वाम की आवाज़ (Vaam Ki Aawaz)
अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ,न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !
रविवार, 29 नवंबर 2026 | Sunday, 29 November 2026
|
संपर्क: vaamkiaawaz@gmail.comसदस्यता में
वाम की आवाज़ लोगो
वाम की आवाज़ (Vaam Ki Aawaz)
अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ,न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !
लाइव कवरेज
होमताज़ा खबरेंहास्य-व्यंग

वाम की आवाज़

जन समाचार मंच

हास्य-व्यंग

कुर्सियों का परिसीमन और जनता की समस्याएँ

केशव कुमार भट्टड़•29 नवंबर 202624 मिनट पठन17 बार पढ़ा गया

परिसीमन की नई कवायद के बीच गाँव की असली तस्वीर कुछ और ही है। स्कूलों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं और खेतों तक पानी नहीं पहुँचता। किसान कर्ज़ से जूझ रहा है, नौजवान इलाज और रोजगार के लिए भटक रहा है। गाँव की समस्याएँ सरकारी फाइलों और बैठकों में दर्ज तो होती हैं, पर हल नहीं निकलता। सवाल यह है कि जब जनता की बुनियादी मुश्किलें जस की तस हैं, तो केवल नक्शे और कुर्सियाँ बदलने से क्या बदलेगा?

कुर्सियों का परिसीमन और जनता की समस्याएँ

किसी भी सत्ता के लिए सबसे सुविधाजनक जनता वह होती है जो अपनी समस्याओं को अलग-अलग समझे और उनके समाधान के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटती रहे। शिक्षा की समस्या हो तो शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य की समस्या हो तो स्वास्थ्य विभाग, रोजगार की समस्या हो तो रोजगार कार्यालय, किसान की समस्या हो तो कृषि विभाग। लेकिन जब जनता इन सभी समस्याओं को एक साथ रखकर पूछने लगे कि आखिर प्राथमिकता किसकी है, तब सत्ता को असुविधा होने लगती है। क्योंकि तब सवाल किसी एक विभाग का नहीं, पूरी शासन व्यवस्था का हो जाता है।

परिसीमन के बहाने सत्ता के सामने एक बड़ा अवसर भी हो सकता है। राजनीतिक प्रतिनिधित्व की संरचना में बदलाव का अवसर। चुनावी क्षेत्रों की सीमाएँ बदलने का अवसर। राजनीतिक प्रभाव के नए केंद्र बनाने का अवसर। और सबसे बढ़कर, भविष्य की सत्ता के गणित को अपने अनुकूल ढालने का अवसर। यही वह जगह है जहाँ जनप्रतिनिधित्व और सत्ता नियंत्रण के बीच की महीन रेखा दिखाई देने लगती है।

किसी भी परिसीमन प्रक्रिया की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करेगी कि उसमें पारदर्शिता कितनी है, राज्यों की भागीदारी कितनी है, संघीय संतुलन का सम्मान कितना है और निर्णय लेने वाली संस्थाओं की निष्पक्षता कितनी है। सवाल केवल यह नहीं है कि कितनी सीटें बढ़ेंगी। सवाल यह भी है कि सीटों का बँटवारा किस आधार पर होगा, फैसला कौन करेगा और उससे राजनीतिक शक्ति का संतुलन किस दिशा में जाएगा। लोकतंत्र में कुर्सियाँ बढ़ाना आसान है। कुर्सियों पर बैठने वालों को जवाबदेह बनाना मुश्किल है।

कुर्सियों का परिसीमन और जनता की समस्याएँ

एक नक्शा, कुछ लकीरें और उनके बीच छूट गए लोग

तहसील से आदेश आया था कि रामखिलावन गाँव का नक्शा और उससे जुड़ा राजस्व रिकॉर्ड अद्यतन करके भेजे। साथ में गाँव की आबादी, बस्तियों, रास्तों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और दूसरी सार्वजनिक सुविधाओं का ब्योरा भी माँगा गया था। ऊपर से यह भी लिखा था कि जानकारी साफ-सुथरी और प्रमाणित होनी चाहिए। सरकारी भाषा में साफ-सुथरा होने का अर्थ अक्सर यह होता है कि कागज पर कोई ऐसी बात न रह जाए जिससे आगे किसी की जिम्मेदारी तय करनी पड़े।

रामखिलावन लेखपाल (पटवारी) था। नक्शे और कागजों के बीच उसकी उम्र का एक बड़ा हिस्सा गुजर गया था। उसे मालूम था कि किसी खेत की मेड़ दो इंच इधर-उधर हो जाए तो दो भाइयों के बीच वर्षों का मुकदमा खड़ा हो सकता है, लेकिन किसी स्कूल में शिक्षक आधे रह जाएँ तो कई साल तक किसी की नींद खराब नहीं होती।

उस सुबह वह घर से निकला तो बेटे ने दरवाजे पर ही रोक लिया।

“बाबूजी, भर्ती परीक्षा की तारीख का कुछ पता चला?”

रामखिलावन ने जेब से मोबाइल निकाला, स्क्रीन देखी और फिर रख लिया।

“तहसील जाकर पता करता हूँ। तुम अभी फॉर्म भरने के पैसे संभालकर रखना।”

बेटे ने कुछ कहना चाहा, फिर चुप हो गया। उसके पास एक पुरानी रसीद थी—परीक्षा शुल्क की। पिछली भर्ती की परीक्षा टल गई थी। रसीद उसने फेंकी नहीं थी। बेरोजगार आदमी कागज भी इस उम्मीद में सँभालकर रखता है कि शायद कभी काम आ जाए।

रामखिलावन ने नक्शे का पुलिंदा उठाया और चल पड़ा। रामखिलावन के हाथ में फाइल थी, कंधे पर झोला और जेब में दो पेन। सरकारी काम में पेन का अपना महत्व होता है। एक से लिखिए, दूसरा तब काम आता है जब पहला अचानक लिखना बंद कर दे। सरकारी काम में भी कभी-कभी ऐसा ही होता है—काम कहाँ और क्यों रुक जाए, कहना मुश्किल है।

