वाम की आवाज़ (Vaam Ki Aawaz)
अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ,न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !
रविवार, 29 नवंबर 2026 | Sunday, 29 November 2026
|
संपर्क: vaamkiaawaz@gmail.comसदस्यता में
वाम की आवाज़ लोगो
वाम की आवाज़ (Vaam Ki Aawaz)
अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ,न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !
लाइव कवरेज
होमताज़ा खबरेंविश्लेषण

वाम की आवाज़

जन समाचार मंच

विश्लेषण

26 नवंबर: संविधान दिवस: डॉ.अंबेडकर और आरएसएस

जसविंदर सिंह•23 नवंबर 202628 मिनट पठन145 बार पढ़ा गया

संविधान की रक्षा उसकी आड़ लेने से नहीं, उसके मूल्यों को सामाजिक और आर्थिक जीवन में लागू करने से होगी। भारत का लोकतंत्र चुनावी व्यवस्था का शो-केस मात्र नहीं हैं । डॉ. अंबेडकर का लोकतंत्र केवल चुनावी व्यवस्था नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय पर आधारित जीवन-दृष्टि है । कॉर्पोरेट पूंजी के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव, कमजोर किए जाते विपक्ष, सामाजिक-आर्थिक विषमता और मताधिकार से जुड़ी चुनौतियों के बीच उनका विचार आज नए सिरे से प्रासंगिक है। संविधान की रक्षा तभी संभव है, जब राजनीतिक लोकतंत्र के साथ सामाजिक और आर्थिक समानता भी सुनिश्चित हो।

26 नवंबर: संविधान दिवस: डॉ.अंबेडकर और आरएसएस


डॉ. अंबेडकर को याद करना और उनके विचारों पर चलना दो अलग-अलग बातें हैं। संविधान दिवस पर माल्यार्पण और भाषण तभी सार्थक हैं, जब लोकतंत्र को उनकी कसौटी - स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व, निष्पक्ष चुनाव, मजबूत विपक्ष और सामाजिक न्याय - पर परखा जाए। अंबेडकर के लिए लोकतंत्र महज चुनाव और बहुमत की सत्ता नहीं, बल्कि समान अधिकारों पर आधारित सामाजिक व्यवस्था है । राजनीतिक लोकतंत्र, सामाजिक और आर्थिक समानता के बिना अधूरा है। जब राजनीतिक चंदे और संसाधनों पर कॉर्पोरेट घरानों का वर्चस्व बढ़ता है, जातिगत भेदभाव कायम रहता है और धार्मिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा मिलता है, तब संवैधानिक समानता भी कमजोर होती है। मजबूत विपक्ष, स्वतंत्र संस्थाएं और असहमति का अधिकार लोकतंत्र की बुनियादी शर्तें हैं। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण में भी यह सुनिश्चित होना चाहिए कि कोई पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो।

अंबेडकर की विरासत का वास्तविक अर्थ है सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता के संघर्ष को साथ लेकर चलना। शिक्षा, रोजगार, सम्मान और संसाधनों में वंचितों की वास्तविक हिस्सेदारी के बिना लोकतंत्र केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा। संविधान की रक्षा का अर्थ है नागरिक की गरिमा, अधिकार और समानता की रक्षा - ताकि संविधान सत्ता की सुविधा नहीं, जनता के अधिकारों का दस्तावेज बना रहे।

जसविंदर सिंह लिखते हैं - आज जब आरएसएस और भाजपा डॉ. अंबेडकर के साथ अपने निकट संबंधों का दावा करते हैं, तब इन सबके प्रति उनका दृष्टिकोण समझ लेना जरूरी है । - वाम की आवाज



डॉ. अंबेडकर और आरएसएस:

सत्ता, पूँजी और असमनता के सवाल

अंबेडकर की चेतावनियां:

संविधान और लोकतंत्र पर बढ़ते खतरे

~ जसविंदर सिंह ~

वाम की आवाज। 26 नवंबर को संविधान दिवस है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) एक बार फिर डॉ. भीमराव अंबेडकर और भारतीय संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताने की रस्म अदायगी करेंगे। लेकिन आज यह समझना बेहद जरूरी है कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिन खतरों के प्रति देश को आगाह किया था, नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियां उन्हीं खतरों को और गंभीर बना रही हैं।

डॉ. अंबेडकर के लिए लोकतंत्र केवल चुनाव कराने या बहुमत के आधार पर सरकार बनाने की व्यवस्था नहीं था। उनके लिए लोकतंत्र का अर्थ था - स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व, असहमति का सम्मान, स्वतंत्र विपक्ष और निष्पक्ष चुनाव। आज भारतीय लोकतंत्र की स्थिति का मूल्यांकन इन्हीं कसौटियों पर किया जाना चाहिए।

लोकतंत्र के दो बुनियादी स्तंभ

28 अक्टूबर 1951 को डीएवी कॉलेज, जालंधर में छात्रों की संसद को संबोधित करते हुए डॉ. अंबेडकर ने संसदीय लोकतंत्र के दो बुनियादी स्तंभ बताए थे - विपक्ष और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव।

डॉ. अंबेडकर ने कहा था, ''संसदीय प्रणाली के दो स्तंभ हैं - एक प्रतिपक्ष और दूसरा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव।'' उन्होंने विपक्ष को स्वतंत्र राजनीतिक जीवन की कुंजी बताते हुए स्पष्ट किया था कि उसके बिना लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने साफ साफ कहा था कि इन स्तंभों को मजबूत और सुरक्षित किए बगैर हम लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर पाएंगेl

(इस भाषण का मूल पाठ भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा प्रकाशित Dr. Babasaheb Ambedkar: Writings and Speeches, Volume 17, Part III में उपलब्ध है।)
डॉ. अंबेडकर का मूल भाषण, 28 अक्टूबर 1951

