहु अकबर’ और बालीगंज की तरफ से ‘वंदेमातरम्’ के नारे सुनाई देते रहे। बीच-बीच में पार्क सर्कस के कुछ हिस्सों से दरवाजे तोड़ने की आवाज आती और उसके साथ ही दर्द से भरी चीखें कानों में पड़तीं। मन बेचैन और बोझिल हो उठता। मेरे भीतर जो असहनीय दबाव बन रहा था, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। ऐसा लगता था, जैसे मेरे मन की सारी नसें टूटकर बिखर रही हों। उस समय मन करता था कि कोई नींद की दवा खाकर आसपास की हर चीज से पूरी तरह बेखबर हो जाऊं, बेहोश पड़ा रहूं और इस दुख-दर्द के समय को किसी तरह काट दूं। उस वक्त अल्लाह के होने पर भी विश्वास करने का मन नहीं करता था। सोचता था, अगर वह है तो उसकी बनाई हुई एक बेबस जान को इतनी तकलीफ देकर दूसरा इंसान उसे कैसे मार सकता है? उसके फरिश्ते आकर उस असहाय आदमी को बचाते क्यों नहीं?
तब बहुत दुख के साथ बचपन की एक बात याद आने लगी। खिलाफत आंदोलन के दिनों में जब ‘वंदे मातरम्’ और ‘अल्लाहु अकबर’ के नारों के साथ फेनी शहर की सड़कों पर हिन्दुओं और मुसलमानों के संयुक्त जुलूस निकलते थे, तब हम छोटे-छोटे बच्चे खाना-पीना छोड़कर उन जुलूसों के पीछे दौड़ते थे। कभी हमारे हाथ में कांग्रेस का तिरंगा झंडा होता, तो कभी चांद-तारे वाला मुस्लिम लीग का छोटा झंडा। हम नारे लगाते हुए पूरे शहर की सड़कों पर घूमते थे। बचपन में ‘वंदेमातरम्’ और ‘अल्लाहु अकबर’ - दोनों नारे हमें कितने प्यारे लगते थे! हम बेसब्री से इंतजार करते थे कि फिर कब जुलूस निकलेगा और हम शहर के दूसरे बच्चों के साथ आवाज मिलाकर नारे लगाते हुए पूरे शहर में घूम सकेंगे।
लेकिन आज लग रहा है कि पिछले कुछ ही वर्षों में उन्हीं शब्दों के अर्थ कितने बदल गए हैं और हमारे बीच कितनी बड़ी दूरी पैदा हो गई है। पहले ‘वंदेमातरम्’ और ‘अल्लाहु अकबर’ की आवाज सुनकर हमारा तन-मन रोमांचित हो उठता था। आज बालीगंज की ओर से ‘वंदेमातरम्’ और पार्क सर्कस की ओर से ‘अल्लाहु अकबर’ की आवाज आते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। पूरा शरीर डर से कांपने लगता है। बार-बार सोच रहा था कि भारत के दो बड़े समुदाय - हिन्दू और मुसलमान - आज इस असहनीय और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति में कैसे पहुंच गए? इसके लिए किसका पाप और किसकी गलती जिम्मेदार है? इसमें कोई शक नहीं कि अंग्रेजों की साजिश ने यह स्थिति पैदा की। लेकिन किन लोगों की कट्टरता और संकीर्ण सोच के कारण हम विदेशियों की इस साजिश में फंस गए और आज भाई के सीने में भाई ही छुरा घोंप रहा है?"
(यह संस्मरण सौम्य बसु संपादित पुस्तक 'दांगा थेके देशभाग: 'मुस्लिम' बांगालीर प्रतिक्रिया' - दंगों से देश विभाजन तक: 'मुस्लिम' बंगालियों की प्रतिक्रिया से संकलित है।)
“विवेकानंद मुखोपाध्याय: ‘हत्यारे का कंठस्वर’ और 1946 की स्मृतियाँ
[‘युगांतर’ पत्रिका के प्रसिद्ध संपादक विवेकानंद मुखोपाध्याय ने एक दिन रेडियो पर सुहरावर्दी का डायरेक्ट एक्शन का आह्वान सुना था। उस समय वे कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। डायरेक्ट एक्शन का मतलब मुस्लिम लीग के ज्यादातर नेताओं ने हड़ताल और जुलूस से ज्यादा कुछ नहीं समझा था। शायद इसी वजह से कलकत्ता को छोड़कर भारत के किसी दूसरे हिस्से में डायरेक्ट एक्शन के दौरान कोई बड़ा टकराव नहीं हुआ। विवेकानंद मुखोपाध्याय के आकलन में कई राजनीतिक कारणों से - जिनमें एक कारण लीग के नेता अबुल हाशिम को राजनीतिक रूप से चुनौती देना भी था - सुहरावर्दी अपनी कट्टर पाकिस्तान-समर्थक छवि साबित करने के लिए बेचैन थे। इसलिए उस दिन उनका भाषण बेहद भड़काऊ था। विवेकानंद मुखोपाध्याय यह भाषण सुनकर चौंक गए और उन्हें दंगे की आशंका हुई। दुर्भाग्य से उनकी आशंका सही साबित हुई। इसी भाषण के आधार पर उन्होंने ‘युगांतर’ में ‘हत्यारे का कंठस्वर’ नाम से एक संपादकीय लिखा था। नीचे उनके लेखन के जरिए 1946 के दंगों का अनुभव सामने रखा गया है। इस संस्मरण से दंगे में गुंडों की भूमिका के कुछ संकेत भी मिलते हैं।]
"उन भयानक दिनों की यादें, हालांकि आज (1990) लंबे समय के अंतराल के कारण - यानी 44 साल पहले की - धुंधली पड़ गई हैं, फिर भी 1946 की खून से सनी स्मृतियां पूरी तरह मिट नहीं पाई हैं। पूरे शहर में हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच छुरेबाजी शुरू हो गई और अंग्रेज शासक तमाशा देखने लगे। साम्राज्य का कारोबार समेटने से पहले वे आजादी की मांग कर रहे भारत को ‘आखिरी सबक’ सिखाकर जाना चाहते थे। इतना ही नहीं, ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति चलाने वाले लोग मन ही मन गहरी कूटनीतिक चालें चल रहे थे। सांप्रदायिक दंगे, नफरत और हिन्दू-मुसलमानों के बीच गृहयुद्ध जैसी स्थिति को बहाना बनाकर वे भारत को विभाजन की ओर धकेल रहे थे। उनका मकसद था कि आजादी के बाद भी भारत और पाकिस्तान ब्रिटिश साम्राज्यवाद पर निर्भर बने रहें। कहने की जरूरत नहीं कि उनकी यह चाल लंबे समय तक सफल रही। इस खून-खराबे और विभाजन के मामले में मुस्लिम लीग अंग्रेजों की सहयोगी थी।
जैसा कि पहले बताया जा चुका है, अगस्त के उन दिनों में मैं राजा दिनेंद्र स्ट्रीट के उल्टाडांगा इलाके में रहता था। नहर के उस पार उल्टाडांगा की मुस्लिम बहुल बस्ती थी। शाम का अंधेरा होते ही वहां से ‘अल्लाहु अकबर’ की आवाज उठती थी और इस पार से जवाब में ‘वंदेमातरम्’ सुनाई देता था। दिन में भी लोगों का आना-जाना बहुत कम हो गया था। रोजमर्रा की जरूरत के लिए अगर कोई हिन्दू किसी मुस्लिम इलाके में चला जाता या कोई मुसलमान हिन्दू इलाके में पहुंच जाता, तो उसकी जान पर बन आती थी। जबकि दंगा शुरू होने से पहले हिन्दू और मुसलमान बाजारों और फुटपाथों पर अगल-बगल दुकानें चलाते थे और साथ-साथ खरीद-बिक्री करते थे। लेकिन आज वे एक-दूसरे के दुश्मन बन गए थे, जैसे खून के प्यासे हो गए हों।