बरइयापुर जाने वाली सड़क पर एक बड़ा-सा गड्ढा था। बरसात में उसमें पानी भर जाता तो राहगीरों को अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता कि सड़क कहाँ खत्म होती है और गड्ढा कहाँ शुरू। स्कूल जाने वाले बच्चे अब उसके आसपास से निकलने के आदी हो चुके थे। जो पहली बार उस रास्ते से गुजरता, उसे अक्सर अंदाजा ही नहीं होता कि गड्ढा कितना गहरा है। उस सुबह भी कुछ बच्चे उसके किनारे से बचते हुए निकले। एक की चप्पल कीचड़ में फँस गई। उसने चप्पल निकाली, पैर झाड़ा और बाकी बच्चों के पीछे दौड़ पड़ा। सड़क पर यह रोज का दृश्य था। गाँव के लोगों ने अब इसे समस्या कहना भी छोड़ दिया था। कुछ समस्याएँ इतनी पुरानी हो जाती हैं कि लोग उनके बने रहने को ही व्यवस्था का हिस्सा मान लेते हैं।

गाँव के बाहर पहुँचकर रामखिलावन ने नक्शा खोला। कागज पर सड़क सीधी थी। जमीन पर वही सड़क गड्ढों से भरी हुई थी। उसने नक्शे पर उँगली रखी, फिर सामने सड़क की ओर देखा। कुछ देर तक दोनों को मिलाने की कोशिश करता रहा। आखिर फाइल में एक निशान लगाया और आगे बढ़ गया।

गाँव का रास्ता स्कूल के सामने से होकर गुजरता था। स्कूल का दरवाजा खुला था, लेकिन प्रार्थना की आवाज नहीं आ रही थी। बरामदे में बच्चे बैठे थे। एक शिक्षक कभी तीसरी कक्षा को जोड़-घटाव समझा रहे थे, कभी दूसरी कक्षा के बच्चों को चुप करा रहे थे और बीच-बीच में किसी को पानी पीने भेज रहे थे।

रामखिलावन ने पूछा, “मास्टर साहब, स्कूल में कुल कितने बच्चे हैं?”

“रजिस्टर में तीन सौ बारह।”

“और शिक्षक?”

“एक।”

रामखिलावन ने दोबारा पूछा, “मतलब बाकी छुट्टी पर हैं?”

मास्टर साहब मुस्कराए। ऐसी मुस्कान जिसमें शिकायत भी थी और शिकायत करने की आदत छूट जाने की थकान भी।

“नहीं पटवारी जी, बाकी की नियुक्ति अभी कागज पर विचाराधीन है।”

रामखिलावन ने प्रपत्र में स्कूल का नाम लिखा। वहाँ भवन की स्थिति पूछी गई थी, कमरों की संख्या पूछी गई थी, पेयजल और शौचालय की सुविधा पूछी गई थी। उसने सब दर्ज कर दिया। शिक्षक कितने हैं, यह भी लिख दिया। मगर अगला सवाल था—स्कूल किस राजस्व ग्राम में स्थित है।

उसने जवाब लिख दिया।

“बच्चों की पढ़ाई का कोई कॉलम नहीं है क्या?” मास्टर साहब ने पूछा।

रामखिलावन ने कागज पलटा। “इसमें नहीं है।”

“तो फिर आप क्या लिखेंगे?”

“जो पूछा गया है, वही।”

मास्टर साहब ने बच्चों की ओर देखा। एक बच्चा कॉपी पर पहाड़ा लिखते-लिखते सो गया था। दूसरे ने उसकी कॉपी में अपना नाम लिख दिया था।

रामखिलावन आगे बढ़ गया। उसे लगा, मास्टर साहब को भी समझना चाहिए कि हर आदमी का अपना काम होता है। फिर उसे याद आया कि उसके बेटे की पढ़ाई भी इसी स्कूल से शुरू हुई थी। उस समय दो शिक्षक थे। तब भी उसने कभी नहीं पूछा था कि तीसरा क्यों नहीं है।

स्कूल से आगे नहर थी। सरकारी रिकॉर्ड में उसे सिंचाई नहर कहा जाता था। गाँव के लोग उसे सूखी नहर कहते थे। दोनों नाम सही थे, बस दोनों का इस्तेमाल अलग-अलग जगह होता था।

भोला राम नहर की पटरी पर बैठा था। सामने खेत में सरसों की बुवाई के लिए जमीन तैयार थी। पिछली फसल का हिसाब अभी मंडी से पूरा नहीं हुआ था। खाद उधार ली थी, डीजल नकद खरीदा था और सहकारी समिति के कर्ज की किस्त सिर पर थी।

रामखिलावन ने पूछा, “नहर की स्थिति क्या लिखूँ?”

भोला ने नहर की ओर देखा। “जो चाहो लिख दो। नहर तो है।”

“पानी आता है?”

“कागज में तो हर साल आता होगा। खेत तक पहुँचते-पहुँचते शायद रास्ता भूल जाता है।”

रामखिलावन हँस पड़ा। भोला भी हँसा, लेकिन उसकी हँसी जल्दी खत्म हो गई।

“पिछली बार ट्यूबवेल से पानी दिया था। बिजली आधी रात को आई। अब डीजल डालकर सिंचाई करूँ तो फसल बेचने के बाद खेत मेरे पास बचेगा या पेट्रोल पंप वाले के पास, पता नहीं।”

रामखिलावन ने नहर का नाम और उसकी लंबाई लिखी। भोला ने पूछा, “इस नक्शे में यह भी लिखोगे कि पानी कितने दिन आया?”

“ऐसा कुछ नहीं पूछा गया।”

“अच्छा है। नहीं तो नक्शे में जगह कम पड़ जाती।”

दोनों कुछ देर चुप रहे। फिर रामखिलावन ने कागज समेटा और अस्पताल की ओर चल दिया।

स्वास्थ्य केंद्र का भवन नया रंगा हुआ था। दीवार पर स्वास्थ्य विभाग का नारा चमक रहा था। बरामदे में चार लोग बैठे थे। एक बूढ़ा अपनी दवा की पर्ची पकड़े था, एक औरत बच्चे को गोद में लिए थी और दो लोग डॉक्टर के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे।

डॉक्टर नहीं थे। एक कर्मचारी ने बताया कि वे दूसरे केंद्र पर गए हैं। कब लौटेंगे, यह उसे भी मालूम नहीं था।

बरामदे के बाहर नीरज खड़ा था। रामखिलावन उसे पहचानता था। वह उसी गाँव का लड़का था, जिसने पिछले साल स्नातक की परीक्षा पास की थी। उसके पिता की तबीयत कई दिनों से खराब थी। नीरज ने एक हाथ में दवा की पर्ची और दूसरे में कुछ कागज पकड़ रखे थे।

“क्या हुआ?” रामखिलावन ने पूछा।

“बाबू को दिखाना था। डॉक्टर नहीं हैं। शहर ले जाने को कह रहे हैं।”

“और तुम्हारी परीक्षा?”