डॉ. अंबेडकर जब लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की अनिवार्यता बता रहे थे, तब 2014 में सत्ता में आने के बाद नरेंद्र मोदी ने ''कांग्रेस मुक्त भारत'' का नारा दिया। कॉंग्रेस मुक्त से शुरू हुआ यह नारा विपक्ष मुक्त भारत तक पहुंच गया l उसके बाद तो असहमति की हर आवाज को दबाया जाने लगा l सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, आंदोलनकारी, जो भी सरकार के विरोध में अपनी राय व्यक्त करता है, उसे राष्ट्रविरोधी करार देकर जेलों में ठूंस दिया गया l डॉ अम्बेडकर जब विपक्ष को लोकतंत्र का बुनियादी स्तंभ बताते हैं, तब भाजपा की ओर से विपक्षी पार्टियों को तोड़ा गया l उनके चुनाव चिन्ह भी या तो फ्रिज कर लिए गए या फिर मूल पार्टी तोड़कर भाजपा के साथ आए पार्टी तोड़कों को दे दिए गए l महाराष्ट्र में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विभाजन तथा उनके चुनाव चिह्नों को लेकर हुए विवाद इसके उल्लेखनीय उदाहरण हैं। राजनीतिक दलों के आंतरिक विभाजन और चुनाव चिह्न संबंधी फैसलों ने चुनाव आयोग की भूमिका और निष्पक्षता पर भी बहस पैदा की है।

लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशें हर स्तर पर हुई l संसद की कार्यवाही के मामले में भी गिरावट दर्ज की गई है। पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के अनुसार, 14वीं लोकसभा में प्रतिवर्ष औसतन 66 बैठकें हुईं। 15वीं लोकसभा में यह औसत 71, 16वीं में 66 और 17वीं लोकसभा में घटकर 55 रह गया।

अर्थात 15वीं लोकसभा की औसत 71 वार्षिक बैठकों की तुलना में 17वीं लोकसभा में औसत 55 वार्षिक बैठकों में लगभग 22.5 प्रतिशत की कमी आई। 16वीं लोकसभा में औसत 66 वार्षिक बैठकों और 17वीं लोकसभा में औसत घटकर 55 वार्षिक बैठकों की गिरावट लगभग 16.7 प्रतिशत है। 17वीं लोकसभा में कुल 274 बैठकें हुईं, इसके 15 सत्रों में से 11 निर्धारित समय से पहले स्थगित हुए और 40 निर्धारित बैठकें नहीं हो सकीं।

संसद की कार्यवाही पर पीआरएस की रिपोर्ट: Functioning of the 17th Lok Sabha

इंडियन एक्स्प्रेस की रिपोर्ट

यह तब हो रहा है, जब अपने इसी भाषण में डॉ अंबेडकर ने विपक्ष का महत्व बताते हुए कहा था, “ संसदीय जनतंत्र की महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि किसी प्रश्न के दो पहलू हैं तो जनता को वह दूसरा पहलू भी पता होना चाहिए l इस तरह, कार्यात्मक विरोध आवश्यक है, प्रतिपक्ष स्वतंत्र राजनीतिक जीवन की कुंजी है l इसके बगैर कोई जनतंत्र नहीं हो सकता हैl”

डॉ. अंबेडकर ने अपने जालंधर भाषण में विपक्ष का महत्व समझाते हुए कहा था कि जनता को किसी भी प्रश्न के दोनों पक्षों की जानकारी मिलनी चाहिए। सरकार केवल अपना पक्ष रखे और जनता तक दूसरा पक्ष न पहुंचे, तो लोकतंत्र का वास्तविक उद्देश्य समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा था कि स्वतंत्र विपक्ष सरकार की एकतरफा प्रचार नीति पर अंकुश लगाने और जनता को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक है।

चुनाव और कॉर्पोरेट पूंजी का गठजोड़

डॉ. अंबेडकर ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की चर्चा करते हुए राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने 1951 में ही बड़े व्यापारिक घरानों द्वारा राजनीतिक दलों को दिए जाने वाले चंदे पर गंभीर चिंता जताई थी। उनका तर्क था कि यदि धनवान लोग किसी राजनीतिक दल को चुनावी चंदा देकर चुनावों को प्रभावित करेंगे और वह दल सत्ता में आ जाएगा, तो स्वाभाविक रूप से वे अपने आर्थिक हितों के अनुरूप नीतियां और कानून बनवाने का प्रयास करेंगे।

डॉ अंबेडकर अपने इसी भाषण में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की बात करते हुए सभी राजनीतिक दलों के लिए समान स्तर ( equal level play ground) की बात करते हैं l उन्होंने 1951 में जब देश का पहला संसदीय चुनाव 1951-52 में होने वाला था, तब उन्होंने बड़े व्यापारिक घरानों द्वारा एक पार्टी को दिए जाने वाले चंदे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि इसके जनतंत्र के लिए दुखदायी परिणाम होंगे l

उनके शब्दों में, “हमें इस सच्चाई को नज़रंदाज नहीं करना चाहिए कि बड़े व्यापारिक घराने इस देश के राजनीतिक जीवन में बड़ी भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे हैं l यह बड़े व्यापारिक घराने कॉंग्रेस को जितना बड़ा धन सहयोग में दे रहे हैं, वह चिन्ताजनक है l यदि धनवान लोग किसी राजनीतिक पार्टी को चुनावी चंदा देकर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं, तो इसका परिणाम क्या होगा? जिस पार्टी को वे अर्थिक रूप से समर्थन देते हैं, यदि वह सत्ता में आती है, तो स्वाभाविक रूप से वे अपने लिए रियायतें हांसिल करने की कोशिश करेंगे l यह काम वे या तो मौजूदा कानूनों में संशोधन करवाकर करेंगे या फिर पार्टी को इस तरह प्रभावित करके कि वह उनके हितों के अनुकूल कानून बनाए l मित्रों, मैं आपसे पूछता हूं कि क्या इन परिस्थितियों में इस बात की उम्मीद बचती है कि संसदीय शासन व्यवस्था देश के हित में कोई अच्छा काम कर पाएगी? मैं चाहूँगा कि आप महाभारत का संदर्भ याद करें l पांडवों और कौरवों के बीच युद्ध के दौरान भीष्म और द्रोण कौरवों की ओर से मैदान में थे l पांडवों का पक्ष सही था और कौरवों का गलत l भीष्म ने इसे स्वीकार भी किया था l”

“जब किसी ने भीष्म से पूछा कि वे कौरवों का समर्थन क्यों कर रहे हैं, जबकि आप जानते हैं कि पांडवों का पक्ष सही है तो उन्होंने बहुत असाधारण जवाब दिया था, मुझे नमक के प्रति वफादार होना चाहिए l अगर मैंने कौरवों का खाना खाया है तो मुझे उन्हीं के साथ होना चाहिए था भले ही वह गलत थे l”

जब भीष्म से पूछा गया कि वे गलत पक्ष का साथ क्यों दे रहे हैं, तो उनका जवाब था कि जिस पक्ष का नमक खाया है, उसके प्रति वफादार रहना उनका कर्तव्य है। डॉ. अंबेडकर ने इस प्रसंग के माध्यम से बताया था कि आर्थिक निर्भरता किस प्रकार राजनीतिक और नैतिक निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है।

नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी सिर्फ साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के कारण ही सत्ता में नहीं आई है, बल्कि कॉर्पोरेट घरानों के साथ गठजोड़ के बाद ही सत्ता में आयी है l कार्पोरेट घरानों द्वारा भाजपा को दिए जाने वाले धन की तो कल्पना भी नहीं कर सकते हैं l देश में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त 6 दल हैं l राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त दलों की संख्या 60 है l ए डी आर की रिपोर्ट के अनुसार 2014-15 से 2023-24 के दौरान भाजपा को 9368.18 करोड़ चंदा मिला है l यह सभी दलों को मिलने वाले चंदे का 80.92 प्रतिशत है l इलैक्टोरल बांड्स की व्यवस्था तो मोदी सरकार ने सिर्फ चंदा देने वाली कम्पनियों के नाम छुपाने के लिए ही की थी l 2022-23 में इलैक्टोरल बांड्स के तहत कम्पनियों ने राजनीतिक दलों को 680.49 करोड़ का चंदा दिया, इसमे से 610.49 करोड़ सिर्फ भाजपा को चंदा मिला l यह कुल चंदे का 89.7 प्रतिशत हैl उल्लेखनीय है कि 2004-05 से 2013-14 के दौरान भाजपा को 61.67 प्रतिशत चंदा ही मिलता था, जो अब 80.92 प्रतिशत है l

[भाजपा को मिले कॉरपोरेट चंदे [₹6,607 करोड़] और इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिले चंदे [₹2,761 करोड़] को जोड़ते हैं, तो इनका योग ₹9,368 करोड़ के करीब बैठता है। हालांकि, एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार इलेक्टोरल ट्रस्ट का अधिकांश पैसा भी कॉरपोरेट घरानों से ही आता है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की मार्च 2026 में प्रकाशित रिपोर्ट Political Finance in India के अनुसार, 2014-15 से 2023-24 के बीच भाजपा को 20,000 रुपये से अधिक के घोषित चंदे के रूप में लगभग 7,067.54 करोड़ रुपये मिले। यह इस अवधि में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को मिले कुल ऐसे घोषित चंदे का लगभग 80.92 प्रतिशत था। इसके मुकाबले 2004-05 से 2013-14 के बीच भाजपा को कुल घोषित चंदे का 61.67 प्रतिशत हिस्सा मिला था।

ADR की राजनीतिक वित्त संबंधी रिपोर्ट और आंकड़े

वित्त वर्ष 2022-23 में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को कॉर्पोरेट और व्यावसायिक क्षेत्र से कुल 680.495 करोड़ रुपये का चंदा मिला। इसमें से 610.491 करोड़ रुपये अकेले भाजपा को प्राप्त हुए। यह राष्ट्रीय दलों को मिले कुल कॉर्पोरेट चंदे का लगभग 89.7 प्रतिशत था। यह आंकड़ा इलेक्टोरल बॉन्ड का नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव आयोग को दी गई योगदान रिपोर्टों में दर्ज कॉर्पोरेट और व्यावसायिक क्षेत्र के चंदे का है।

ADR की 2022-23 की मूल रिपोर्ट

इलेक्टोरल बॉन्ड की व्यवस्था ने राजनीतिक चंदे की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए। इस व्यवस्था के तहत चंदा देने वालों की पहचान सार्वजनिक नहीं होती थी। 15 फरवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने इलेक्टोरल बॉन्ड योजना को असंवैधानिक घोषित कर दिया। अदालत ने कहा कि राजनीतिक दलों को मिलने वाले वित्तपोषण की जानकारी सार्वजनिक न करना नागरिकों के सूचना के अधिकार का उल्लंघन है। कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा राजनीतिक दलों को असीमित चंदा देने की अनुमति से जुड़े कानूनी संशोधनों को भी मनमाना और असंवैधानिक माना गया। उल्लेखनीय हैं कि इलेक्टोरेल बॉन्ड से चन्दा देनेवालों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

सुप्रीम कोर्ट का इलेक्टोरल बॉन्ड संबंधी आदेश और निर्णय ]


चंदा देने वाले कॉपरेटिव घरानों मुनाफे बढ़ाने के लिए ही नीतियां बनाई जा रही हैं l कोविड के दौरान जब दुनिया भर में कारोबार ठप्प थे, तब अम्बानी पहले एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने और फिर विश्व के दूसरे नंबर के अमीर बन गए l जब करोड़ों लोगों का रोजगार छिन गया और करोडों हज़ारों मील पैदल चल रहे थे , तब अडानी की आमदनी 90 करोड़ प्रति घंटा और अम्बानी की आमदनी 110 करोड़ रुपए प्रति घंटा की दर से बढ़ रही थी l डॉ अम्बेडकर ने यही आगाह किया था कि यदि इस प्रकार कार्पोरेट घराने किसी विशेष राजनीतिक दल को धन देंगे तो देश में जनतंत्र पर कयामत आ जाएगी l

डॉ. अंबेडकर की चिंता यही थी कि जब राजनीतिक सत्ता बड़े आर्थिक हितों के प्रभाव में काम करने लगेगी, तब लोकतंत्र का वास्तविक उद्देश्य कमजोर हो जाएगा। आज चुनावी राजनीति में कॉर्पोरेट पूंजी की बढ़ती भूमिका इस चेतावनी की प्रासंगिकता को सामने लाती है। कोविड महामारी के दौरान भी आर्थिक असमानता का यह सवाल तीखा होकर सामने आया था। जब करोड़ों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई, तब दूसरी ओर देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों की संपत्ति में भारी वृद्धि हुई।

हुरुन इंडिया की 29 सितंबर 2020 की रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2020 के लॉकडाउन के बाद मुकेश अंबानी की संपत्ति में 2,77,700 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई और उनकी संपत्ति 6,58,400 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। रिपोर्ट ने इस वृद्धि को लगभग 90 करोड़ रुपये प्रति घंटा के रूप में दर्ज किया था।

Hurun India Rich List 2020 की मूल रिपोर्ट

यह तुलना केवल व्यक्तिगत संपत्ति की वृद्धि का सवाल नहीं है। लेखक का यह चिंतन उस आर्थिक व्यवस्था पर सवाल उठाता है, जिसमें एक ओर करोड़ों लोग रोजगार और आजीविका के संकट से जूझते हैं और दूसरी ओर मुट्ठीभर कॉर्पोरेट घरानों की संपत्ति अभूतपूर्व गति से बढ़ती है।

तानाशाही या लोकतंत्र?

दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान 18 जुलाई 1942 को नागपुर में आयोजित तीसरे अखिल भारतीय दलित वर्ग (ऑल इंडिया डिप्रेस्ड क्लासेस) के सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. अंबेडकर ने नाजी तानाशाही के विरुद्ध लोकतंत्र की रक्षा का आह्वान किया था।

डॉ. अंबेडकर ने हिटलर की हार को सुनिश्चित किए जाने के लिए युद्ध का समर्थन करने का आव्हान करते हुए कहा था , “ यह लड़ाई अब जनतन्त्र और तानाशाही के बीच है, यह किसी प्रबुद्ध या उदार तानाशाही के विरुद्ध नहीं, बल्कि सबसे बर्बर किस्म की तानाशाही के विरुद्ध युद्ध है l यह ऐसी तानाशाही है, जिसका आधार कोई नैतिक आदर्श नहीं है बल्कि नस्लीय अहंकार है l यदि किसी एक तानाशाही को खतम किया जाना अनिवार्य है तो वह यही घृणित नाजी तानाशाही है l इस देश में दिखाई देने वाले तमाम राजनीतिक मतभेदों और भविष्य की अनिश्चितताओं के बीच, हमें यह भूल जाने का खतरा है कि यदि नाज़ीवाद जीतता है तो वह हमारे भविष्य के लिए कितना बड़ा खतरा साबित होने वाला है l इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि नाजीवाद का नस्लीय आधार भारतीयों के लिए प्रत्यक्ष खतरा है l यदि परिस्थितियों का यह आंकलन सही है तो मुझे लगता है कि यह हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि हम सुनिश्चित करें कि इस धरती पर मानवीय रिश्तों का अहम नियम लोकतंत्र समाप्त न हो जाए l अगर हम इस पर यकीन करते हैं, तो हमें इसके प्रति सच्चा और वफादार होना चाहिए l हमें न केवल लोकतंत्र में अपनी आस्था पक्की रखना चाहिए बल्कि हमें यह भी पक्का करना चाहिए कि हम जो कुछ भी करें, उससे लोकतंत्र के दुश्मनों को स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के असूलों को जड़ से उखाड़ने में मदद न मिलेl”

उन्होंने इस युद्ध को लोकतंत्र और तानाशाही के बीच संघर्ष बताया था। उनके अनुसार नाजीवाद केवल एक राजनीतिक व्यवस्था नहीं था, बल्कि उसका आधार नस्लीय अहंकार था, जो भारतीयों के भविष्य के लिए भी खतरा पैदा करता था। उन्होंने कहा था कि यदि नाजीवाद जीतता है तो वह मानव संबंधों के लोकतांत्रिक आधार को समाप्त कर सकता है। इसलिए यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि लोकतंत्र दुनिया में शासन और मानवीय संबंधों का आधार बना रहे। अपने भाषण में उन्होंने स्पष्ट कहा था कि लोकतंत्र के प्रति आस्था रखने वालों को ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिससे उसके दुश्मनों को स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को उखाड़ फेंकने में मदद मिले।

यह भाषण डॉ. अंबेडकर के सरकारी संकलित लेखन के खंड 17, भाग 3 में उपलब्ध है।

डॉ. अंबेडकर का 18 जुलाई 1942 का मूल भाषण

आज जब आरएसएस और भाजपा डॉ. अंबेडकर के साथ अपने निकट संबंधों का दावा करते हैं, तब यह जानना जरूरी है कि आरएसएस के प्रमुख वैचारिक चिंतकों का हिटलर और नाजीवाद के प्रति क्या दृष्टिकोण है।

गोलवलकर अपनी किताब वी एंड ऑवर नेशनहुड डिफाईंन्ड में हिटलर के नेतृत्व में जर्मनी और मुसोलिनी के नेतृत्व में इटली की तारीफ वे इस प्रकार करते हैं,” इटली को देखें, भूमध्य सागर के इर्द-गिर्द के समग्र इलाके को नियंत्रित करने वाली पुरानी नस्ली चेतना, जो अब तक दबी पड़ी थी, अब जाग गई है और उसने नस्ली राष्ट्रीय आकांक्षाओं को आकार दिया है I पुरानी नस्ल भावना, जिसने जर्मन कबीलों को समूचे यूरोप पर नियंत्रण करने के प्रेरित किया, अब आधुनिक जर्मनी में नए सिरे से जाग उठी है l”

इसी प्रकार विनायक दामोदर सावरकर ने भी 1940 में हिंदू महासभा के मदुरै अधिवेशन में अपने अध्यक्षीय भाषण में जर्मनी के नाजीवाद और इटली के फासीवाद की प्रशंसा की थी।

सावरकर तो हिटलर की तारीफ करते हुए भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के नेताओं की आलोचना करने से भी नहीं हिचकिचाते हैं l जब पूरी दुनिया दूसरे विश्वयुद्ध में फासीवाद और हिटलर के हारने की कामना कर रहे थे, तब 1940 में हिंदू महासभा के मदुरै अधिवेशन में अध्यक्षीय भाषण भाषण में कहते हैं, “ यह मानने की कोई वज़ह नहीं है कि हिटलर मानव रूपी राक्षस हैं क्योंकि वे नाजी थे या चर्चिल देवता हैं क्योंकि वे खुद को लोकतांत्रिक कहते हैं l जर्मनी जिस प्रकार की परिस्थितियों से घिर गया था उसमें नाजीवाद उनके लिए सुस्पष्ट रूप से मुक्तिदाता साबित हुआ..”

