नौ दशकों की जुझारू विरासत: वर्तमान कृषि संकट में किसान-मेहनतकश एकता ही एकमात्र विकल्प।
औपनिवेशिक व सामंती शोषण के खिलाफ 11 अप्रैल 1936 को लखनऊ में जन्मी अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) 2026 में अपनी स्थापना के 90 वर्ष पूरे कर रही है। इस अवसर पर 17-19 नवंबर 2026 को तेलंगाना के नलगोंडा में इसका 36वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। अवध के ऐतिहासिक आंदोलनों से लेकर आज कॉरपोरेट दखल, ठेका खेती और एमएसपी की कानूनी गारंटी के गंभीर संकटों से संघर्ष तक, किसान सभा की 90 वर्षीय जुझारू विरासत का स्पष्ट संदेश है - ' व्यापक जन-एकता और संगठित प्रतिरोध से ही अधिकारों की रक्षा संभव है।' व्यापक मेहनतकश एकता ही वर्तमान कृषि समस्याओं का एकमात्र समाधान है।
11 अप्रैल 1936 को लखनऊ के ऐतिहासिक मंच से शुरू हुई 'अखिल भारतीय किसान सभा' (AIKS) की यात्रा वर्ष 2026 में अपने 90वें पड़ाव पर पहुँच चुकी है। औपनिवेशिक हुकूमत और सामंती शोषण के दोहरे चक्रव्यूह को तोड़कर अस्तित्व में आई इस संस्था ने भारतीय किसान आंदोलनों को एक नई दिशा और साझा राष्ट्रीय पहचान दी थी। स्वामी सहजानंद सरस्वती, एन.जी. रंगा, बाबा रामचंद्र जैसे जननायकों के संघर्षों की नींव पर खड़ी किसान सभा का इतिहास यह साबित करता है कि संगठित जन-एकता ही अधिकारों की सबसे बड़ी ढाल है। आज जब किसान सभा तेलंगाना के नलगोंडा में अपने 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारी कर रही है, तब देश का कृषि परिदृश्य एक नए और विकट संकट से गुजर रहा है। खेती की बढ़ती लागत, बीज-खाद-पानी पर बढ़ता कॉरपोरेट एकाधिकार, ठेका खेती की चुनौतियाँ और प्राकृतिक अनिश्चितताएँ छोटे व सीमांत किसानों का अस्तित्व मिटाने पर आमादा हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी और सार्वजनिक कृषि सुरक्षा की माँग आज केवल किसानों का सवाल नहीं, बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा और आर्थिक संप्रभुता का सवाल बन चुकी है।
90 वर्षों का यह पड़ाव केवल पुरानी गौरवगाथाओं को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि कॉरपोरेटपरस्त नीतियों के खिलाफ किसानों, खेत-मजदूरों और मेहनतकशों की व्यापक एकता को पुनर्जीवित करने का ऐतिहासिक दायित्व भी सौंपता है। 'वाम की आवाज' इस अवसर पर देश के तमाम मेहनतकसों -किसानों और उनके न्यायपूर्ण संघर्षों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। 
[1986 में पटना में हुए ऑल इंडिया किसान सभा (AIKS) के गोल्डन जुबली (50वें) सम्मेलन में गोदावरी परुलेकर को इसकी पहली महिला अध्यक्ष चुना गया था।]
अखिल भारतीय किसान सभा के 90 वर्ष
संघर्षों की गौरवशाली विरासत और वर्तमान चुनौतियाँ
~ नवाब उद्दीन ~
"वर्ष 2026 अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) के गठन का 90वाँ वर्ष है। इस ऐतिहासिक अवसर पर 17 से 19 नवंबर 2026 तक तेलंगाना के नलगोंडा में इसका 36वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। यह मौका न केवल किसान सभा की गौरवशाली यात्रा को याद करने का है, बल्कि वर्तमान कृषि संकट के दौर में इसकी प्रासंगिकता और भूमिका पर नए सिरे से विचार करने का भी है।"
किसान आंदोलनों की पृष्ठभूमि और शुरुआती संघर्ष
ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और सामंती व्यवस्था के दोहरे शोषण के खिलाफ देश के किसान लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। भारी-भरकम लगान, जबरन जमीन छीना जाना, बेदखली और 'बेगार' जैसी प्रथाएँ आम थीं। इसके खिलाफ किसान लगातार संघर्ष कर रहे थे।
औपनिवेशिक शासन के दौरान किसानों के शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ 19वीं सदी में ही कई किसान विद्रोह हुए - संथाल विद्रोह, नील विद्रोह और 1857 के महान संग्राम जैसे कई बड़े प्रतिरोध हुए, जिनमें किसानों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। हालाँकि, उस समय इन आंदोलनों का नेतृत्व अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक ताकतों के हाथ में था। बाद के दौर में सामंती वर्गों के एक हिस्से ने औपनिवेशिक शासन के साथ समझौता कर लिया और उसकी व्यवस्था के सहायक बन गए। इसके बावजूद इन संघर्षों ने किसानों में प्रतिरोध की चेतना पैदा की।