नीरज ने कागजों की ओर देखा। “भर्ती वाली? उसका तो कुछ पता नहीं। पिछली बार फीस भरी, परीक्षा टल गई। इस बार फॉर्म निकलेगा तो फिर भरूँगा। शहर जाकर कोचिंग करने के पैसे नहीं हैं। घर पर रहूँ तो तैयारी के लिए ठीक किताबें नहीं मिलतीं। नौकरी मिले तो घर भी चले।”

उसने पर्ची मोड़कर जेब में रख ली।

“तुम्हारे रिकॉर्ड में अस्पताल दर्ज होगा न, पटवारी जी?”

“हाँ।”

“तो लिख देना कि अस्पताल है। डॉक्टर का नाम मत लिखना, कहीं बाद में कोई ढूँढ़ने न लग जाए।”

नीरज ने यह बात हँसते हुए कही थी, लेकिन रामखिलावन को हँसी नहीं आई। उसने स्वास्थ्य केंद्र का नाम दर्ज किया और डॉक्टर की उपलब्धता के सामने खाली जगह छोड़ दी। फिर कुछ सोचकर वहाँ भी लिख दिया—‘नियमित उपलब्धता की पुष्टि नहीं।’

उसे लगा, इस वाक्य से शायद कोई फर्क न पड़े। फिर भी खाली जगह से तो बेहतर था।

दोपहर तक वह पंचायत भवन पहुँच गया। प्रधानजी बैठक में बैठे थे। सामने चाय के गिलास, कुछ फाइलें और दो मोबाइल फोन रखे थे। एक मोबाइल पर किसी नेता का भाषण चल रहा था। दूसरे पर प्रधानजी किसी को समझा रहे थे कि विकास के लिए धैर्य रखना पड़ता है।

“आ गए पटवारी जी? सुना है अब लोकसभा में सीटें बढ़ेंगी। गाँव का भी महत्व बढ़ेगा।”

रामखिलावन ने कहा, “मैं तो गाँव का राजस्व रिकॉर्ड लेने आया हूँ। परिसीमन आयोग का काम अलग है।”

“काम अलग होगा, पर असर तो सब पर पड़ेगा। सीटें बढ़ेंगी तो नेता भी बढ़ेंगे। जनता की सुनवाई ज्यादा होगी।”

पीछे से आकर खड़े हुए मास्टरजी अब तक चुप थे। उन्होंने कहा, "मुझे तो एक बात समझ में नहीं आती। जब सरकार जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधियों की संख्या तय कर सकती है तो शिक्षा और स्वास्थ्य का भी कोई ऐसा पैमाना क्यों नहीं बना देती?"

प्रधानजी ने पूछा, "कैसा पैमाना?"

मास्टरजी बोले, "हर हजार बच्चों पर कितने शिक्षक होंगे, हर हजार मरीजों पर कितने डॉक्टर होंगे, हर गाँव में कितने स्वास्थ्य केंद्र होंगे, कितनी स्कूल इमारतें होंगी, कितनी लाइब्रेरी होंगी। इसका भी तो परिसीमन होना चाहिए।"

एक बेरोजगार नौजवान ने उत्साहित होकर कहा, "और हर सौ युवाओं पर कितनी नौकरियाँ होंगी, इसका भी!"

एक बुजुर्ग ने कहा, "हर अस्पताल में कितने डॉक्टर, कितनी नर्सें और कितने बिस्तर होंगे, इसका भी हिसाब होना चाहिए।"

प्रधानजी ने सिर खुजलाया। यह सब सुनकर उन्हें लग रहा था कि ये लोग विकास को बहुत कठिन बना रहे हैं। उनका मानना था कि विकास का काम इतना सरल होना चाहिए कि चुनावी भाषण में दो मिनट में पूरा समझाया जा सके।

एक नौजवान किसान ने आगे कहा, "और किसानों के लिए भी कुछ तय होना चाहिए। हर किसान को सिंचाई का पानी, उचित समर्थन मूल्य और फसल बीमा का लाभ मिले।"

मास्टरजी बोले, "मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन का भी कोई हिसाब होना चाहिए।"

प्रधानजी ने हाथ उठाकर सबको शांत किया। बोले, "तुम लोग विकास को बहुत फैला रहे हो। एक काम पूरा होने दो, फिर दूसरा करेंगे।"

बुजुर्ग हँसे। बोले, "बेटा, हमारे यहाँ तो दूसरा काम आने तक पहला काम भी अधूरा ही रहता है।"

प्रधान जी ऊँघने लगे। ऊंघ में उनको शहर में हुआ सम्मेलन याद आ गया।

मंच पर बड़े-बड़े नेता थे। पीछे विशाल पोस्टर लगा था—'मजबूत लोकतंत्र, मजबूत प्रतिनिधित्व, विकसित भारत'।

एक नेता जी ने अपने भाषण में कहा कि देश की आबादी बढ़ रही है। इसलिए लोकतंत्र को भी विस्तार देना होगा। प्रतिनिधित्व बढ़ेगा तो जनता की आवाज मजबूत होगी। विकास की नई राह खुलेगी। हर क्षेत्र को उसका हक मिलेगा।

तालियाँ बजीं।

दूसरे नेता जी ने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम है। इससे लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होंगी।

तालियाँ फिर बजीं।

तीसरे नेता जी ने कहा कि यह जनता की आकांक्षाओं का सम्मान है।

तालियाँ इस बार कुछ ज्यादा देर तक बजीं, क्योंकि मंच के संचालक ने संकेत कर दिया था कि भाषण समाप्ति की ओर है।

सभा में पीछे बैठा एक युवक अपने साथी से पूछ रहा था, "भाई, इससे हमारे गाँव में डॉक्टर आ जाएगा?"

साथी ने कहा, "नहीं।"

"मास्टर?"

"नहीं।"

"नौकरी?"

"वह भी नहीं।"

"तो फिर मिलेगा क्या?"

साथी ने कुछ सोचकर कहा, "लोकतंत्र मजबूत होगा।"

युवक ने पूछा, "और हम?"