जिन मुस्लिम फलवालों या मांसवालों से हिन्दू रोज फल और मांस खरीदते थे, या जिन हिन्दू दुकानदारों से मुसलमान गमछा और लुंगी खरीदते थे, अथवा बाजार से साग-सब्जी और मछली लेते थे, आज वही लोग एक-दूसरे का गला काटने पर उतारू थे। इस हिंसा में ज्यादातर गरीब लोग मारे गए। गरीब का कोई हिन्दू या मुसलमान भेद नहीं होता। कितने ही रिक्शा चालकों की जान गई, इसका कोई हिसाब नहीं है। दंगे के दौरान तरह-तरह की भयानक अफवाहें फैलती थीं, जिनसे तनाव और बढ़ जाता था। मसलन, यह कहा जाता था कि “औरतों को पकड़कर उनके साथ बलात्कार किया गया और उनके स्तन काटकर लटका दिए गए हैं।” ये सब बिना किसी प्रमाण के ‘अपनी आंखों से देखी’ बताई जाने वाली अफवाहें थीं।
मोहल्ले-मोहल्ले में आत्मरक्षा के नाम पर उन युवकों को संगठित किया गया, जिन्हें पहले सभ्य गृहस्थ लोग आवारा और गुंडा किस्म का समझते थे। बाद में ‘मस्तान’ शब्द खूब प्रचलित हुआ और लगभग सभी राजनीतिक दलों ने मस्तानों को पालना शुरू कर दिया। लेकिन 1946 के दंगों के उन खून से भरे दिनों से ही इसकी शुरुआत हुई थी। आत्मरक्षा के नाम पर यह व्यवस्था सबसे आसान रास्ता थी। कानून-व्यवस्था के मामले में बदनाम पुलिस मौजूद थी, लेकिन वह भी सांप्रदायिक मानसिकता से प्रभावित थी। आखिरकार सेना भी दिखाई दी और बीच-बीच में गश्त लगाने लगी। लेकिन दंगे और हत्याकांड नहीं रुके।
यह कहने की जरूरत नहीं कि हाट-बाजार पूरी तरह बंद हो गए। आम गृहस्थों ने ऐसी मुसीबत के लिए पहले से कोई तैयारी नहीं की थी। इसलिए दिन में दो वक्त का खाना जुटाना भी मुश्किल हो गया। चावल के अलावा बाकी खाने-पीने की चीजें मिलना बड़ी समस्या बन गईं। मुझे याद है कि किसी तरह एक कद्दू मिल जाए तो उसे भी बेहद दुर्लभ चीज समझकर पकाया और खाया जाता था। एक दिन श्यामबाजार में - उन दिनों हम उत्तर कलकत्ता में ही रहते थे - किसी तरह मछली की एक खेप पहुँची। लेकिन मछली खरीदने के बाद अफवाह फैल गई कि मुसलमानों ने चालाकी से उसमें जहर मिला दिया है और उसे खाते ही मौत हो जाएगी।"
प्रोफेसर कल्याण दत्त का संस्मरण : कम्युनिस्ट आंदोलन की भूमिका और सीमाएँ
[कल्याण दत्त पेशे से अर्थशास्त्र के अध्यापक थे। वे बंगवासी कॉलेज, विद्यासागर कॉलेज और जादवपुर विश्वविद्यालय से जुड़े रहे। कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य और प्रगतिशील राजनीति के समर्थक प्रोफेसर दत्त ने 1946 के दंगों को एक प्रतिक्रांति के रूप में देखा था। 1946 के शुरुआती महीनों में लगातार हो रहे जन-आंदोलनों के कारण जब ब्रिटिश सत्ता डगमगा रही थी और मुस्लिम लीग तथा कांग्रेस के दक्षिणपंथी हिस्से छात्र-मजदूर-किसान-सैनिक आंदोलनों को नियंत्रित नहीं कर पा रहे थे, तब कलकत्ता के दंगों ने उन्हें लगभग क्रांति की दहलीज से वापस खींच लिया। प्रोफेसर दत्त के मुताबिक, कलकत्ता का दंगा कम्युनिस्टों सहित सभी प्रगतिशील ताकतों के लिए एक सबक था। उन्हें समझना होगा कि किस तरह एक ही हथियार से उनकी राजनीतिक गति को पलभर में रोका जा सकता है। अगर इस हथियार का मुकाबला करने के लिए ढाल नहीं बनाई गई, तो विरोधी बार-बार इसका इस्तेमाल करेंगे। कलकत्ता क्रांतिकारियों और प्रगतिशीलता का शहर है—इस गर्व पर पानी फेरते हुए प्रोफेसर दत्त याद दिलाना चाहते हैं कि पलक झपकते ही यह प्रतिक्रांतिकारियों का शहर भी बन सकता है। उनकी स्मृतियों में कम्युनिस्ट नेताओं की गौरवशाली भूमिका के साथ-साथ उनकी सीमाएं भी सामने आती हैं।]
"16 अगस्त को कलकत्ता में भीषण सांप्रदायिक दंगा भड़का। कलकत्ता की सड़कों पर क्रांति और प्रतिक्रांति साथ-साथ चल रही थीं। जो लोग कलकत्ता के क्रांतिकारी चरित्र को लेकर बहुत उत्साहित रहते हैं, मैं उनमें शामिल नहीं हूं। जो छात्र और मजदूर औपनिवेशिक शासक की बंदूक के सामने बिना डरे अपना सीना तान सकते हैं, वही अपने सहपाठियों और सहकर्मियों की जान भी जान-बूझकर ले सकते हैं। मेटियाब्रुज़ में, जहां पार्टी लंबे समय से मजदूरों के बीच मजबूत स्थिति में थी, वहां के दंगे की एक घटना (कम्युनिस्ट) पार्टी के अखबार स्वाधीनता में छपी थी। घर-घर घुसकर एक ही यूनियन के मुस्लिम और ओड़िया सदस्यों को मार डाला गया। ओड़िया सदस्यों ने यूनियन का लाल कार्ड दिखाकर अपनी जान की भीख मांगी, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ।
16 अगस्त को दंगा हुआ। 17 अगस्त की दोपहर बाद मैं कलकत्ता की स्थिति देखने निकला। ट्राम और बसें बंद थीं। बेलगछिया से श्यामबाजार तक दंगे का कोई निशान नहीं दिखा। कॉर्नवालिस स्ट्रीट से आगे बढ़ने पर कहीं-कहीं जली हुई दुकानें और शव दिखाई दिए। हाथीबागान बाजार के बड़े फाटक के सामने जो दृश्य देखा, उसे मैं कभी नहीं भूल सकता। मैंने देखा कि लुंगी पहने कई लोगों को एक के ऊपर एक ढेर लगाकर सड़क पर फेंक दिया गया था। बाद में मुझे पता चला कि बाजार के सारे फाटक बंद करके अंदर मौजूद मुसलमानों पर हमला किया गया था। वे पिंजरे में फंसे चूहों की तरह इधर-उधर भाग रहे थे। फिर उन्हें लाठियों, रॉड और ईंटों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।