20वीं सदी की शुरुआत में किसान आंदोलनों ने नए रूप में संगठित होना शुरू किया। 1905 में बंगाल विभाजन के खिलाफ आंदोलन, पंजाब में भूमि संबंधी कानूनों के खिलाफ विरोध और प्रथम विश्वयुद्ध के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती बदहाली ने किसानों में असंतोष पैदा किया। युद्ध से लौटे सैनिकों ने भी ग्रामीण समाज में नई राजनीतिक चेतना पैदा करने में भूमिका निभाई। 1917 की रूसी क्रांति का प्रभाव भी देश के प्रगतिशील और वामपंथी विचारों से जुड़े लोगों पर पड़ा।
संयुक्त प्रांत और अवध का किसान संघर्ष
इसी दौर में तब के संयुक्त प्रांत आगरा और अवध (उत्तर प्रदेश) में 'एका" जिसका अर्थ एकता से है और मालाबार में मोपला विद्रोह तथा पंजाब में गुरुद्वारा सुधार आंदोलन जैसे संघर्ष सामने आए। अलग-अलग क्षेत्रों में किसान संगठन लगान कम करने, निश्चित किराया लागू करने, जमीन से बेदखली रोकने, अवैध वसूली बंद करने और साहूकारों के कर्ज से राहत देने जैसी मांगें उठा रहे थे। इस तरह 1920-21 में देश में इस आन्दोलन के मुख्य तीन केंद्र थे पंजाब, मालाबार और पूर्वी संयुक्त प्रान्त उसका चौथा केंद्र बंगाल कहा जा सकता है । बिहार में भी किसान संघर्षों की शुरुआत ही रही थी। स्वामी सहजानंद उसके संगठन कर्ताओं में थे।
अवध किसान संघर्षों का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा। यहां तालुकेदारों और जमींदारों का किसानों पर भारी दबाव था। किसानों से ऊंचा लगान वसूला जाता था। इसके अलावा कई तरह के अवैध कर और बेगार भी ली जाती थी। लगान न देने पर किसानों को जमीन से बेदखल कर दिया जाता था।
फरवरी 1918: ब्रिटिश सचिव लॉर्ड मोंटेग्यू के समक्ष किसानों का मांगपत्र रखने के लिए गौरीशंकर मिश्र और इंद्रनारायण द्विवेदी के प्रयासों से किसान सभा का गठन हुआ, जिसे मदन मोहन मालवीय का भी समर्थन मिला।
जून 1919 तक किसान सभा की कई शाखाएं बन चुकी थीं। प्रतापगढ़ की पट्टी तहसील के गांव रूरे में सहदेव सिंह और झिंगुरे सिंह ने भी इसी नाम से एक संगठन बनाया।
1918 में इलाहाबाद जिले में किसान सभा का गठन किया गया इसके नेतृत्व में किसानों ने बेदखली, जुर्माना लगाए जाने, जबरिया काम करानेकी मांगो पर किसानो ने आन्दोलन किया ।
बाबा रामचंद्र की भूमिका: इसी समय बाबा रामचंद्र ने अवध के किसानों को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतापगढ़, रायबरेली और फैजाबाद के गांवों में किसानों की पंचायतें आयोजित की गईं। इन पंचायतों में लगान कम करने, बेदखली रोकने और जमींदारों के अत्याचारों से मुक्ति की मांग उठाई गई।
अक्टूबर 1920: पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1919-20 के दौरान अवध के किसान आंदोलनों के बीच कई गांवों का दौरा किया। किसानों की समस्याओं को समझा और उनके संघर्षों से जुड़े। 17 अक्टूबर 1920 को प्रतापगढ़ में अवध किसान सभा का गठन हुआ। इससे किसान आंदोलन को संगठित करने की दिशा में एक नया आधार मिला।
एका आंदोलन: 1921 के अंत और 1922 की शुरुआत में सीतापुर, हरदोई और बहराइच में मदारी पासी और सहरेव के नेतृत्व में 'एका' (एकता) आंदोलन फैला। किसानों ने लगान और जमींदारों के शोषण के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष किया। अंग्रेजी शासन ने इस आंदोलन को कुचलने के लिए दमन का सहारा लिया और क्रूरतापूर्वक कुचल दिया।
बिहार: बिहार में भी स्वामी सहजानंद सरस्वती के नेतृत्व में किसान संघर्षों की मजबूत शुरुआत हो चुकी थी।
लखनऊ 1936: किसान, लेखक और छात्र आंदोलनों का ऐतिहासिक संगम
वर्ष 1936 भारतीय जन-आंदोलनों के इतिहास में एक स्वर्णिम वर्ष माना जाता है। इसी साल लखनऊ में तीन महत्वपूर्ण अखिल भारतीय सम्मेलन हुए:
10 अप्रैल 1936: कथाकार प्रेमचंद की अध्यक्षता में रिफा-ए-आम हॉल में 'प्रगतिशील लेखक संघ' का पहला सम्मेलन हुआ, जहाँ उन्होंने साहित्य की सामाजिक भूमिका पर जोर दिया।
11 अप्रैल 1936: इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में 'अखिल भारतीय किसान सभा' का स्थापना सम्मेलन आयोजित हुआ।
12-13 अगस्त 1936: जवाहरलाल नेहरू द्वारा उद्घाटन और मोहम्मद अली जिन्ना की अध्यक्षता में 'अखिल भारतीय छात्र महासंघ' (AISF) का पहला सम्मेलन संपन्न हुआ।
इस तरह 1936 में लखनऊ किसान, लेखक और छात्र आंदोलनों के अखिल भारतीय संगठनों के गठन का महत्वपूर्ण केंद्र बना।
अखिल भारतीय किसान सभा का जन्म
1929 के आसपास शुरू हुई विश्वव्यापी आर्थिक महामंदी का असर भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा। किसानों की हालत लगातार खराब होती गई। खेती की उपज के दाम गिर रहे थे, लेकिन लगान और दूसरे करों का बोझ कम नहीं हो रहा था। किसान कर्ज में डूबते जा रहे थे और जमीनों से बेदखली की घटनाएं बढ़ रही थीं।
इस परिस्थिति ने किसानो को नए सिरे से संगठित होने की और अपनी रक्षा के लिए लड़ने की प्रेरणा दी थी । अत: जगह जगह किसानों के संगठन बनने लगे थे और परस्पर मिलकर जिला और प्रांतीय संगठनों का रूप लेने लगे। इसी के क्रम में संयुक्त प्रान्त में अप्रेल 1935 में प्रांतीय किसान सभा का गठन हुआ।
16 जनवरी 1936 को मेरठ में कमलादेवी चट्टोपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में देश के अलग-अलग प्रांतों के किसान संगठनों को एक मंच पर लाकर अखिल भारतीय संगठन बनाने का निर्णय लिया गया। अंततः 11 अप्रैल 1936 को लखनऊ में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन के अवसर पर अखिल भारतीय किसान कांग्रेस का स्थापना सम्मेलन आयोजित किया गया। बाद में इसका नाम अखिल भारतीय किसान सभा रखा गया। इस ऐतिहासिक सम्मेलन की अध्यक्षता किसान आंदोलन के पुरोधा स्वामी सहजानंद सरस्वती ने की और एन.जी. रंगा इसके पहले महासचिव चुने गए।
इस सभा ने किसानों की मांगों को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में ला खड़ा किया। किसान सभा के पहले सम्मेलन में पारित और बाद में 'किसान घोषणा-पत्र' के रूप में व्यवस्थित प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया कि किसान आंदोलन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक शोषण से पूर्ण मुक्ति और शोषित जनता के लिए आर्थिक व राजनीतिक सत्ता हासिल करना है।
अखिल भारतीय किसान सभा ने देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे किसान संघर्षों को एक साझा मंच दिया। उसने किसानों के सवालों को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में लाने का काम किया। किसान आंदोलन के लिए आजादी का मतलब केवल अंग्रेजी शासन का अंत नहीं था, बल्कि लगान और जमींदारी शोषण से मुक्ति, जमीन पर अधिकार, कर्ज से राहत और सम्मानजनक जीवन भी था।
किसान समाज अपने आप में एकरूप नहीं था। इसमें छोटे और बड़े किसान, काश्तकार, बटाईदार, खेत मजदूर और भूमिहीन किसान शामिल थे। इन सभी के हितों और समस्याओं में अंतर था। ऐसे में इन वर्गों को एकजुट करना किसान आंदोलन के सामने बड़ी चुनौती थी।
किसान सभा के स्थापना सम्मेलन में किसानों की बुनियादी और तात्कालिक मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। आगे चलकर इस सम्मलेन में चुनी गई अखिल भारतीय किसान कमेटी इसे किसान घोषणा-पत्र के रूप में व्यवस्थित किया जो ऐतिहासिक दस्तावेज है । इसमें कहा गया-
"किसान आंदोलन का उद्देश्य आर्थिक शोषण से पूर्ण मुक्ति हासिल करना तथा किसानों मजदूरों और अन्य शोषित वर्गों के लिए पूर्ण आर्थिक और राजनीतिक सत्ता प्राप्त करना है।
"किसान आंदोलन का मुख्य कार्य होगा किसान जनता को शोषण के सभी स्वरूप से मुक्ति प्राप्त करने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से उन्हें अपनी तात्कालिक राजनीतिक और आर्थिक मांगों के लिए संगठित करना और संघर्ष में उतरना।
"पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए लड़े जाने वाले राष्ट्रीय संग्राम में उनकी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से उत्पादनकर्ता जनता के लिए अंतिम रूप से आर्थिक और राजनीतिक सत्ता की उपलब्धि का किसान आंदोलन पक्षधर है।

किसान सभा के 90 वर्ष और आज की गंभीर चुनौतियाँ
अपने 90 वर्षों के सफर में किसान सभा ने अधिकारों के लिए कई ऐतिहासिक लड़ाइयाँ लड़ी हैं। आज एक बार फिर भारतीय कृषि बेहद गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है:
बढ़ती लागत और कॉरपोरेट दखल: खेती में बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई , बिजली और उपकरणों के दाम आसमान छू रहे हैं। बीज से लेकर बाजार तक बहुराष्ट्रीय और कॉरपोरेट कंपनियों का शिकंजा कसता जा रहा है।
नीतिगत संकट: ठेका खेती और कॉरपोरेटपरस्त नीतियों के कारण छोटे और सीमांत किसानों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में भूमि सुधारों को कमजोर करने और भूमि व जंगलों को कॉरपोरेट घरानों को सौंपने वाले कानूनों की कोशिशें चिंताजनक हैं।
प्रमुख माँगे: आज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसानों को कर्ज से राहत, सस्ती कृषि सामग्री और सार्वजनिक खरीद प्रणाली को मजबूत करना मुख्य सवाल बन चुके हैं।
अखिल भारतीय किसान सभा ने अपने 90 वर्षों के इतिहास में किसानों के अधिकारों के लिए अनेक संघर्षों का नेतृत्व किया है। आज भी भारतीय कृषि गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। खेती की बढ़ती लागत, बीज और खाद की कीमतें, सिंचाई, बिजली, कर्ज, फसलों के उचित दाम, प्राकृतिक आपदाएं और बाजार की अनिश्चितताएं किसानों की समस्याओं को बढ़ा रही हैं। आज खेती में कॉरपोरेट कंपनियों का दखल लगातार बढ़ रहा है। बीज, खाद, कीटनाशक, कृषि उपकरण, भंडारण और कृषि उत्पादों की खरीद-बिक्री के क्षेत्र में बड़ी कंपनियों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। इससे खेती की लागत और किसानों की बाजार पर निर्भरता बढ़ रही है। ठेका खेती और कृषि क्षेत्र में निजी कंपनियों की बढ़ती भूमिका छोटे और सीमांत किसानों के लिए नई चुनौतियां पैदा कर रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार भूमि सुधारों को पलटने और भूमि/ जंगल कार्पोरेट को सोपने का कानून बना रही है। भूमि अधिग्रहण और खेती में कॉरपोरेट दखल के जरिए किसानों की जमीन और कृषि संसाधनों पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिशें भी चिंता का विषय हैं।
छोटे और सीमांत किसानों के सामने खेती जारी रखना कठिन होता जा रहा है। खेत मजदूरों और भूमिहीन किसानों की स्थिति भी चिंताजनक है। कृषि नीतियों का छोटे किसानों पर पड़ता प्रभाव और जलवायु परिवर्तन के कारण खेती पर बढ़ता संकट किसान आंदोलन के सामने बड़ी चुनौतियाँ हैं। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, कर्ज से राहत, सस्ती खाद और बीज तथा सार्वजनिक खरीद व्यवस्था को मजबूत करने की मांग आज किसान आंदोलन के प्रमुख सवाल हैं।
ऐसी परिस्थितियों किसानों को संगठित करना, कॉरपोरेट दखल और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करना, उनकी समस्याओं को साझा राजनीतिक सवाल बनाना और व्यापक किसान एकता कायम करना जरूरी है। इसके लिए किसानों के साथ खेत मजदूरों, भूमिहीन किसानों और दूसरे मेहनतकश तबकों की एकता भी जरूरी है।
किसान सभा के 90 वर्षों का इतिहास यही बताता है कि संगठित संघर्षों के जरिए ही किसानों ने अपने अधिकार हासिल किए हैं। आज भी इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए किसानों और खेत मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष को मजबूत करना समय की जरूरत है।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के इस दौर में छोटे किसानों, खेत मजदूरों, भूमिहीन किसानों और तमाम मेहनतकश तबकों की व्यापक एकता कायम करना ही एकमात्र विकल्प है। किसान सभा के 90 वर्षों का इतिहास यह सिखाता है कि केवल संगठित और जुझारू जन-संघर्षों के दम पर ही अधिकारों की रक्षा की जा सकती है।
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...