साथी ने कहा, "हम लोकतंत्र के मजबूत होने का इंतजार करेंगे।"

दोनों हँस दिए। उनकी हँसी में वह बेबसी थी जिसे मंच से दिखाई नहीं देता।

प्रधान जी की आंखे हड़बड़ाकर खुली तो वे कुर्सी से गिर पड़े। फिर पसीना पोंछते संभल कर बैठे।

पास बैठी सावित्री ने फाइल से सिर उठाया। वह पंचायत की निर्वाचित सदस्य थी। पिछले छह महीने से स्कूल में अतिरिक्त शिक्षक भेजने और स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की नियमित उपस्थिति के लिए पंचायत का प्रस्ताव पास करवाने की कोशिश कर रही थी। प्रस्ताव पास हो चुका था। ब्लॉक से जवाब आया था कि मामला संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। संबंधित विभाग ने कहा था कि प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।

“प्रधानजी,” उसने कहा, “सीटें बढ़ने से सुनवाई अपने आप बढ़ जाती है क्या? स्कूल में तीन सौ बच्चे हैं, शिक्षक एक। अस्पताल में डॉक्टर नहीं। नहर में पानी नहीं। इनकी सुनवाई किस सीट पर होगी?”

प्रधानजी ने चाय का घूँट लिया।

“सावित्री जी, आपकी बात गलत नहीं है। लेकिन हर काम का एक समय होता है। पहले परिसीमन का काम समझ लें। उसके बाद हम फिर प्रस्ताव भेजेंगे।”

“प्रस्ताव तो भेज चुके हैं।”

“तो फिर याद दिला देंगे।”

“याद दिलाते-दिलाते बच्चे अगली कक्षा में पहुँच जाएँगे।”

प्रधानजी ने मुस्कराकर बात हल्की करनी चाही। “आप तो हर बैठक में स्कूल और अस्पताल लेकर बैठ जाती हैं। राजनीति में थोड़ा बड़ा सोचिए।”

सावित्री ने फाइल बंद कर दी। “मैं बड़ा ही सोच रही हूँ। बस मेरा बड़ा सोचने का तरीका आपके जैसा नहीं है।”

रामखिलावन ने दोनों को देखा। उसे लगा, पंचायत की बैठक में भी वही हो रहा है जो तहसील में होता है—हर आदमी दूसरे की फाइल में कमी निकाल रहा है और अपनी फाइल को आगे बढ़ाने में लगा है।

प्रधानजी ने उससे पूछा, “यह जो नई व्यवस्था आ रही है, उसमें हमारे यहाँ कितनी सीटें बढ़ेंगी?”

“मैं नहीं बता सकता। यह काम आयोग का है।”

“पर आप तो नक्शे वाले आदमी हैं।”

“नक्शा बनाना और निर्वाचन क्षेत्र तय करना अलग काम है, प्रधानजी।”

प्रधानजी ने बात वहीं छोड़ दी। उन्हें हर नई सरकारी योजना में अपना एक संभावित अवसर दिखाई देता था। वे किसी बात का पूरा समर्थन करने से पहले यह देख लेते थे कि उसका लाभ किस तरफ जा सकता है। उनकी राजनीति में विचारधारा से ज्यादा मौसम का महत्व था।

सावित्री ने रामखिलावन को पंचायत का प्रस्ताव दिखाया। उसमें स्कूल में कम-से-कम तीन अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति, स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की नियमित तैनाती और नहर में पानी छोड़े जाने की माँग थी।

“इसकी एक प्रति रख लीजिए,” उसने कहा, “कम-से-कम गाँव के रिकॉर्ड में तो रहे कि हमने माँगा था।”

रामखिलावन ने प्रति ले ली।

पंचायत भवन से निकलते समय उसे लगा कि यह कागज उसके बाकी कागजों से कुछ अलग है। बाकी में गाँव की सीमाएँ थीं, खेतों के खसरे थे, रास्तों की चौड़ाई थी। इस कागज में गाँव के लोगों की माँगें थीं। वह उसे बाकी कागजों के नीचे रखकर आगे बढ़ गया।

शाम होने लगी थी। तहसील लौटने से पहले उसे गाँव के पुराने चौपाल से गुजरना था। पंचायत कार्यालय से निकलकर प्रायः सभी वहाँ चाय पीने पहुँच चुके थे। कुछ लोग चाय की दुकान पर पहले-से बैठे थे। रेडियो और मोबाइल, दोनों पर दिल्ली की खबर चल रही थी। संसद का विशेष सत्र शुरू होने वाला था। परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा थी।

चायवाले ने कहा, “सुना है अब सांसदों की संख्या बहुत बढ़ जाएगी।”

एक आदमी बोला, “अच्छा है। अभी इतने बड़े देश में इतने कम सांसद हैं।”

दूसरे ने पूछा, “और हमारी समस्याएँ?”

पहला आदमी बोला, “वह तो पहले भी थीं।”

दुकान पर हँसी फैल गई। प्रधानजी भी हंसने लगे। एक ऐसी हँसी जिसमें कोई मजाक नहीं था, केवल बात को आगे बढ़ाने की मजबूरी थी।

रेडियो पर बताया जा रहा था कि सरकार लोकसभा की सीटों में पचास प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव ला रही है। सरकारी अनुमान के अनुसार लोकसभा की संख्या 543 से बढ़कर 816 हो सकती है। संवैधानिक संशोधन विधेयक में राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्यों की व्यवस्था का प्रस्ताव था। कुल 850 की यह सीमा थी; 816 सरकार का बताया गया संभावित आँकड़ा था।

चायवाले ने पूछा, “तो क्या अब हर गाँव से एक सांसद होगा?”

रामखिलावन ने कहा, “ऐसा नहीं होता। सीटें बढ़ेंगी, तो निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएँ भी तय होंगी। वह काम परिसीमन आयोग करेगा।”

“तो फिर हमारे गाँव का नक्शा क्यों माँग रहे हैं?”

“राजस्व रिकॉर्ड और गाँव की जानकारी अलग काम के लिए माँगी जाती है। उससे निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम सीमा तय नहीं होती।”

एक बुजुर्ग ने कहा, “पहले भी तो नक्शे बने थे।”

“हाँ,” रामखिलावन बोला, “मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएँ 2001 की जनगणना के आधार पर तय हुई थीं। अब प्रस्ताव है कि नई प्रक्रिया शुरू होने के समय तक जो नवीनतम जनगणना आँकड़े प्रकाशित हो चुके हों, उनके आधार पर काम हो।”

“तो 2011 वाली जनगणना?”

“अगर उससे पहले नई जनगणना के आँकड़े प्रकाशित नहीं हुए, तो वही उपलब्ध आँकड़े होंगे।”

एक युवक ने मोबाइल से खबर पढ़ते हुए कहा, “और यह 2051 तक का क्या मामला है?”