थोड़ी दूरी पर कूड़ेदान के पास 19-20 साल की एक कोयला बीनने वाली लड़की पड़ी थी। उसके चेहरे पर कोई विकृति नहीं थी। आंखें बंद थीं, जैसे गहरी शांति से सो रही हो। कमर पर कोयला बीनने की टोकरी अब भी उसके हाथ में थी। उसकी छाती के एक ओर जमा हुआ काला खून था, जिससे उसकी साड़ी और ब्लाउज भीग गए थे। हाथीबागान बाजार में मुसलमानों की ओर से कोई हमला नहीं हुआ था। ऐसा होने की कोई आशंका भी नहीं थी। इतने सारे लोगों को ठंडे दिमाग से पीट-पीटकर मार डाला गया। किसी जानवर को भी इस तरह नहीं मारा जा सकता। इंसान कितनी नीचे तक पशुता में गिर सकता है, यह घटना अपनी आंखों से नहीं देखता तो शायद मैं विश्वास ही नहीं कर पाता। बाजार के सारे फाटक बंद करके इन लोगों को पिंजरे में बंद चूहों की तरह पीट-पीटकर मार डाला गया! दो गुटों के संघर्ष में बहुत से लोग मारे गए, यह बात मैं समझ सकता हूं। लेकिन असहाय लोगों को ठंडे दिमाग से पीट-पीटकर मारने में जो बर्बरता है, इंसान उस हद तक कैसे गिर सकता है? इसकी मैं कल्पना भी नहीं कर सकता।
इसी समय कुछ लोगों ने असाधारण साहस और इंसानियत का परिचय भी दिया। ऐसी ही एक घटना मैंने अपनी आंखों से देखी। मैं ट्राम में सफर कर रहा था। सियालदह स्टेशन के सामने देखा कि लुंगी पहने एक आदमी को कुछ उत्तेजित लोगों ने घेर रखा है। क्या होने वाला है, यह समझना मुश्किल नहीं था। कंडक्टर ने घंटी बजाकर ट्राम रुकवाई और नीचे उतर गया। वह भीड़ को चीरता हुआ उस आदमी तक पहुंचा, उसकी बनियान पकड़कर उसे खींचते हुए ट्राम में चढ़ाया और फिर घंटी बजाई। ट्राम चल पड़ी। उसके मुंह से एक शब्द नहीं निकला। न कोई उत्तेजना, न कोई भाषण। उसके चेहरे का भाव ऐसा था, मानो उसने रास्ते की कोई मामूली बाधा हटा दी हो।
ट्राम मजदूरों की सांप्रदायिकता-विरोधी बहादुरी की ऐसी कई कहानियां हैं। ट्राम यूनियन के कम्युनिस्ट नेतृत्व और मजदूरों की संगठित एकजुटता ने इस प्रतिरोध को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोमनाथ लाहिड़ी और मोहम्मद इस्माइल जैसे नेताओं का इसमें उल्लेखनीय योगदान था। कम्युनिस्ट पार्टी की सांप्रदायिकता-विरोधी भूमिका सचमुच शानदार थी। लेकिन इसके बावजूद वे सांप्रदायिक दंगों को रोक नहीं पाए। खुद गाँधी और नेहरू जैसे नेता भी दंगों को रोक नहीं सके। भारतीय समाज की मानसिकता में सांप्रदायिकता इतनी गहराई से बैठी हुई है कि आज भी वह किसी भी प्रगतिशील आंदोलन को बहाकर ले जा सकती है।"
सजनीकांत दास : सांस्कृतिक प्रतिरोध की आवाज
[नीचे दिया गया लेख सजनीकांत दास ने अपनी पत्रिका शनिवारेर चिट्ठी में लिखा था। इस लेख के जिस हिस्से को यहां उद्धृत किया गया है, वह दो वजहों से महत्वपूर्ण है। पहली वजह यह है कि इसमें दंगों और सांप्रदायिकता का विरोध करने में बुद्धिजीवियों की जिम्मेदारी पर कुछ जरूरी बातें कही गई हैं। दूसरी वजह यह है कि इसमें सांप्रदायिकता से लड़ने में शिक्षा और पाठ्यक्रम की भूमिका पर चर्चा की गई है। सजनीकांत के लेख से साफ है कि वे समझ रहे थे कि जो नुकसान हो चुका है, उसे अब सुधारा नहीं जा सकता। गलती की कीमत चुकाने का समय आ गया है। इसके बावजूद उन्हें उम्मीद थी कि आने वाली पीढ़ी इन गलतियों को नहीं दोहराएगी और सांप्रदायिकता को जड़ से खत्म करने में कामयाब होगी। सजनीकांत ने सांप्रदायिकता का समाधान सिर्फ राजनीति में नहीं, बल्कि संस्कृति में भी तलाशा। 1946 के दंगों के संदर्भ में उनका यह नजरिया बेहद महत्वपूर्ण है। परीक्षित को तक्षक ने डस लिया था, इसलिए उसे बचाना संभव नहीं था। लेकिन भविष्य में ऐसा दोबारा न हो, इसी मकसद से उन्होंने सपेरों को बुलाने की बात कही थी।]
"कलकत्ता में हाल में जिस सांप्रदायिक नरमेध की शुरुआत हुई है, उसके बारे में सोच रहा था। नरसंहार की आग अब पहले की तरह भले ही धधक नहीं रही हो और इंसानी जानों की आहुति भी उतनी बड़ी संख्या में नहीं हो रही हो, लेकिन आग अभी बुझी नहीं है। वह राख के नीचे दबी हुई सुलग रही है। सावन के आखिर में शुरू हुआ यह यज्ञ आज आश्विन की दस तारीख (बांग्ला कैलेंडर) तक पहुंच गया है, फिर भी आधी रात का सन्नाटा बार-बार ‘जय हिंद’ और ‘अल्लाहु अकबर’ के नारों से टूट रहा है। छुरियां, तलवारें, लाठियां और ईंटें चलाने वाले लोग आज भी इस हिंसा को हवा दे रहे हैं। श्मशान जैसे इस नरसंहार का धुआं पूरे इलाके पर छाया हुआ है और उसकी सड़ांध असहनीय हो गई है।
इस तरह बंकिमचंद्र की भाषा में कहें तो मैं नशे में डूबा हुआ लंबा रास्ता तय कर रहा था। अचानक सामने वाले घर के रेडियो से सुमधुर, सरल और मधुर लहरियों वाला संगीत सुनाई दिया। मैं चौंककर ठिठक गया। रात का अंधेरा कुछ अधिक गहरा हो चुका था। समानता, न्याय और मानवता के रास्ते पर अब जनजीवन नहीं चल रहा था। घने सन्नाटे के बीच संगीत की धुन कानों में पड़ी और एक क्षण के लिए कलकत्ता का वर्तमान वातावरण मेरी स्मृति से ओझल हो गया। संगीत की लहरियों में डूबा हुआ मन धीरे-धीरे उस सांप्रदायिकता से मुक्त आकाश में विचरण करने लगा। तभी अचानक एक उद्घोषणा सुनाई दी - ‘खान साहब एक गीत गाएंगे।’ खान साहब? मुसलमान? लेकिन मन को तरह-तरह से टटोलने पर भी मैं सांप्रदायिक दृष्टि से उनका नाम नहीं जान पाया। खान साहब भी निश्चित ही आत्मविस्मृत थे। वे राधिका के कृष्ण-विरह की कथा इस तरह गा रहे थे कि उनका स्वर मानो कान्हा के लिए व्याकुल होकर उठ रहा था।