सावरकर यहीं ही नहीं रुकते हैं, वे आजादी के आंदोलन के नेताओं और पंडित जवाहर लाल नेहरू की आलोचना करते हुए जर्मनी और हिटलर की तारीफ करते हुए कहते हैं, “ हम कौन होते हैं, जर्मनी, जापान या रूस या इटली को बताने वाले कि वह खास तरह की शासन नीति अपनाएं, क्योंकि हम उसे अकादमिक आकर्षण के चलते अपनाना चाहते हैं? हिटलर पंडित नेहरू से ज्यादा जानते हैं कि जर्मनी के लिए सबसे उपयुक्त क्या होगा l नाजीवाद, फासीवाद की जादुई छड़ी के छूने से ही जर्मनी और इटली जिस आश्चर्यचकित रूप से उभरे और विकसित हुए हैं, जैसे कि इससे पहले कभी नहीं हुआ था, यही साबित करने के लिए काफी है कि वही राजनैतिक ‘वाद’ ( अर्थात फासीवाद और नाजीवाद ) उनकी सेहत के लिए जिस उपयुक्त टानिक की ज़रूरत थी वे वही हैं l”

भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार आज भी गोलवलकर और सावरकर की इसी नस्लवादी विचारधारा पर चल रही है I दुनिया भर में बदनाम इस्राइल की नस्लभेदी सरकार का मोदी सरकार और आरएसएस खुलकर समर्थन कर रहे हैं। पिछले 12 साल में मोदी सरकार उन्हीं फासीवादी साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की नीतियों पर चल रही है, जिसकी चिंता करते हुए डॉ अम्बेडकर ने फासीवाद की हार सुनिश्चित करने का आव्हान कर रहे थे l

आरएसएस के दूसरे सरसंघचालक एम.एस. गोलवलकर ने अपनी पुस्तक We, or Our Nationhood Defined में इटली और जर्मनी की नस्लीय चेतना के पुनरुत्थान का उल्लेख किया था। पुस्तक के पृष्ठ 82 पर वे लिखते हैं कि इटली में पुरानी रोमन नस्लीय चेतना फिर जागृत हुई और उसने नस्लीय-राष्ट्रीय आकांक्षाओं को आकार दिया। इसी तरह वे आधुनिक जर्मनी में जर्मनिक नस्लीय भावना के पुनरुत्थान का उल्लेख करते हैं। यह संदर्भ महत्वपूर्ण है, क्योंकि गोलवलकर ने यूरोप के इन नस्लीय राष्ट्रवादी आंदोलनों को राष्ट्रीय चेतना के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया था।
गोलवलकर की पुस्तक We, or Our Nationhood Defined का मूल पाठ
इस भाषण के उद्धरणों और ऐतिहासिक संदर्भ का विश्लेषण कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, लॉस एंजिलिस (UCLA) के दक्षिण एशिया अध्ययन केंद्र में प्रकाशित शोध आलेख में भी मिलता है।

UCLA: Gandhi and Hitler - A Case of Doppelgangers

भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार आज भी गोलवलकर और सावरकर की इसी नस्लवादी विचारधारा पर चल रही है । दुनिया भर में बदनाम इस्राइल की नस्लभेदी सरकार का मोदी सरकार और आरएसएस खुलकर समर्थन कर रहे हैं। पिछले 12 साल में मोदी सरकार उन्हीं फासीवादी साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की नीतियों पर चल रही है, जिसकी चिंता करते हुए डॉ अम्बेडकर फासीवाद की हार सुनिश्चित करने का आव्हान कर रहे थे l

इन ऐतिहासिक संदर्भों को सामने रखने का उद्देश्य यह समझना है कि लोकतंत्र, बहुलता और समानता के सवाल पर डॉ. अंबेडकर तथा हिंदुत्व विचारधारा के प्रमुख चिंतकों के बीच बुनियादी वैचारिक अंतर रहा है। आज भाजपा और आरएसएस की राजनीति में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण और बहुसंख्यकवादी प्रवृत्तियों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इजराइल की सरकार के प्रति मोदी सरकार के समर्थन और भारत की विदेश नीति को लेकर भी बहस होती रही है। इन परिस्थितियों में डॉ. अंबेडकर की फासीवाद-विरोधी चेतावनियों को याद करना और भी जरूरी हो जाता है।

सार्वभौमिक मताधिकार: लोकतंत्र का आधार

डॉ. अंबेडकर का मानना था कि मताधिकार को किसी विशेषाधिकार की तरह नहीं देखा जाना चाहिए, जिसे सत्ता में बैठे लोग अपनी इच्छा से दें या रोक दें। यदि राजनीतिक अधिकार शासक वर्ग की कृपा पर निर्भर होंगे तो वंचित तबकों की राजनीतिक मुक्ति असंभव हो जाएगी। उन्होंने निरक्षरता को मताधिकार से वंचित करने का आधार बनाने का भी विरोध किया था। उनका तर्क था कि यदि किसी व्यक्ति को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर नहीं मिला है तो इसके लिए उसे जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। निरक्षरता के आधार पर मताधिकार छीनना उन लोगों को दंडित करना होगा जिन्हें शिक्षा की सुविधा ही उपलब्ध नहीं कराई गई। उनकी दृष्टि में साक्षरता और बुद्धिमत्ता एक ही चीज नहीं हैं। कोई व्यक्ति निरक्षर होते हुए भी सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक हो सकता है।

भारत में संविधान तो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ l संविधान में प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना किसी जाति, धर्म, लिंग या संपत्ति के भेदभाव के मताधिकार दिया गया l हालांकि संविधान सभा में भी बहुत से लोग इसके पक्ष में नहीं थे l किन्तु डॉ अंबेडकर सार्वभौमिक मताधिकार को लेकर किसी दुविधा में नहीं थे l साइमन कमिशन के भारत आने के बाद वे 29 मई 1928, 23 अक्टूबर 1928 और 17 मई 1929 को कमिशन के सामने प्रस्तुत हुए और बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए मताधिकार की मांग की, बशर्ते कि उसकी उम्र 21 साल हो गयी हो l

डॉ अंबेडकर ने तर्क दिया, “यदि मताधिकार को एक ऐसा विशेषाधिकार माना जाए जिसे राजनीतिक सत्ता में बैठे लोग अपनी मर्जी से दे सकते हैं या रोक सकते हैं- इस आधार पर कि इसका किस तरह इस्तेमाल किया जा सकता है- तो यह स्पष्ट है कि जिन लोगों के पास मताधिकार नहीं है, उनकी राजनीतिक मुक्ति पूरी तरह से उन लोगों की दया पर निर्भर होगी, जिनके पास मताधिकार है l यदि इस निष्कर्ष को मान लिया जाए तो फिर गुलामी भी गलत नहीं है l गुलामी में भी यह अवधारणा होती है कि व्यक्तियों के पास कोई अधिकार नहीं होता है सिवाय इसके के सत्ता में बैठे लोग जो उन्हें देना चाहते हैं l”

उस समय मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष थी, जिसे 61वें संविधान संशोधन के बाद घटाकर 18 वर्ष कर दिया गया।