रामखिलावन ने खबर की ओर देखा। “संशोधन विधेयक में सीटों के आवंटन और संबंधित संवैधानिक व्यवस्थाओं को 2051 तक रखने का प्रस्ताव है। अभी यह विधेयक है, कानून नहीं।”

बुजुर्ग ने चाय का गिलास नीचे रखा। “मतलब नक्शे की लकीरें लंबी उम्र पाएँगी।”

“ऐसा ही समझ लीजिए।”

“और नहर में पानी?”

रामखिलावन ने कोई जवाब नहीं दिया।

दुकान पर एक और खबर चल रही थी। महिला आरक्षण को लागू करने के लिए नए परिसीमन से जोड़ने की बात थी। सरकार का तर्क था कि लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाकर महिलाओं के लिए आरक्षण का रास्ता जल्दी खोला जा सकेगा। प्रस्तावित व्यवस्था में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान था। दूसरी ओर विपक्षी दल परिसीमन आयोग की स्वतंत्रता, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएँ तय करने की प्रक्रिया, जनगणना के आँकड़ों और प्रतिनिधित्व के संतुलन पर सवाल उठा रहे थे।

सावित्री की बात रामखिलावन को याद आई—सीट मिल जाने और फैसले में हिस्सेदारी मिलने के बीच भी कोई दूरी होती है।

उसे यह भी याद आया कि पंचायत में सावित्री निर्वाचित सदस्य थी, लेकिन स्कूल के शिक्षक की नियुक्ति का फैसला उसके हाथ में नहीं था। वह प्रस्ताव लिख सकती थी, बैठक में बोल सकती थी, अधिकारियों को पत्र भेज सकती थी। नियुक्ति का आदेश कहीं और से आना था। प्रतिनिधित्व का मतलब आवाज मिलना था; आवाज का सुना जाना अब भी किसी और की मर्जी पर था।

शाम गहरी हो चुकी थी। प्रधानजी जा चुके थे। दो लोग रामखिलावन से किसी जमीन के विवाद पर उलझ गए थे। मास्टरजी स्कूल की अगली सुबह की तैयारी सोच रहे थे। बुजुर्ग को अगले हफ्ते फिर अस्पताल जाना था और बेरोजगार नौजवान नौकरी के एक ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख तलाश रहा था।

जाते-जाते नौजवान ने मास्टरजी से पूछा, "सर, परिसीमन का मतलब क्या होता है?"

मास्टरजी ने कहा, "सीमाएँ तय करना।"

"तो फिर देश में गरीबी की भी सीमा तय होनी चाहिए न?"

"होनी चाहिए।"

"बेरोजगारी की?"

"वह भी।"

"महँगाई की?"

"बिल्कुल।"

"स्कूल में बच्चों और शिक्षकों की संख्या की?"

"हाँ।"

"अस्पताल में मरीजों और डॉक्टरों की संख्या की?"

मास्टरजी मुस्कराए। "तुम्हारी समझ में तो पूरा लोकतंत्र आ गया।"

नौजवान बोला, "नहीं सर, अभी एक बात बाकी है। सत्ता की भूख की भी कोई सीमा तय होनी चाहिए या नहीं?"

मास्टरजी ने पहली बार उसे गौर से देखा। बोले, "बेटा, यही सवाल पूछने के लिए लोकतंत्र बनाया गया था।"

देश को परिसीमन चाहिए या नहीं, इस पर बहस हो सकती है। जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व की समीक्षा होनी चाहिए या नहीं, इस पर भी विचार हो सकता है। लेकिन लोकतंत्र का अर्थ केवल सदन में कुर्सियों की संख्या बढ़ाना नहीं है। उसका अर्थ है जनता के जीवन में अधिकारों, अवसरों और सुविधाओं का विस्तार करना।

इतना कहकर मास्टर जी चुप हो गए। लेकिन उनका दिमाग लगातार दोहराए जा रहा था - अगर आबादी बढ़ने पर अनुपात में सांसद बढ़ते हैं तो शिक्षक भी बढ़ने चाहिए। डॉक्टर भी बढ़ने चाहिए। अस्पतालों में बिस्तर भी बढ़ने चाहिए। रोजगार भी बढ़ना चाहिए। किसानों के लिए संसाधन भी बढ़ने चाहिए। मजदूरों की सुरक्षा भी बढ़नी चाहिए। सार्वजनिक परिवहन, पीने का पानी, राशन, शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च भी बढ़ना चाहिए। और अगर सत्ता को सचमुच जनता की आवाज की इतनी चिंता है तो उसे यह सब अनुपात भी सुनिश्चित करने चाहिए। लोकतंत्र में जनता का काम सिर्फ वोट डालना नहीं है और जनप्रतिनिधियों का काम सिर्फ कुर्सियाँ गिनना नहीं है। अंततः परिसीमन का असली सवाल यह नहीं कि संसद में कितनी कुर्सियाँ होंगी। असली सवाल यह है कि उन कुर्सियों पर बैठने वाले लोग किसके लिए काम करेंगे। जनता के लिए या सत्ता के लिए? वरना देश में कुर्सियाँ बढ़ती रहेंगी, भाषण लंबे होते रहेंगे, पोस्टर बड़े होते रहेंगे और जनता की समस्याएँ पहले की तरह अपनी जगह खड़ी रहेंगी। आखिर लोकतंत्र का यह कैसा विकास है जिसमें प्रतिनिधियों की संख्या तो बढ़ती है, लेकिन जनता की समस्याओं को सुनने और सुलझाने की जिम्मेदारी लगातार घटती जाती है? कहावत है कि घर में आग लगी हो तो पहले पानी लाया जाता है, घर के सदस्यों की गिनती बाद में होती है। लेकिन हमारे लोकतंत्र में शायद अब नियम बदल गया है। आग लगी रहे तो लगी रहे, पहले यह तय होगा कि आग बुझाने के लिए कितने प्रतिनिधि नियुक्त किए जाएँ! और जनता?