मिस्टर जिन्ना, लियाकत अली, डॉ. मुंजे और आशु लाहिड़ी की तमाम चेतावनियों को पीछे छोड़कर उस अनजान, अपरिचित और शायद लंबी दाढ़ी वाले, लुंगी पहने खान साहब के साथ मुझे गहरा अपनापन महसूस होने लगा। क्या मुझे शर्म महसूस हुई? मैं सोचने लगा - मन की कौन-सी अवस्था सच है? कला और साहित्य के क्षेत्र में हम जाति और धर्म की सीमाएं क्यों नहीं खींच पाते, जबकि राजनीति और समाज के क्षेत्र में वही सीमाएं इतनी ठोस और विशाल क्यों दिखाई देने लगती हैं? जब मैं ज़ैनुल आबेदीन के बनाए 1350 बंगाली संवत के अकाल के चित्र देखता हूं, तो यह कल्पना तक नहीं कर पाता कि कलाकार किस समुदाय से है। पीड़ित और शोषित इंसानों का दुख, उनकी पीड़ा और उनके प्रति कलाकार की संवेदना उन रेखाओं में इस तरह उतरती है कि सीधे मन को छू जाती है। काज़ी नज़रुल इस्लाम के लिखे गीत सुनता हूं, तो महसूस होता है कि जीवन के समुद्र में तूफानों और लहरों से जूझता इंसान डूब रहा है। अगर कोई इंसान है, तो उसे बचाओ - यह मत पूछो कि वह हिन्दू है या मुसलमान। मीर मशर्रफ हुसैन की 'विषाद सिंधु' पढ़ते समय एक पल के लिए भी यह नहीं सोचता कि यह कर्बला मेरी कर्बला नहीं है। मैं यह भी भूल जाता हूं कि इसी मुहर्रम को लेकर भारत बार-बार खून से नहाया है। असल में कला और साहित्य ही इंसानों को जोड़ने का पुल हैं। राज्य या समाज एक ही जाति अथवा समुदाय के लोगों को संगठित तो कर सकते हैं, लेकिन वे जाति और समुदाय की सीमाओं को पार नहीं कर पाते।
मैंने धर्म की बात नहीं की, क्योंकि आम तौर पर जिसे हम धर्म समझते हैं, वह धर्म नहीं, बल्कि लोगों के बीच भेदभाव पैदा करने का एक औजार है। सच्चा धार्मिक व्यक्ति चाहे किसी भी धर्म का हो, उसके मन में दूसरे धर्म के लोगों के प्रति कोई दुर्भावना नहीं हो सकती। जिस धर्म के नाम पर लोगों के सिर फोड़े जाते हैं, वह धर्म नहीं है। बड़े नामों की आड़ में छिपी संकीर्ण सांप्रदायिकता ही है।
सिर्फ कला और साहित्य ही इंसान के मन को मुक्त कर सकते हैं। एक सुहरावर्दी या एक किरणशंकर राय के सीने में जरूरत पड़ने पर कोई बिना झिझक छुरा घोंप सकता है। कोई बिरला (आशय उद्योगपति) चाहे तो किसी दूसरे व्यक्ति के साथ अपने हित के लिए कुछ भी कर सकता है। लेकिन कला और साहित्य के क्षेत्र में ऐसी सीमाएं नहीं होतीं। व्यापक अर्थ में शिक्षा और संस्कृति का क्षेत्र ही सच्चे मेल-मिलाप का क्षेत्र है। कला और साहित्य भी शिक्षा और संस्कृति का ही हिस्सा हैं।
आज (सजनीकांत अपने समय की बात कर रहें हैं) बंगाल में प्राथमिक शिक्षा की जो बुनियाद है, वह मुख्य रूप से सांप्रदायिक सोच पर टिकी हुई है। वहां धर्म के बाहरी प्रतीकों - नूर और चोटी की महिमा का प्रचार ही इसकी बुनियाद है। हम शिक्षा और संस्कृति को वह व्यापक और प्रमुख स्थान नहीं दे रहे, जिसके वे हकदार हैं। मैं उस शिक्षा और संस्कृति की बात कर रहा हूं, जो इंसान के मन की गंदगी दूर करे, ज्ञान-विज्ञान की रोशनी से अज्ञान का अंधेरा मिटाए और इंसान को सचमुच एक बेहतर इंसान बनने का अवसर दे। बंगाल में कभी मुस्लिम लीग के शासन में, तो कभी हिन्दू-महासभा के प्रभाव में, ऐसी शिक्षा और संस्कृति को बार-बार उसके सही रास्ते से हटाया गया है। इसी वजह से यहां सांप्रदायिक हिंसा इतनी भयानक रूप लेती दिखाई देती है। शिक्षा-पद्धति में आमूलचूल बदलाव करके धर्मनिरपेक्ष शिक्षा के जरिए पूरे समाज को एक साझा राष्ट्रीय पहचान देना फिलहाल बहुत कठिन काम है। इसके लिए बड़े पैमाने पर सरकारी योजना और धन की जरूरत होगी। बंगाल में, खासकर पूर्वी बंगाल में, गांवों और शहरों में सांप्रदायिक नफरत इतनी भयानक है कि आम लोगों की शिक्षा की जिम्मेदारी अब भी अनपढ़ पंडितों और मुल्लाओं के हाथ में है। पंडित अंधी कट्टरता के चलते एक पक्ष को लगातार कमजोर और अपंग बना रहे हैं, जबकि मुल्ला दूसरे पक्ष को शास्त्र और धर्म की दुहाई देकर भड़काते हैं और उसे हत्या, हिंसा तथा महिलाओं के अपहरण तक के लिए उकसाते हैं। इसका नतीजा हम आज हर जगह देख रहे हैं। जब तक मुल्लाओं और पंडितों के प्रभाव को हटाकर वैज्ञानिक शिक्षा-पद्धति को व्यापक रूप से लागू नहीं किया जाता, तब तक हमें यह पीड़ा सहनी पड़ेगी। अगर सत्ता मुस्लिम लीग या हिन्दू-महासभा के हाथ में होगी, तो वे अपने स्वार्थ के लिए पाखंड और कट्टरता को ही बढ़ावा देंगे। वे ऐसा कर भी रहे हैं। शासन-पद्धति में बदलाव किए बिना शिक्षा के क्षेत्र में हम कुछ खास नहीं कर पाएंगे।
इसलिए फिलहाल हमारा भविष्य कलाकारों और साहित्यकारों के हाथों में है। दंगों, गुटबाजी और हत्याओं के इस माहौल में खान साहब का गीत यही संदेश दे गया।
धर्म या समुदाय के नाम पर इंसान का इंसान से बैर कभी स्थायी नहीं हो सकता। स्वार्थी लोग तरह-तरह के हथकंडों से इस नफरत को जिंदा रखते हैं और अपना हित साधते हैं। कलाकार और साहित्यकार भी लालच में पड़कर इस काम में शामिल हो जाएं, तो वे देश का भारी नुकसान कर सकते हैं। दुख की बात है कि आज कई लोग अलग-अलग पत्र-पत्रिकाओं के सहारे यही नुकसान कर रहे हैं।
‘आजाद’ अखबार ने बंगाल में हिन्दुओं और मुसलमानों के रिश्तों को जितना नुकसान पहुंचाया है, उतना नुकसान कोई नादिर शाह या सुहरावर्दी भी नहीं पहुंचा सकते थे। हिन्दू-मुस्लिम एकता के लिए हमारी पहली अपील इसी वजह से साहित्यकारों और कलाकारों के समूह से है। जब मानसिक हिंसा, खून-खराबे और बमबारी का दौर चल रहा हो, तब यही लोग ब्लड बैंक की तरह हैं। सभी जानते हैं कि जीवन देने वाला रक्त कभी सांप्रदायिक आधार पर नहीं चढ़ाया जाता। इसके लिए दूसरे समूहों का मेल जरूरी होता है। यह मेल किस तरह संभव है, इसका सही फैसला केवल कलाकार और साहित्यकार ही कर सकते हैं।
(यह संस्मरण सौम्य बसु संपादित पुस्तक 'दांगा थेके देशभाग: 'हिन्दू' बांगालीर प्रतिक्रिया' - दंगों से देश विभाजन तक: 'हिन्दू' बंगालियों की प्रतिक्रिया से संकलित है।)