आजादी से पहले संपत्तिधारियों , धनवानों, सामंतों और उन लोगों को ही वोट देने का अधिकार था जो सरकार को टैक्स देते थे l डॉ अंबेडकर ने इसे जनतंत्र की परिकल्पना के ही विरुद्ध बताते हुए कहा, “ निजी संपत्ति पर आधारित हर समाज में, साथ मिलकर रहने की शर्तों को लगातार फिर से तय करना पड़ता है। लेकिन ऐसा तब तक संभव नहीं है, जब तक कि मताधिकार को संपत्ति से अलग न किया जाए और इसे संपत्तिहीन सभी वयस्कों तक न पहुँचाया जाए l”

एक तर्क यह दिया गया कि निरक्षर लोग अज्ञानी होते हैं l वे अपने अधिकार का उचित इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे l इसलिए उन्हें मताधिकार नहीं देना चाहिए l

डॉ अंबेडकर ने इस तर्क को सिरे से नकारते हुए सभी बालिग नागरिकों के लिए मताधिकार की वक़ालत करते हुए कहा, “अक्सर यह सवाल पूछा जाता है कि ऐसे अनपढ़ लोगों को वोट देने का अधिकार कैसे दिया जा सकता है ? मेरा जवाब यह है कि उनकी इस निरक्षरता के लिए जिम्मेदार कौन है? अगर निरक्षरता की जिम्मेदारी सरकार की है, तो वोट देने के अधिकार के लिए साक्षरता को एक शर्त बना देने का मतलब होगा – उन बहुत सारे लोगों को बाहर कर देना, जिन्हें बिना उनकी किसी गलती के, कभी साक्षर होने का मौका ही नहीं मिला l” वे यह भी तर्क देते हैं कि साक्षरता योग्यता या बुद्धिमानी का पैमाना नहीं हो सकता है l निरक्षर व्यक्ति भी बुद्धिमान हो सकता है l

दूसरी ओर जब सबको मताधिकार दिया गया, तब गोलवलकर इसे मुंड गणना कह कर इसका मज़ाक उड़ा रहे थे l बंच आफ थाट्स में वे इसका विरोध करते हुए लिखते हैं, “सरकार ने कुछ वर्गों को हरिजन, आदिवासी और पिछड़े हुए वर्ग करार कर ईर्ष्या और अलगाव का रास्ता साफ कर दिया है I उन्हें विशेषाधिकार तथा आर्थिक सुविधाएं दी गई हैं ताकि उन पर नियंत्रण रखा जा सके l”

इसी किताब में वे वर्णव्यवस्था के निचले पायदान के लोगों की निंदा करते हुए उनकी तुलना चील कौओं से करते हुए लिखते हैं, “ ऐसे लोग बहुत जल्द संगठित हो जाते हैं l संगठित जीवन का यह सबसे अधम स्तर है l जीवन के इस निचले तबके में संगठन बहुत सीधा और सरल होता है l मांस का एक टुकड़ा फेंकने पर ही हम देखते हैं कि सारे कौआ इकट्ठे हो जाते हैं l”

सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार भारतीय लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। यह अधिकार इसलिए भी ऐतिहासिक था क्योंकि आजादी से पहले ब्रिटिश शासन के दौरान मतदान का अधिकार सीमित था। संपत्ति, कर भुगतान, शिक्षा और अन्य निर्धारित योग्यताओं के आधार पर ही सीमित वर्गों को मताधिकार प्राप्त था। समाज के विशाल बहुसंख्यक हिस्से को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया से बाहर रखा गया था। डॉ. अंबेडकर ने इस व्यवस्था का विरोध किया और सभी वयस्क नागरिकों को मताधिकार देने की वकालत की। साइमन कमीशन के समक्ष उनकी गवाही तथा 1930 में नागपुर में अखिल भारतीय दलित वर्ग कांग्रेस के अध्यक्षीय भाषण में वयस्क मताधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के सवाल प्रमुखता से उठे थे।

23 अक्टूबर 1928 को पूना में भारतीय वैधानिक आयोग (साइमन कमीशन) के सामने डॉ. अंबेडकर की गवाही का मूल दस्तावेज भारत सरकार के संकलन में उपलब्ध है।

Evidence of Dr. Ambedkar before the Indian Statutory Commission, 23 October 1928

एसआईआर और मताधिकार पर सवाल


चुनाव आयोग एसआईआर के जरिए फिर गरीबों, भूमिहीनों, आदिवासियों, महिलाओं और मुसलमानों के नाम मतदाता सूची से हटा रहा है l अभी तक जिन 13.5 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं वे सब इन्हीं तबकों से आते हैं l आज चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) के कारण मतदाता सूची और सार्वभौमिक मताधिकार का सवाल फिर राष्ट्रीय बहस के केंद्र में है।

1 सितंबर 2026 को द इंडियन एक्सप्रेस की चुनाव आयोग के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट के अनुसार, एसआईआर के तीन चरणों में 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की प्रारूप मतदाता सूचियों से कुल लगभग 13.37 करोड़ नाम हटाए गए थे। यह पूर्ववर्ती मतदाता सूचियों के मुकाबले लगभग 14.1 प्रतिशत की कमी थी।

चुनाव आयोग के अनुसार, ये प्रारूप मतदाता सूचियों से हटाए गए नाम थे, अंतिम मतदाता सूचियों से स्थायी रूप से हटाए गए पात्र मतदाताओं की प्रमाणित संख्या नहीं। इनमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित और एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की श्रेणियां शामिल थीं। जिन पात्र मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से छूट गए, उनके लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी रखी गई थी। केंद्र सरकार ने भी संसद में दिए गए जवाब में एसआईआर के दौरान नाम हटाने की श्रेणियों और चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा उपायों का उल्लेख किया है। लेकिन प्रक्रिया जटिल और परेशान करनेवाली है। सवाल पारदर्शीकता और राजनीतिक नियत का है। विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया में वास्तविक पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका जताई है। इसलिए इसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठते हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस: SIR draft rolls see over 13 crore deletions

भारत सरकार का एसआईआर संबंधी आधिकारिक स्पष्टीकरण

लेकिन इतने बड़े पैमाने पर मतदाता सूचियों में बदलाव के बीच यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो। विशेष रूप से गरीबों, प्रवासी मजदूरों, भूमिहीनों, आदिवासियों, महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों के सामने दस्तावेज जुटाने तथा निर्धारित प्रक्रियाओं को पूरा करने की व्यावहारिक कठिनाइयों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मतदाता सूची की शुद्धता आवश्यक है, लेकिन उसके नाम पर किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता इसी कसौटी पर परखी जाएगी।