मास्टर जी अचानक चौंक पड़े। सामने खड़ा पटवारी जाने से पहले उनसे इजाजत मांग रहा था। लोगबाग जाते हुए दिखाई दे रहे थे।

रामखिलावन को घर पहुँचते-पहुँचते अँधेरा हो गया। उसने दिन भर के कागज मेज पर रखे। स्कूल, नहर, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत और बस्तियों का ब्योरा। हर चीज का अपना नाम, अपना खसरा और अपनी जगह थी। उसने पंचायत के प्रस्ताव को फिर निकाला। कुछ देर उसे देखा। फिर उसे राजस्व रिकॉर्ड के साथ लगाने के बजाय अलग रख दिया। उसे डर था कि कहीं अधिकारी पूछ न लें कि यह किस नियम के तहत जोड़ा गया है। सरकारी कागज में हर बात का नियम होना चाहिए। नियम न हो तो बात कितनी भी जरूरी हो, फाइल में उसकी जगह नहीं बनती।

बेटा पढ़ने बैठा हुआ था। मेज पर पुरानी परीक्षा की रसीद रखी थी। उसके पास नई भर्ती के बारे में छपी एक खबर थी, जिस पर तारीख के सामने प्रश्नचिह्न बना था।

“कुछ पता चला?” बेटे ने पूछा।

“अभी नहीं।”

“तो रसीद रख दूँ?”

रामखिलावन ने कहा, “रख दे। फेंकना मत।”

रात को उसने तहसील की फाइल एक बार फिर खोली। नक्शे में स्कूल था, अस्पताल था, नहर थी, सड़क थी, पंचायत भवन था। गाँव की सारी जगहें अपने-अपने स्थान पर थीं। उसने सावित्री का प्रस्ताव भी फाइल में लगा दिया। फिर कुछ देर सोचकर नीरज की कही बात याद आई—डॉक्टर का नाम मत लिखना, कहीं बाद में कोई ढूँढ़ने न लग जाए।

उसने स्वास्थ्य केंद्र के सामने लिखी टिप्पणी फिर पढ़ी—‘नियमित उपलब्धता की पुष्टि नहीं।’

स्कूल के सामने लिखा था—‘एक शिक्षक।’

नहर के सामने लिखा था—‘सिंचाई नहर।’

उसे लगा, इन तीनों जगहों पर उसने जो लिखा है, वह सच है। लेकिन पूरा सच नहीं है। पूरा सच लिखने के लिए शायद एक अलग प्रपत्र चाहिए था। और वह प्रपत्र उसके पास नहीं था।

अगली सुबह तहसील जाने से पहले उसने बेटे की पुरानी परीक्षा-शुल्क रसीद देखी। उसे याद आया कि पिछली बार बेटे ने फॉर्म भरते समय कितनी सावधानी से हर खाने में सही जानकारी भरी थी। पिता का नाम, पता, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता—सब ठीक था। परीक्षा की तारीख वाला खाना बाद में बदल गया था। उस बदलाव पर बेटे का कोई अधिकार नहीं था।

रामखिलावन ने रसीद को कुछ क्षण हाथ में रखा।

रामखिलावन ने पर्ची मोड़कर जेब में रख ली। उसे लगा, सरकारी कागजों में अटकी पड़ी समस्याओं की तरह घर की छोटी-छोटी जरूरतें भी कभी-कभी तारीख निकल जाने के बाद ही याद आती हैं।

अगली सुबह वह फिर उसी सड़क से तहसील जा रहा था। वही गड्ढा, वही कीचड़ और स्कूल की तरफ जाते बच्चे। एक बच्चा सड़क के बीच से निकलने लगा तो रामखिलावन ने साइकिल धीमी कर दी। बच्चा संभलकर किनारे हुआ और आगे बढ़ गया।

रामखिलावन ने पीछे मुड़कर गड्ढे को देखा। सरकारी नक्शे में वह सड़क अब भी एक सीधी लकीर थी।

दफ्तर जाते समय उसे लगा कि वह गाँव का नक्शा जमा करने जा रहा है, गाँव को नहीं। नक्शा अपनी जगह सही था। उसमें कोई खेत गायब नहीं था, कोई रास्ता गलत नहीं था, कोई सीमा अपनी जगह से खिसकी नहीं थी। बस, नक्शे के भीतर रहने वाले लोगों की कुछ बातें थीं, जिनके लिए उसमें जगह नहीं थी। उस दिन तहसील में फाइल जमा हो गई। काम पूरा हो गया।

देश में चुनाव क्षेत्रों की लकीरें बदलने की तैयारी हो रही है । राज्यों के हिस्से, संसद की सीटें और महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर बड़ी-बड़ी बहसें चल रही है । ये सब जरूरी बातें हैं । लेकिन बरइयापुर के लोगों का एक सवाल अब भी वहीं खड़ा है —उनकी रोज की बुनियादी मुश्किलें दूर करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

फिलहाल देश में कुर्सियों के परिसीमन की तैयारी शुरू हो गई है। जनता की समस्याओं का परिसीमन अभी बाकी है।


काल्पनिकता: बरइयापुर भारत का एक काल्पनिक गाँव है। माँ लो उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ का। इस रचना के सभी पात्र काल्पनिक हैं। लेखपाल (पटवारी) का काम यहाँ जिला प्रशासन की काल्पनिक संयुक्त टीम में गाँव के स्थानीय अभिलेखों और नक्शे से जुड़ी जानकारी जुटाने तक सीमित है। यह राष्ट्रीय परिसीमन आयोग या निर्वाचन आयोग का सर्वेक्षण नहीं है।

तथ्य-संदर्भ और लेखकीय टिप्पणी

यह आलेख 29 नवंबर 2026 तक उपलब्ध प्रस्तावों और सूचनाओं के आधार पर लिखा गया है। इस तारीख तक संबंधित विधेयक संसद में पेश किए जाने की घोषणा हुई थी। इन्हें पारित कानून के रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया है।

संविधान (132वाँ संशोधन) विधेयक, 2026: लोकसभा में पेश किए जाने के लिए प्रकाशित आधिकारिक विधेयक। इसमें लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने और महिला आरक्षण को जल्दी प्रभावी बनाने से जुड़े प्रस्ताव हैं।

परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026: संसद में प्रकाशित आधिकारिक विवरण। इसमें परिसीमन आयोग, जनगणना के प्रकाशित आँकड़ों और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएँ तय करने से जुड़े प्रावधान हैं।

816 सीटों का प्रस्तावित नक्शा: 29 नवंबर 2026 की रिपोर्ट। यह सरकार की ओर से साझा किए गए प्रस्तावित राज्यवार नक्शे का आँकड़ा है। इसे 850 की अधिकतम सदस्य संख्या के बराबर नहीं समझना चाहिए।