सौम्य बसु (Soumya Basu) द्वारा संपादित बांग्ला पुस्तक 'दांगा थेके देशभाग: 'हिन्दू' बांगालीर प्रतिक्रिया' (दंगे से देशविभाजन: 'हिंदू' बंगाली की प्रतिक्रिया) 1946–47 के सांप्रदायिक दंगों और बंगाल विभाजन के दौर में हिंदू बंगाली समाज की मानसिकता, राजनीतिक द्वंद्व और प्रतिक्रियाओं का एक ऐतिहासिक संकलन है।। यह पुस्तक 2020 में कोलकाता के खड़ी प्रकाशन (Khori Prakashani) से प्रकाशित हुई थी और बाद में बांग्लादेश के 'आकाश' प्रकाशन से भी आई। यह दो खंडों की श्रृंखला का पहला भाग है । इसमें 1946 के कलकत्ता और नोआखाली के दंगों के बाद अविभाजित बंगाल के शिक्षित हिन्दू मध्यवर्ग पर पड़े गहरे प्रभाव का विश्लेषण किया गया है। संकलन यह समझने की कोशिश करता है कि किन परिस्थितियों और सांप्रदायिक तनाव के चलते हिन्दू बंगाली समाज ने बंगाल विभाजन जैसे फैसले को स्वीकार किया। पुस्तक में उस दौर (1946–47) की समसामयिक पत्र-पत्रिकाओं, संपादकीय लेखों, बुद्धिजीवियों के विचारों और संस्मरणों के चुनिंदा अंशों को एक साथ संकलित किया गया है। दूसरा भाग 'दांगा थेके देशभाग: मुसलमान बांगालीर प्रतिक्रिया' है।

कम्युनिस्ट पार्टी और 16 अगस्त - कुछ बयान और दस्तावेज
कुछ राजनीतिक प्रचारों में यह दावा किया जाता है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने 16 अगस्त 1946 के ‘प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस’ का समर्थन किया था और उस समय वह मुस्लिम लीग की राजनीति के साथ खड़ी थी। इस दावे की ऐतिहासिक सच्चाई जानने के लिए उस समय के कम्युनिस्ट पार्टी के दस्तावेजों को देखना जरूरी है। यहाँ 6 जुलाई के ‘स्वाधीनता’ के संपादकीय, 14 अगस्त के पार्टी बयान और 18 अगस्त को प्रकाशित दो अपीलों के अंश प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
6 जुलाई 1946 - स्वाधीनता का संपादकीय
यह 16 अगस्त के प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस से करीब डेढ़ महीने पहले कम्युनिस्ट पार्टी का प्रकाशित राजनीतिक रुख था।
(1) “लीग के खिताबधारी नेताओं की शिक्षा-दीक्षा साम्राज्यवाद की छत्रछाया में हुई है। उनकी यह शिक्षा-दीक्षा नौकरशाही के दफ्तरों के तौर-तरीकों और कानून-कायदों की शिक्षा है। उन्हें साम्राज्यवाद के निर्मम शोषण और शासन का समर्थन करना सिखाया गया है। देश के करोड़ों पीड़ित मुसलमानों, किसानों, मजदूरों और आम गृहस्थों की रोजी-रोटी और इज्जत से इस शिक्षा-दीक्षा का कोई संबंध नहीं रहा है। अगर लीग के नेताओं का संघर्ष कांग्रेस के खिलाफ है, तो इससे हिन्दु- मुसलमानों और कांग्रेस-लीग दोनों का ही नुकसान होगा। इसका फायदा सिर्फ ब्रिटिश साम्राज्यवाद को मिलेगा। इसका फायदा क्लाइव स्ट्रीट* को मिलेगा, जमींदारों, तस्करों और भ्रष्ट अधिकारियों को मिलेगा। साम्राज्यवाद के खिलाफ सीधे और अलग संघर्ष में हार निश्चित हो, तब भी उससे कांग्रेस का पुराना इतिहास गौरवशाली बनेगा। लेकिन कांग्रेस के खिलाफ लीग के संघर्ष से लीग का इतिहास गौरवशाली नहीं बनेगा। आपसी लड़ाई और बड़े पैमाने पर दंगों के कारण देश दुख और अंधकार में डूब जाएगा। साझा संघर्ष खत्म होते ही साम्राज्यवाद की जड़ें और मजबूत हो जाएंगी।”
[*1946 में कलकत्ता की क्लाइव स्ट्रीट 'पूर्व की वॉल स्ट्रीट' (Wall Street of the East) के रूप में प्रसिद्ध ब्रिटिश भारत की आर्थिक शक्ति का केंद्र थी । ब्रिटिश और भारतीय व्यापारिक घरानों, प्रमुख बैंकों (जैसे ईस्टर्न बैंक, बैंक ऑफ इंडिया), बीमा कंपनियों और रॉयल एक्सचेंज (बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स) के मुख्यालय यहीं थे। भारत के जूट, चाय, कोयला, शिपिंग आदि व्यवसायों के बड़े फैसले यहीं से लिए जाते थे। इसे आज नेताजी सुभाष रोड कहा जाता है।]
(2) “16 अगस्त से पहले हम जागरूक और सचेत मुस्लिम जनता से अपील करते हैं - आपके लिए ही नेताओं को अपने खिताब छोड़ने पड़े हैं।* आप ही नेताओं को आपसी गृहयुद्ध के रास्ते से वापस ला सकते हैं। भाईचारे के बीच दुश्मनी का रास्ता छोड़ने के लिए नेताओं को कहिए। किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों के हर साझा संघर्ष को मजबूत कीजिए। साम्राज्यवाद के खिलाफ साझा संघर्ष की शपथ लेकर नेताओं को समझौता-विहीन संघर्ष के रास्ते पर आगे बढ़ाइए।”
*29 जुलाई 1946 को बॉम्बे में मुस्लिम लीग की परिषद ने कैबिनेट मिशन योजना से अपना समर्थन वापस ले लिया था और अलग पाकिस्तान की मांग मनवाने के लिए 16 अगस्त 1946 को 'प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस' (Direct Action Day) की घोषणा की थी। जुलाई 1946 के उसी अधिवेशन में मुस्लिम लीग ने ब्रिटिश सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराने के लिए अपने नेताओं और सदस्यों से ब्रिटिश सरकार द्वारा दिए गए खिताबों (Titles - जैसे 'सर', 'खान बहादुर' आदि) को त्यागने का आह्वान किया था। कम्युनिस्ट पार्टी अपने बयान में इसी घटना का हवाला देते हुए कहती है कि जनता के दबाव और भावनाओं के कारण ही नेताओं को ब्रिटिश उपाधियाँ छोड़नी पड़ी हैं। उस समय देश में सांप्रदायिक तनाव चरम पर था। कम्युनिस्ट पार्टी ने आम मुस्लिम जनता से अपील की कि वे अपने नेताओं को आपसी वैमनस्य और 'गृहयुद्ध' (सांप्रदायिक दंगों) के रास्ते पर जाने से रोकें। तत्कालीन वामपंथी विचारधारा के अनुरूप, इस अपील में धार्मिक ध्रुवीकरण के बजाय किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों की वर्गीय एकता पर जोर दिया गया, ताकि मुख्य लड़ाई ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ केंद्रित रहे।
कम्युनिस्ट पार्टी ने 16 अगस्त की हड़ताल का समर्थन क्यों किया?