सामाजिक असमानता और लोकतंत्र

22 दिसंबर 1952 को पूना की लॉ लाइब्रेरी में दिए गए अपने महत्वपूर्ण भाषण Conditions Precedent for the Successful Working of Democracy में उन्होंने भारत में जनतंत्र की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा था कि सबसे बड़ी चुनौती असमानता है l यह असमानता सिर्फ आर्थिक ही नहीं सामाजिक भी है l धर्म के आधार पर भी लोग स्वयं को दूसरों से श्रेष्ठ मानते हैं l सब प्रकार की असमानताओ को दूर कर ही लोकतन्त्र का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है l

उन्होंने इस भाषण में प्रशासन की निष्पक्षता को भी अनिवार्य बताते हुए कहा था कि सरकारी संस्थाओं और सरकारी मशीनरी को कानून के अनुसार काम करना चाहिए l लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद सरकारी तंत्र का राजनीतिकरण ही नहीं बल्कि साम्प्रदायिकरण भी कर दिया गया है l अब तो चुनाव आयोग भी निष्पक्ष नहीं है । संविधान दिवस पर आरएसएस और मोदी सरकार द्वारा हमारे संविधान, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्ष ढांचे पर किए जा रहे हमलों का मुकाबला कर ही संविधान की रक्षा की जा सकती है l

डॉ. अंबेडकर ने भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी चुनौतियों में सामाजिक और आर्थिक असमानता को रखा था। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र तभी सफल हो सकता है जब समाज में ऐसी गहरी असमानताएं न हों, जिनमें एक वर्ग के पास सारे विशेषाधिकार हों और दूसरे वर्ग के हिस्से में केवल बोझ और वंचना आए। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि समाज में उत्पीड़ित और वंचित वर्गों का अस्तित्व लोकतंत्र के सफल संचालन में गंभीर बाधा बन सकता है। लोकतंत्र का अर्थ केवल राजनीतिक समानता नहीं है। सामाजिक और आर्थिक जीवन में भी समानता जरूरी है।

इसी भाषण में उन्होंने विपक्ष के महत्व को दोहराया और प्रशासनिक निष्पक्षता की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका मानना था कि कानून बनाने वाली व्यवस्था और उसे लागू करने वाली प्रशासनिक मशीनरी को निष्पक्ष होना चाहिए। यदि प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम करेंगे तो लोकतंत्र का वास्तविक स्वरूप कमजोर हो जाएगा।

डॉ. अंबेडकर का यह पूरा भाषण भारत सरकार के आधिकारिक संकलन में उपलब्ध है।

डॉ. अंबेडकर: Conditions Precedent for the Successful Working of Democracy, 22 December 1952

आज देश में आर्थिक असमानता बढ़ रही है। जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव तथा सामाजिक ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा मिल रहा है। सरकारी संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वायत्तता को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका पर राजनीतिक दलों और नागरिक समाज के बीच बहस जारी है। ये सभी प्रश्न डॉ. अंबेडकर की लोकतंत्र संबंधी चेतावनियों को फिर से प्रासंगिक बनाते हैं।

संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जरूरी

डॉ. अंबेडकर ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिन बुनियादी सिद्धांतों पर जोर दिया था, वे आज भी भारतीय लोकतंत्र की कसौटी हैं। मजबूत विपक्ष, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव, सार्वभौमिक मताधिकार, प्रशासनिक निष्पक्षता, सामाजिक-आर्थिक समानता और स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व - ये सभी लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद हैं।

संविधान दिवस केवल औपचारिक आयोजन, भाषणों और डॉ. अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण का अवसर नहीं होना चाहिए। यह आत्ममंथन का दिन है। यह देखना होगा कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाएं किस दिशा में जा रही हैं और संविधान में दिए गए अधिकारों की वास्तविक स्थिति क्या है। डॉ. अंबेडकर ने चेतावनी दी थी कि राजनीतिक लोकतंत्र तभी टिक सकता है जब उसके आधार में सामाजिक लोकतंत्र मौजूद हो। स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के बिना लोकतंत्र केवल एक औपचारिक व्यवस्था बनकर रह जाएगा। आज संविधान, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्ष ढांचे की रक्षा के लिए सांप्रदायिकता, सामाजिक विभाजन, आर्थिक असमानता और राजनीतिक निरंकुशता के खिलाफ संघर्ष जरूरी है।

डॉ. अंबेडकर के विचारों को वास्तविक अर्थों में अपनाने का मतलब है - हर नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना, असहमति का सम्मान करना, विपक्ष की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना और समाज के वंचित तबकों को समान अधिकार तथा अवसर उपलब्ध कराना।

यही संविधान दिवस का वास्तविक संदेश और डॉ. अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


जसविंदर सिंह
लेखक भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), मध्यप्रदेश के सचिव हैं।

क्या यह लेख उपयोगी था?

टिप्पणियाँ

0

अपनी राय साझा करें

टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...

26 नवंबर: संविधान दिवस: डॉ.अंबेडकर और आरएसएस

प्रकाशित: 23 नवंबर 2026 • 28 मिनट पठन

वाम की आवाज़|जन समाचार मंच
विज्ञापन

शेयर करें

सबसे ज्यादा पढ़ी गईं

1

पबं: जब कॉलेज स्ट्रीट में किताबों से टकराई सत्ता !

422 क्लिक

2

'लेफ्ट फॉर फ्यूचर' - बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का एक आधुनिक मॉडल - केशव भट्टड़

383 क्लिक

3

‘अपने घेरे से बाहर: विचारों की रचनात्मक दुनिया के साथ’ - मोहम्मद सलीम

374 क्लिक

4

'उत्तम कुमार': एक नक्षत्र का अस्त हो जाना ~ 'सत्यजीत राय'

353 क्लिक

5

नीट पेपर लीक कांड : केंद्र सरकार की गंभीरता पर '?' है। - केशव भट्टड़

342 क्लिक

विज्ञापन

संसाधन

शहीद ए आजम भगत सिंह के विचार - संकलनकर्ता श्रेया जायसवाल (PDF)

'तुम्हारी क्षय' - राहुल सांकृत्यायन (PDF)

वियतनाम: संघर्ष की एक ओजस्वी प्रेरणा - बुद्धदेव भट्टाचार्य (Link)

वियतनाम: संघर्ष की एक ओजस्वी प्रेरणा - बुद्धदेव भट्टाचार्य (PDF)