जनगणना 2027: गृह मंत्रालय की प्रेस सूचना ब्यूरो विज्ञप्ति, 16 नवंबर 2026। इसमें उत्तर प्रदेश में स्व-गणना और घर-घर जाकर जनगणना की तारीखें दी गई हैं।

महिला आरक्षण का संवैधानिक आधार: 106वाँ संविधान संशोधन अधिनियम, 2023। 2026 के प्रस्तावों को 2023 में बने इस संवैधानिक आधार से अलग करके नहीं पढ़ना चाहिए।

2051 तक की व्यवस्था: संशोधन विधेयक में सीटों के आवंटन और संबंधित संवैधानिक प्रावधानों को 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव है। कहानी में इसे लागू कानून नहीं, विधेयक का प्रस्ताव ही कहा गया है।

Digital Sansad

एक शिक्षक वाले स्कूल: UDISE+ 2024–25 के अनुसार देश में 1,04,125 एकल-शिक्षक स्कूल थे, जिनमें 33,76,769 विद्यार्थी नामांकित थे। कथा का स्कूल और उसमें तीन सौ से अधिक बच्चों का दृश्य काल्पनिक है; राष्ट्रीय आँकड़े को किसी एक स्कूल की औसत स्थिति न समझा जाए।

dashboard.udiseplus.gov.in

विपक्ष की आशंकाएँ: आयोग की स्वतंत्रता, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के निर्धारण और प्रतिनिधित्व के संतुलन पर उठे सवाल राजनीतिक आशंकाएँ और आपत्तियाँ हैं; उन्हें कहानी में सिद्ध तथ्य या किसी निश्चित गड़बड़ी के रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया है।

Explained-politics News - The Indian Express

क्या यह लेख उपयोगी था?

टिप्पणियाँ

0

अपनी राय साझा करें

टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...

कुर्सियों का परिसीमन और जनता की समस्याएँ

प्रकाशित: 29 नवंबर 2026 • 24 मिनट पठन

वाम की आवाज़|जन समाचार मंच
विज्ञापन

शेयर करें

सबसे ज्यादा पढ़ी गईं

1

पबं: जब कॉलेज स्ट्रीट में किताबों से टकराई सत्ता !

423 क्लिक

2

'लेफ्ट फॉर फ्यूचर' - बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का एक आधुनिक मॉडल - केशव भट्टड़

383 क्लिक

3

‘अपने घेरे से बाहर: विचारों की रचनात्मक दुनिया के साथ’ - मोहम्मद सलीम

374 क्लिक

4

'उत्तम कुमार': एक नक्षत्र का अस्त हो जाना ~ 'सत्यजीत राय'

353 क्लिक

5

नीट पेपर लीक कांड : केंद्र सरकार की गंभीरता पर '?' है। - केशव भट्टड़

342 क्लिक

विज्ञापन

संसाधन

शहीद ए आजम भगत सिंह के विचार - संकलनकर्ता श्रेया जायसवाल (PDF)

'तुम्हारी क्षय' - राहुल सांकृत्यायन (PDF)

वियतनाम: संघर्ष की एक ओजस्वी प्रेरणा - बुद्धदेव भट्टाचार्य (Link)

वियतनाम: संघर्ष की एक ओजस्वी प्रेरणा - बुद्धदेव भट्टाचार्य (PDF)

सीपीआई (एम) पश्चिम बंगाल की वेब साइट (बांग्ला) (Link)

भाजपा क्यों है जनता की दुश्मन ? (PDF)

द लेफ्ट व्यूज - द पीपल्स लेंस (अंग्रेजी) (Link)

क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल की आत्मकथा (PDF)

पुरानी फिल्मों में होता था संदेश - सीताराम येचुरी (Link)

मैं नास्तिक क्यों हूँ ? - शहीद-ए-आजम भगतसिंह (PDF)

वाममोर्चा घोषणापत्र। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 (PDF)

मार्क्सवादी पथ पत्रिका (बांग्ला) (Link)

अभियान कैलेंडर

कोई आगामी ईवेंट नहीं

जुड़े रहने के लिए

रोज़ शाम 7 बजे प्रमुख खबरें सीधे आपके ईमेल पर।

सदस्यता लें
इस लेखक से और
सभी देखें →
विश्लेषण

16 अगस्त 1946: द ग्रेट कलकत्ता किलिंग - सच और सांप्रदायिक राजनीति

16 अगस्त 1946 को कलकत्ता दंगों, मौत और तबाही का गवाह बना। लेकिन इसी अंधकार में मजदूरों की वर्गीय एकता और आम लोगों की इंसानियत की ऐसी मिसालें भी सामने आईं, जिन्होंने सांप्रदायिक नफरत को चुनौती दी। ट्राम मजदूरों के साहस से लेकर संकट में फँसे परिवारों को बचाने तक की ये घटनाएँ बताती हैं कि जनता की एकजुटता सांप्रदायिक राजनीति के विरुद्ध सबसे मजबूत प्रतिरोध बन सकती है।

25 नवंबर 2026

राज्य

राजस्थान: पंचायत चुनाव: गावों ने दिया बीजेपी को करारा झटका

राजस्थान के पंचायत चुनावों में सीपीआई(एम) ने पंचायत समिति की 50 और जिला परिषद की सात सीटों सहित कुल 57 सीटों पर जीत दर्ज की है । कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ते हुए ग्रामीण इलाकों में अपनी बढ़त दर्ज की है। 20 नवंबर की रात तक उपलब्ध नतीजों में कांग्रेस को पंचायत समिति की 3,758 और जिला परिषद की 794 सीटें मिलीं। बीजेपी को क्रमशः 2,213 और 357 सीटें हासिल हुईं। इन नतीजों में किसान आंदोलनों, क्षेत्रीय दलों और ग्रामीण जनता के स्थानीय सवालों की राजनीतिक अहमियत भी सामने आई है। चार जिलों - कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर - की मतगणना 17 दिसंबर को प्रस्तावित है ।

22 नवंबर 2026

राज्य

पबं: जब कॉलेज स्ट्रीट में किताबों से टकराई सत्ता !

पढ़िए, कॉलेज स्ट्रीट की घटना के पीछे उभरते राजनीतिक पैटर्न की पड़ताल। कॉलेज स्ट्रीट पर एसएफआई के बुक स्टॉल को पुलिस की अनुमति मिलने के बावजूद एबीवीपी के विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा। मार्क्सवादी साहित्य को ‘राष्ट्रविरोधी’ और वामपंथी कार्यकर्ताओं को ‘चीन का दलाल’ कहने वाले नारों ने विवाद को वैचारिक टकराव का रूप दे दिया। पहले दिन पुलिस की कार्रवाई, दूसरे दिन एबीवीपी का विरोध और फिर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य की प्रतिक्रिया - पूरे घटनाक्रम में कई असहज सवाल छिपे हैं। आखिर किताबों से इतनी बेचैनी क्यों?