मजदूरों की हड़ताल का समर्थन और मुस्लिम लीग के विभाजनकारी राजनीतिक कार्यक्रम का समर्थन दो अलग बातें थीं। मुस्लिम लीग की ‘प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस’ के राजनीतिक उद्देश्यों से असहमति के बावजूद कम्युनिस्ट पार्टी ने 16 अगस्त की मजदूर हड़ताल का समर्थन क्यों किया था? इसका जवाब 14 अगस्त को कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से जारी बयान में मिलता है।
Statement of the Bengal Provincial Committee of the CPI on Direct Action Day:
“मुस्लिम लीग की ओर से ‘प्रत्यक्ष संघर्ष दिवस’ (Direct Action Day) की घोषणा के कारण मजदूरों के बीच कई तरह की उलझन और भ्रम पैदा हुआ है...। लीग के नेता किसके खिलाफ लड़ने जा रहे हैं, यह बात स्पष्ट नहीं है। हम भारत के विभाजन का समर्थन नहीं करते, क्योंकि यह नुकसानदेह और अवांछित है। इसलिए इस दिन के प्रति हमारी कोई सहानुभूति नहीं है। लेकिन मजदूरों की एकता और दृढ़ता बनाए रखने तथा साम्राज्यवाद-विरोधी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए हम इस दिन हड़ताल करने को तैयार हैं। ”
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की बंगाल प्रांतीय समिति (Bengal Provincial Committee of the Communist Party of India) तथा बंगाल प्रांतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (BPTUC) के कम्युनिस्ट नेतृत्व द्वारा जारी किया गया यह बयानभारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की बंगाल इकाई के आधिकारिक बांग्ला मुखपत्र 'स्वाधीनता' (Swadhinta) के पहले पेज पर 15 अगस्त 1946 को प्रकाशित हुआ था। इसका अंग्रेजी अनुवाद पार्टी के केंद्रीय अंग्रेजी साप्ताहिक मुखपत्र 'पीपुल्स एज' (People's Age) में भी प्रकाशित हुआ था।
इन दस्तावेजों से स्पष्ट होता है कि कम्युनिस्ट पार्टी ने मजदूरों की एकता और साम्राज्यवाद-विरोधी संघर्ष को बनाए रखने के उद्देश्य से 16 अगस्त की हड़ताल का समर्थन किया था। पार्टी के इस राजनीतिक रुख को मुस्लिम लीग के विभाजनकारी कार्यक्रम के समर्थन के बराबर नहीं माना जा सकता। पार्टी को आशंका थी कि सांप्रदायिक राजनीति के दबाव में यह एकता बिखर सकती है। हालांकि, हड़ताल में शामिल अलग-अलग मजदूरों की व्यक्तिगत और राजनीतिक प्रेरणाएँ एक जैसी थीं, ऐसा निष्कर्ष भी इन दस्तावेजों से नहीं निकाला जा सकता।
इस तथ्य को पूर्वाग्रह से मुक्त होकर पढ़े बिना, ऐतिहासिक दस्तावेजों और प्रमाणों के आधार पर समझना संभव नहीं है। इसके बावजूद आज कुछ लोग यह प्रचार करने में लगे हैं कि ज्योति बसु* भी सुहरावर्दी के घर बैठक कर रहे थे। उस समय कम्युनिस्ट पार्टी में अभी-अभी शामिल हुए बिल्कुल नए सदस्य ज्योति बसु को अचानक सुहरावर्दी के घर क्यों बुलाया जाता - इसका जवाब सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे इन दावों** में नहीं मिलता।
*1946 के मध्य तक ज्योति बसु भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के तुलनात्मक रूप से युवा नेता थे। वे उस समय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हिस्सा नहीं थे। 1946 में ही वे पहली बार रेलवे निर्वाचन क्षेत्र से बंगाल विधानसभा (Bengal Legislative Assembly) के सदस्य (MLA) चुने गए थे। ऐतिहासिक दस्तावेजों और स्वयं ज्योति बसु की आत्मकथा (Memoirs) तथा द हिंदू में प्रकाशित उनके साक्षात्कारों के अनुसार, 16 अगस्त 1946 ('डायरेक्ट एक्शन डे') से पहले या दंगों की साजिश रचने के लिए उनके और तत्कालीन मुख्यमंत्री हुसैन शहीद सुहरावर्दी के बीच किसी बैठक का कोई जिक्र नहीं है। ज्योति बसु और सुहरावर्दी के एक साथ आने का जो ऐतिहासिक प्रमाण मिलता है, वह दंगे भड़कने के बाद का है; जब कलकत्ता में हिंसा बेकाबू हो गई, तब दंगों को रोकने और सांप्रदायिक सौहार्द बहाल करने के लिए सर्वदलीय शांति समितियों (Peace Committees) का गठन किया गया था और इसमें कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं, कांग्रेस के प्रतिनिधियों और स्वयं महात्मा गांधी के प्रयासों के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर संवाद हुआ था। दंगों की भयावहता को देखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री सुहरावर्दी ने सभी राजनीतिक दलों की एक आपातकालीन बैठक अपने आवास पर बुलाई थी। इस बैठक में कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से ज्योति बसु और भूपेश गुप्ता शामिल हुए थे।
**यह दावा कि ज्योति बसु 'डायरेक्ट एक्शन डे' के समर्थन या योजना के लिए सुहरावर्दी की बैठक में शामिल हुए थे, किसी ऐतिहासिक स्रोत से नहीं, बल्कि अगस्त 2018 से अगस्त 2020 के बीच प्रकाशित डिजिटल प्लेटफॉर्म (जैसे OpIndia और Medium) की पोलिटिकल कमेंट्री और ऑनलाइन डिजिटल लेखों से आता है, जहां घटनाओं के क्रम को उथल-पुथल कर मिला दिया गया है। तिथि और उद्देश्य का भ्रम ऐतिहासिक विसंगति है। उपलब्ध आत्मकथात्मक विवरणों, विधानसभा संबंधी अभिलेखों और अन्य संदर्भित ऐतिहासिक स्रोतों में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिलता कि ज्योति बसु 16 अगस्त की योजना बनाने या मुस्लिम लीग के प्रत्यक्ष कार्रवाई दिवस का समर्थन करने के लिए सुहरावर्दी के आवास पर हुई किसी बैठक में शामिल हुए थे। जिनका उल्लेख मिलता है, वह दंगों के बाद हिंसा रोकने के लिए बुलाई गई सर्वदलीय बैठक थी जिसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और कांग्रेस नेता भी मौजूद थे। इसे मुस्लिम लीग की गुप्त बैठक बताना ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत है। हालांकि, बैठक के दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कम्युनिस्टों के साथ एक ही समिति या जुलूस में शामिल होने पर आपत्ति जताई, जिसके कारण 'सर्वदलीय केंद्रीय शांति समिति' का प्रस्ताव विफल हो गया। अपने संस्मरणों (JYOTI BASU MEMOIRS, अध्याय VII) में ज्योति बसु स्पष्ट करते हैं कि 16 अगस्त को सरकारी छुट्टी घोषित किए जाने के खिलाफ उन्होंने बंगाल विधानसभा में बोलने और छुट्टी रद्द करने की मांग करने का प्रयास किया था, लेकिन स्पीकर और डिप्टी स्पीकर ने उन्हें अनुमति नहीं दी। यह विधानसभा के रिकॉर्ड (16 अगस्त से ठीक पहले) से भी सत्यापित होता है।

अबुल हाशिम का बयान
“कलकत्ता के दंगों के लिए मुख्य रूप से ब्रिटिश साम्राज्यवादी जिम्मेदार हैं। उन्होंने लंबे समय तक कूटनीतिक चालें चलकर इस दंगे की जमीन तैयार की थी। हम मूर्खों की तरह उनके बिछाए जाल में फंस गए।” - अबुल हाशिम, महासचिव, बंगाल प्रांतीय मुस्लिम लीग