सीपीआई (एम) पश्चिम बंगाल की वेब साइट (बांग्ला) (Link)

भाजपा क्यों है जनता की दुश्मन ? (PDF)

द लेफ्ट व्यूज - द पीपल्स लेंस (अंग्रेजी) (Link)

क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल की आत्मकथा (PDF)

पुरानी फिल्मों में होता था संदेश - सीताराम येचुरी (Link)

मैं नास्तिक क्यों हूँ ? - शहीद-ए-आजम भगतसिंह (PDF)

वाममोर्चा घोषणापत्र। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 (PDF)

मार्क्सवादी पथ पत्रिका (बांग्ला) (Link)

अभियान कैलेंडर

कोई आगामी ईवेंट नहीं

जुड़े रहने के लिए

रोज़ शाम 7 बजे प्रमुख खबरें सीधे आपके ईमेल पर।

सदस्यता लें
इस लेखक से और
सभी देखें →
राज्य

मप्र: शराब माफियाओं को लूटने की छूट : माकपा

मध्य प्रदेश में शराब की गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी शराब निर्माता कंपनियों को ही सौंपने के सरकार के फैसले पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि इस व्यवस्था से शराब माफियाओं को खुली छूट मिलेगी और नकली तथा जहरीली शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के बजाय उसे बढ़ावा मिल सकता है।

25 नवंबर 2026

और पढ़ें
सभी देखें →
विश्लेषण

नीट पेपर लीक कांड : केंद्र सरकार की गंभीरता पर '?' है। - केशव भट्टड़

किसी भी बड़े घोटाले में अपराधी भले ही व्यक्ति हों, व्यक्तियों का समूह हो, लेकिन "छात्रों का भरोसा टूटना" सरकार की बड़ी असफलता है। सरकार केवल जांच तक सीमित न रहकर, पूरी चयन और सुरक्षा प्रक्रिया का 'रूट कैनाल ट्रीटमेंट' (जड़ से सफाई) करे। यह करना जरूरी है। किसी भी परीक्षा पेपर का लीक होना मतलब सरकारी सुरक्षा को भेद कर परीक्षा पेपर की बिक्री करने वाले गिरोह उसे सही समय पर उड़ा लेते हैं और मुंह-मांगी कीमत पर आगे बेच देते हैं। नीट पेपर का लीक होना सरकार के काम-काज की गंभीरता पर सीधा सवालिया निशान (?) है।

केशव कुमार भट्टड़ • 16 मई 2026

विश्लेषण

ट्रंप की हार, राहत और चुनौतियाँ ~ शांतनु दे ~

हालिया अमरीकी मध्यावधि चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पार्टी की ऐतिहासिक हार ने वैश्विक राजनीति में उथल-पुथल मचा दी है। सीनेट और प्रतिनिधि सभा पर से रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण छिन जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि आम अवाम उग्र दक्षिणपंथी और कॉरपोरेट-परस्त नीतियों से पूरी तरह तंग आ चुकी है। हालांकि, अमरीकी राज्य का पूंजीवादी चरित्र जस का तस है, लेकिन युवा पीढ़ी (जेन-जी) का समाजवाद की ओर बढ़ता रुझान एक बड़ी वैचारिक बदलाव की आहट है। ऐसे में, पारंपरिक नेताओं के बजाय बर्नी सैंडर्स और ओकासियो कोर्टेज जैसे प्रगतिशील चेहरों के साथ-साथ सड़कों पर संघर्षरत जन-आंदोलन ही दुनिया के भविष्य की असली दिशा तय करेंगे।

केशव कुमार भट्टड़ • 06 नवंबर 2026

विश्लेषण

जंतर-मंतर जेन-जी दमन : कॉरपोरेट-सत्ता गठजोड़ का बर्बर चेहरा। ~ केशव भट्टड़

"दबाओगे बर्बरता से जितनी आवाजें, गूँजेगी उतनी ही दूर तक इंकलाब की पुकार।"। नीट (NEET) परीक्षा धांधली और शिक्षा के बाज़ारीकरण के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहा छात्रों-युवाओं का अहिंसक आंदोलन राज्य सत्ता के सीधे निशाने पर आ गया। सरकार ने फर्जी साजिशें रचकर, संचार बंद कर और बेलगाम पुलिसिया बल प्रयोग से बतर्ज 'जलियाँवाला बाग़' हजारों प्रदर्शनकारी युवाओं को घेर कर बर्बरता से पीटा और आंदोलन को दबंगता से दबाने की कोशिश की, गोदी मीडिया की चुप्पी के बीच स्वतंत्र पत्रकारों पर सत्ता प्रायोजित हमले हुए, और प्रतिक्रिया में 'जंतर-मंतर जेन-जी दमन' से आक्रोशित छात्रों का यह आंदोलन देशभर में फैल गया। तब ब्रिटिश राज के दौरान जलियाँवाला बाग़ में अंधाधुंध गोलियाँ दागी गई थी, अब बीजेपी राज में जंतर-मंतर जेन-जी दमन के दौरान कील लगी लाठियाँ, आँसू गैस, वाटर कैनन, शॉक बेटन, पेलेट गन के साथ-साथ लात-बूटों,थप्पडें और भद्दी गालियाँ दागी गई हैं। तब देश गुलाम था, अब देश आजाद है, दुनियाँ का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। तब भी भारत डोला था, अब भी भारत डोला है। तब तारीख थी 13 अप्रैल 1919, अब तारीख थी 20 जुलाई 2026। और शाम होते-होते छात्रों-युवाओं ने जंतर-मंतर पर वापस कब्ज़ा कर यह साबित कर दिया कि कॉर्पोरेटऔर सत्ता गठजोड़ की बर्बरता से विचारों और क्रांति को दबाया नहीं जा सकता। बुरी तरह पुलिस और अर्धसैनिक बलों से मार खाकर भी बंद मुट्ठी तनकर उठी हुई थी। युवा भारत के इस जोश-जुनून-जज्बे को सलाम।

केशव कुमार भट्टड़ • 27 जुलाई 2026

वाम की आवाज़ लोगो
वाम की आवाज़

अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ, न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !

मुख्य पन्ने
जानकारी
हमारे बारे में
संपादकीय नीति
सुधार नीति
गोपनीयता नीति
संपर्क करें
आर्काइव
अभियान कैलेंडर आर्काइव
© 2026 वाम की आवाज़ — जन संघर्ष का डिजिटल पुरालेखMade for the Movement