19 नवंबर 2026

और पढ़ें
सभी देखें →
हास्य-व्यंग

द ग्रेट बिट्रेयल ऑफ बंगाल: जब 'खेला' खेलने वालों के साथ ही हो गया महा-'खेला'- केशव भट्टड़

बंगाल की राजनीति गंभीर विमर्श का विषय है, मनोरंजन का नहीं। शुक्र है कि राज्य में 'लेफ्ट' है, कोने-कोने में है और पूरे लय में है। तपे -तपाए जमीन से जुड़े वाम नेता हैं। प्रगतिशील युवा और संगठित टीम हैं। बंगाल की जन-चेतना के लिए 'लेफ्ट फॉर फ्यूचर' ही अंतिम बात है। और यह देश के लिए भी सच है।
पिछले 15 सालों तक बंगाल की राजनीति की बेताज बादशाह रहीं ममता बनर्जी और उनके उत्तराधिकारी अभिषेक बनर्जी के लिए यह समय
"माया मिली न राम" जैसा है। भाजपा के साथ बाइनरी सेटिंग की राजनीति में झूला झूलते हुए जिस भतीजे (भाइपो) को दीदी ने पूरी पार्टी सौंपने की कसम खाई थी, आज वही अभिषेक बनर्जी पार्टी से 'सस्पेंड' कर दिए गए हैं और ममता दीदी को अध्यक्ष पद से ही 'मुक्त' कर दिया गया है। ऑफर है मार्गदर्शक बनने का। उफ्फ़। याद आया- अँखियों से लौह-नीर पिघलाते लौह-पुरुष लालकृष्ण आडवाणी, वफ़ा जिनसे की, बेवफा हो गए..। विधायकों के कथित जाली हस्ताक्षरों के विवाद ने ऐसा मोड़ लिया कि कालीघाट के किले में अब केवल सन्नाटा और गिने-चुने वफादार बचे हैं। कल तक हुँकार भरने वाली दीदी अब कल्याण बाबू के सहारे कोर्ट-कचहरी के चक्कर और तारीख पर तारीख। राजनीति का यह कैसा दौर आया है, जहां 'खेला होबे' का नारा देने वालों के साथ ही 'महा-खेला' हो गया!

केशव कुमार भट्टड़ • 23 जून 2026

राज्य

पबं: जब कॉलेज स्ट्रीट में किताबों से टकराई सत्ता !

पढ़िए, कॉलेज स्ट्रीट की घटना के पीछे उभरते राजनीतिक पैटर्न की पड़ताल। कॉलेज स्ट्रीट पर एसएफआई के बुक स्टॉल को पुलिस की अनुमति मिलने के बावजूद एबीवीपी के विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा। मार्क्सवादी साहित्य को ‘राष्ट्रविरोधी’ और वामपंथी कार्यकर्ताओं को ‘चीन का दलाल’ कहने वाले नारों ने विवाद को वैचारिक टकराव का रूप दे दिया। पहले दिन पुलिस की कार्रवाई, दूसरे दिन एबीवीपी का विरोध और फिर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य की प्रतिक्रिया - पूरे घटनाक्रम में कई असहज सवाल छिपे हैं। आखिर किताबों से इतनी बेचैनी क्यों?

केशव कुमार भट्टड़ • 19 नवंबर 2026

राज्य

'लेफ्ट फॉर फ्यूचर' - बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का एक आधुनिक मॉडल - केशव भट्टड़

पश्चिम बंगाल का राजनीतिक आकाश आज दो ध्रुवों — टीएमसी और भाजपा — के बीच आपसी वोट लाभ के लिए कुटिल योजना से फँसा दिया गया है। SIR , दबंगता, झूठ और पैसे के दम पर लोकतंत्र के अपहरण की पूरी तैयारी है। एक तरफ है राज्य सत्ता की मशीनरी, परिवारवाद और भ्रष्टाचार की संस्कृति। दूसरी तरफ है केंद्र का SIR अटैक, सांप्रदायिक विभाजन, संस्थाओं पर नियंत्रण और विकास के नाम पर ध्रुवीकरण की राजनीति। दोनों ही दल पूंजीवादी-नवउदारवादी मॉडल पर टिके हुए हैं, जो आर्थिक असमानता को बढ़ावा देते हैं, पर्यावरण की उपेक्षा करते हैं और केवल मुनाफे को प्राथमिकता देते हैं। इन नीतियों के कारण किसान, मजदूर, छात्र, युवा और महिलाओं सहित आम नागरिकों की आवाज दब रही है, उनकी चिंताएं उपेक्षित हो रही हैं और उनके हितों को नुकसान पहुंच रहा है। लेकिन लेफ्ट फ्रंट न तो केवल टीएमसी का विकल्प है और न ही केवल भाजपा का। यह उससे कहीं ज्यादा हैं। लेफ्ट फ्रंट एक स्वतंत्र वैचारिक शक्ति है जो न सत्ता की लूट को बढ़ावा देती है और न ही धर्म के नाम पर समाज को बाँटती है। टीएमसी और भाजपा के भ्रष्टाचार तथा सांप्रदायिक कोलाहल से पूरी तरह अलग, लेफ्ट फ्रंट तीसरा रास्ता प्रस्तुत कर रहा है — लोकतंत्र, समानता और सामाजिक न्याय पर आधारित एक प्रगतिशील भविष्य का रास्ता, जिसका नाम है “लेफ्ट फॉर फ्यूचर”।

केशव कुमार भट्टड़ • 13 अप्रैल 2026

वाम की आवाज़ लोगो
वाम की आवाज़

अगर थक गए हो चुप रहकर सहने से, रगों में खून उबल रहा है अन्याय के खिलाफ, न्याय, समानता और प्रगति में हैं विश्वास तो — उठो ! बोलो ! बदलो !

मुख्य पन्ने
जानकारी
हमारे बारे में
संपादकीय नीति
सुधार नीति
गोपनीयता नीति
संपर्क करें
आर्काइव
अभियान कैलेंडर आर्काइव
© 2026 वाम की आवाज़ — जन संघर्ष का डिजिटल पुरालेखMade for the Movement