बंगाल प्रांतीय मुस्लिम लीग के महासचिव अबुल हाशिम ने कलकत्ता के दंगों के लिए ब्रिटिश साम्राज्यवाद को मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराया। उनके बयान का आशय था कि ब्रिटिश शासकों ने लंबे समय तक कूटनीतिक चालों के जरिए इस दंगे की जमीन तैयार की थी। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को ब्रिटिश साम्राज्यवाद के जाल में फंसने से बचना चाहिए था। अबुल हाशिम का यह बयान इस बात का संकेत है कि उस समय मुस्लिम लीग के भीतर भी ऐसे नेता थे जो सांप्रदायिक हिंसा को राजनीतिक रूप से विनाशकारी मानते थे और उसके लिए ब्रिटिश साम्राज्यवादी नीतियों को जिम्मेदार ठहराते थे। अबुल हाशिम ने अपनी आत्मकथा In Retrospection (प्रकाशक: Subarna Publishers, ढाका, 1974) में इस बात पर विस्तार से लिखा है।
18 अगस्त को कम्युनिस्ट पार्टी की दो अपीलें
18 अगस्त 1946 को ‘स्वाधीनता’ अखबार में बंगाल कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव भवानी सेन की ओर से दो अपीलें प्रकाशित हुईं। इनमें एक आम जनता के नाम और दूसरी पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम थी।
आम जनता के नाम अपील
“भाई-भाई की लड़ाई अभी बंद कीजिए।”
शरत बाबू और सुहरावर्दी साहब से लेकर सभी दलों के नेता आपसे अपील कर रहे हैं। उनकी अपील को सफल बनाकर अपने-अपने दलों का सम्मान बचाइए। विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी नेता ले रहे हैं। यह जिम्मेदारी उन्हीं के हाथ में छोड़ दीजिए। आइए, हम सब मिलकर फिर से अपने पुराने कलकत्ता को लौटाएं - वह कलकत्ता जहां हिन्दू और मुसलमान साथ रहते थे; वह कलकत्ता जो ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुट था।
कम्युनिस्ट कार्यकर्ताओं के नाम अपील
(क) कलकत्ता के उन्मादी नागरिकों को आत्मघाती गृहयुद्ध के रास्ते से वापस लाइए। कांग्रेस, लीग और कम्युनिस्ट - सभी दलों के नेता पाड़ों और मोहल्लों में हर समुदाय के लोगों को साथ लेकर शांति-सेना बनाने का निर्देश दे चुके हैं। इस निर्देश के अनुसार काम कीजिए।
(ख) अपने-अपने पाड़े और मोहल्ले के सभी लोगों को एकजुट करके उनकी रक्षा कीजिए। बाहर से किसी भी तरह की उत्तेजना या उकसावे में आकर अपने इलाके की शांति भंग न होने दीजिए।
(ग) अपने-अपने इलाके के घायलों की सेवा की जिम्मेदारी लीजिए। बेघर और बेसहारा लोगों को आश्रय दीजिए। जरूरतमंदों की मदद कीजिए और भूख से परेशान लोगों तक भोजन पहुँचाने की कोशिश कीजिए।
(घ) जहाँ भी कोई घटना हो रही है, उसकी तत्काल सूचना स्वाधीनता कार्यालय (अखबार का कार्यालय) को देने की कोशिश कीजिए। अफवाहों और दहशत के खिलाफ प्रचार कीजिए। शहर में सामान्य स्थिति वापस लाने के लिए इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है।
18 अगस्त को बंगाल कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव भवानी सेन की ओर से प्रकाशित अपीलों का उद्देश्य हिंसा के बीच लोगों को संगठित करना और सांप्रदायिक टकराव रोकना था। इनमें राजनीतिक दलों के नेताओं से अपने मतभेदों को किनारे रखकर शांति बहाल करने की अपील की गई थी।
16 अगस्त 1946: इंसानियत की मिसालें
दंगे को रोका नहीं जा सका। इसके बावजूद हिंसा के उन भयावह दिनों में अनेक लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरे समुदाय के लोगों की रक्षा की। ‘स्वाधीनता’ अखबार में प्रकाशित संवाददाताओं की रिपोर्टों में ऐसी ही कुछ घटनाएँ दर्ज हैं।
हिन्दू-मुस्लिम एकता और एक-दूसरे की रक्षा की घटनाएँ
1. मुस्लिम बहुल हयात खाँ लेन और मुसलमानपाड़ा लेन में सांप्रदायिक हिंसा के बावजूद हिन्दू-मुस्लिम एकता बनी रही।
2. हमलावरों की भीड़ से विक्टोरिया इंस्टीट्यूशन की छात्राओं की रक्षा वहाँ पहुँचे मुस्लिम ट्राम कर्मचारियों ने की।
3. शोभाबाजार के एक बुजुर्ग ब्राह्मण विद्वान ने दो बच्चों के साथ आई एक मुस्लिम महिला को अपने घर में शरण दी। इसी तरह गरानहाटा स्ट्रीट की एक महिला ने चार मुस्लिम लोगों को अपने घर में आश्रय देकर उन्मादी हमलावरों से उनकी जान बचाई।
4. गुरुदयाल सिंह के नेतृत्व में गोरा बस्ती के हिन्दुओं और सिखों ने वहाँ के लगभग 200 मुसलमानों को हमलावरों से बचाया। उन्होंने याकूब पार्क के पास स्थित मस्जिद की भी पहरेदारी की।
5. स्विनहो स्ट्रीट के एक निवासी ने भाटिया कारखाने के मुस्लिम मजदूरों की हिन्दू हमलावरों से दो दिनों तक रक्षा की और बाद में उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
6. दंगे के पहले दिन से ही तिलजला के गरीब हिन्दू और मुसलमान एकजुट होकर शांति बनाए रखने की कोशिश करते रहे।
7. एंटनीबागान के छह हिन्दू परिवारों को स्थानीय मुस्लिम निवासियों ने अपने घरों में शरण दी। बुद्धू ओस्तागर लेन और एंटनीबागान लेन की महिलाओं और बच्चों समेत कई हिन्दू परिवारों को उनके मुस्लिम पड़ोसियों ने सुरक्षित सीताराम घोष स्ट्रीट तक पहुँचाया। गोखाना के पास रहने वाले लगभग 200 मोची और ट्राम कर्मचारियों के हिन्दू मेस में रहने वाले लोग भी स्थानीय मुसलमानों की सुरक्षा में सुरक्षित रहे।
8. उल्टाडांगा नहर के किनारे कुछ बैनर लगाए गए थे, जिन पर लिखा था - ‘उल्टाडांगा हिन्दू-मुसलमानों के लिए शांति क्षेत्र है।’ यहाँ दोनों समुदायों की दुकानें खुली थीं और मुरलीबागान, छोटाबागान तथा बसाकबागान जैसे इलाकों में लोग पहले की तरह भाईचारे के साथ रह रहे थे।
9. मुस्लिम बहुल इलाके बेलगछिया की कुंडू लेन में हिन्दू सुरक्षित थे।
10. उत्तरी कलकत्ता के देशबंधु पार्क (श्यामबाजार के पास) स्थित निकाशीपाड़ा बस्ती एक हिन्दू बहुल इलाका था। वहाँ रहने वाले 30 मुस्लिम परिवारों के लोगों की जान हिन्दू नेताओं के साहसिक हस्तक्षेप से बचाई गई। कलकत्ता के पूर्व मेयर (1945–1946) देवेंद्रनाथ मुखर्जी ने उन्मादी भीड़ को बार-बार वापस लौटाया। 21 अगस्त को यहाँ शांति समिति बनाई गई।
दंगे के बाद भी जारी रही मदद और इंसानियत
11. हाजी जकरिया लेन में एक मुस्लिम संवाददाता ने मुझे रोककर बताया कि बड़ा रास्ता और बस्ती की गली बंद होने के कारण वे बाहर नहीं जा पा रहे थे। वे रात-दिन पहरा देकर हिन्दू घरों की रक्षा कर रहे थे। वे जाहाजी (नाविक) यूनियन (Seamen's Union) के सदस्य भी थे। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को उनके मोहल्ले से बाहर गए लोगों में से 70–80 लोग अब तक लापता थे। वे गरीबों की बदहाली बताते-बताते रो पड़े। उन्होंने कहा कि कई दिनों से काम नहीं मिल रहा है। खाने का इंतजाम कैसे होगा, यह भी पता नहीं। घर में एक मुट्ठी चावल तक नहीं है और बाजार जाने का कोई रास्ता नहीं। बस्ती के गरीब लोग आखिर इस तरह कितने दिन गुजार पाएँगे?
टुवर्ड्स फ्रीडम: डॉक्यूमेंट्स ऑन द मूवमेंट फॉर इंडिपेंडेंस इन इंडिया, 1946, पार्ट 1 (Towards Freedom: Documents on the Movement for Independence in India, 1946, Part 1)। संपादक: प्रसिद्ध इतिहासकार सुमित सरकार (Sumit Sarkar) (प्रकाशक: ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस / ICHR, 2007)। पृष्ठ संख्या: पृष्ठ 683–685 (दस्तावेज़ संख्या 13: "Heroic Harmony Efforts")।
समाचार पत्र पीपुल्स एज (People's Age) - भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) का साप्ताहिक अंग्रेजी मुखपत्र के साथ ही इसके बंगाली दैनिक स्वाधीनता / Swadhinata में भी इस तरह की जमीनी रिपोर्टें छपी थीं)। लेख का शीर्षक थ: "Workers' and Common Man's Heroism Against Fratricidal War" (भ्रातृघाती युद्ध के विरुद्ध मजदूरों और आम आदमी की वीरता)। प्रकाशन तिथि : 1 सितंबर 1946।
12. एक मुस्लिम बहुल इलाके में 8–10 हिन्दू मजदूर एक अँधेरे कमरे में बैठकर भोजन कर रहे थे। दरवाजे पर कुछ मुस्लिम मजदूर पहरा दे रहे थे, ताकि कोई हमलावर भीतर न पहुँच सके।
इन घटनाओं को केवल सद्भाव की भावुक कहानियाँ समझकर नहीं टालना चाहिए। ये उस सामाजिक वास्तविकता का प्रमाण हैं जिसमें काम, पड़ोस, दोस्ती और रोजमर्रा के जीवन के रिश्ते सांप्रदायिक पहचान से अधिक मजबूत थे। हिंसा के बीच अपने घरों के दरवाजे खोलने वाले ये लोग किसी बड़े राजनीतिक मंच के नेता नहीं, बल्कि आम नागरिक थे। उन्होंने अपने साहस और मानवीय व्यवहार से सांप्रदायिक नफरत को चुनौती दी।
इस काले इतिहास से मिलने वाली सीख
इस काले इतिहास से कुछ जरूरी बातें सीखनी चाहिए:
(1) हिन्दूऔर मुसलमान लंबे समय से साथ रहते आए हैं। इस साझा जीवन ने दोनों समुदायों के बीच मेल-जोल और आपसी समझ के रिश्ते विकसित किए हैं। इसके बावजूद सामाजिक दूरियाँ, मतभेद और सामुदायिक पहचान से जुड़ी परंपराएँ भी मौजूद रही हैं। इसलिए यह मानना गलत होगा कि कोई समाज स्वभाव से ही सांप्रदायिक या पूरी तरह सांप्रदायिकता से मुक्त होता है। रोजी-रोटी और बेहतर जीवन के साझा संघर्ष में एकता को लगातार मजबूत करना जरूरी है।
(2) बदले की भावना से कभी दंगा नहीं रुकता, बल्कि वह और ज्यादा फैल सकता है।
(3) दंगे रोकना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। समय पर निष्पक्ष कार्रवाई और हिंसा रोकने की राजनीतिक इच्छाशक्ति न हो, तो दंगे फैलने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाना बेहद कठिन हो जाता है।
(4) दंगे के सबसे भयावह समय में भी दोनों समुदायों के कुछ लोगों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना हिंसा के खिलाफ डटकर खड़े होने की मिसाल पेश की। हमें इन लोगों और उनके साहस को खास तौर पर याद रखना चाहिए।

रत्नाबली चट्टोपाध्याय
अध्यक्ष, पुनर्नबा कोलकाता
(मूल बांग्ला संकलन से)
1946 के कलकत्ता का इतिहास बताता है कि सांप्रदायिक हिंसा केवल लोगों की जान नहीं लेती, बल्कि मेहनतकश जनता की साझा राजनीतिक ताकत को भी तोड़ती है। इसके बावजूद उस अंधकार में आम लोगों ने जिस साहस से एक-दूसरे की रक्षा की, वह इतिहास की अमूल्य विरासत है। इस विरासत को याद रखना इसलिए जरूरी है कि सांप्रदायिकता का मुकाबला केवल सद्भाव की अपील से नहीं, बल्कि मजदूरों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की साझा एकजुटता से किया जा सकता है।
1946 के कलकत्ता की स्मृति में बसे उन अनगिनत आम लोगों को सलाम, जिन्होंने हिंसा के बीच भी इंसानियत का साथ नहीं छोड़ा।
**
इतिहास के इन पन्नों के लिए आभार
यह विशेष आलेख ‘पुनर्नवा कोलकाता’ द्वारा प्रकाशित बांग्ला संकलन ‘ইতিহাস কথা বলুক’ (इतिहास कथा बोलुक) में उपलब्ध दस्तावेजों, संस्मरणों और समकालीन वक्तव्यों के आधार पर तैयार किया गया है। मूल सामग्री का हिंदी अनुवाद करते हुए उसे अतिरिक्त ऐतिहासिक संदर्भों और संपादकीय टिप्पणियों के साथ संयोजित एवं संवर्धित किया गया है।
संस्मरणों में दर्ज घटनाएँ संबंधित लेखकों के अनुभवों और स्मृतियों पर आधारित हैं। इस आलेख में प्रस्तुत प्रत्येक घटना का स्वतंत्र अभिलेखीय सत्यापन नहीं किया गया है। इसलिए संस्मरणों में व्यक्त व्यक्तिगत अनुभवों, आकलनों और दावों को संबंधित लेखकों के नाम और संदर्भ के साथ ही पढ़ा जाना चाहिए।
मूल बांग्ला पीडीएफ उपलब्ध कराने के लिए प्रो. मालिनी भट्टाचार्य, पूर्व सांसद, के प्रति विशेष आभार।
पुनर्नवा कोलकाता
पश्चिम बंगाल महिला आयोग की कुछ पूर्व सदस्यों द्वारा 2012 में स्थापित यह एक सामाजिक संगठन है। यह संगठन सर्वेक्षण, सेमिनार, चर्चा समूह (डिस्कशन ग्रुप) और कार्यशालाएं आयोजित करता है। इसके साथ ही यह महिला अधिकारों और महिलाओं से जुड़े कानूनों, शिक्षा, ऐतिहासिक मुद्दों, तथा ग्रामीण लोक संस्कृति जैसे विषयों पर पुस्तिकाएं (बुकलेट) भी प्रकाशित करता है।
उनके कुछ प्रमुख प्रकाशन पश्चिम बंगाल में किसानों की आत्महत्या, आज के पश्चिम बंगाल में उच्च शिक्षा, यौन उत्पीड़न कानून, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न कानून, और रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले जैसे विषयों पर आधारित हैं।
16 अगस्त 1946 के 'ग्रेट कलकत्ता किलिंग्स' (कलकत्ता दंगों) पर आधारित यह पीडीएफ (PDF), उनकी प्रस्तावित श्रृंखला 'इतिहास कथा बोलुक' (इतिहास को बोलने दें) की दूसरी कड़ी है।
प्रमुख ऐतिहासिक संदर्भ
The Nehru Archive — The Great Calcutta Killing, 17 August 1946 — नेहरू का तत्कालीन बयान और बंगाल सरकार के अनुसार मौतों तथा घायलों का आंकड़ा।
Sciences Po — The Calcutta Riots of 1946 — दंगों की पृष्ठभूमि, राजनीतिक घटनाक्रम और हिंसा के विभिन्न आकलन।
Prerna Agarwal — “Workers’ Way”: Moments of Labor in Late 1940s Calcutta — 29 जुलाई 1946 की आम हड़ताल और कलकत्ता के मजदूर आंदोलनों पर शोध।
AITUC Report, Twenty-Second Session, Calcutta, 1947 — मजदूर आंदोलन और समकालीन ट्रेड यूनियन दस्तावेज।
The National Archives, UK — Calcutta riots, part one — दंगों के शुरुआती दिनों पर ब्रिटिश प्रशासनिक अधिकारी की रिपोर्ट।
Jyoti Basu — Interview, December 2005 और Jyoti Basu Memoirs — दंगों के बाद शांति-प्रयासों और सुहरावर्दी के घर हुई बैठक का विवरण।
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...