14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर उन्हें याद करना केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि देना नहीं है, बल्कि आजाद भारत के निर्माण की वैचारिक दिशा पर विचार करना भी है।
नेहरू को याद करने का सबसे सार्थक तरीका है—उनके योगदान को स्वीकार करना, उनकी सीमाओं की आलोचना करना और उस आधुनिक, लोकतांत्रिक तथा धर्मनिरपेक्ष भारत के विचार पर गंभीर बहस करना, जिसकी नींव रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। नेहरू को याद करना सिर्फ अतीत को याद करना नहीं, बल्कि भारत के धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक भविष्य के सवालों से टकराना है।- वाम की आवाज 
जवाहरलाल नेहरू: धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और राजनीतिक अंतर्विरोध
- अनीश अंकुर

नेहरू जी पर आज गंभीर चर्चा कम होती है। उनके खिलाफ अक्सर दुष्प्रचार किया जाता है और झूठी बातें फैलाई जाती हैं। मेरे गांव में हमारे एक बड़े भाई हैं। वे मेरे चचेरे भाई हैं और उनकी उम्र लगभग 76 वर्ष है। एक दिन अचानक उन्होंने मुझसे पूछा, "बताओ, क्या यह सच है कि नेहरू मुसलमान थे? हमें तो आज तक कुछ और ही बताया जाता रहा है!"
अगर कोई कम उम्र का व्यक्ति ऐसी बात कहता तो शायद हम उसे समझा सकते थे। लेकिन लगभग 76 वर्ष का वह व्यक्ति, जिसने पूरी जिंदगी दूसरों को पढ़ाने में बिताई है, जब ऐसी निराधार बातें करता है तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि नेहरू के खिलाफ दुष्प्रचार कितने व्यापक स्तर पर किया गया है। यह प्रचार किया जाता है कि कश्मीर नेहरू की वजह से भारत से अलग होने की स्थिति में पहुंचा। एडविना माउंटबेटन के साथ उनके संबंधों को लेकर यहां तक दुष्प्रचार किया जाता है कि इसी कारण उन्होंने पाकिस्तान के निर्माण को स्वीकार किया था। बीसवीं सदी में भारत की किसी एक शख्सियत के खिलाफ इतना व्यापक दुष्प्रचार शायद ही किया गया हो।
लेकिन विडंबना यह है कि जो लोग नेहरू के पक्षधर हैं, उन्हें भी नेहरू के बारे में पूरी और सही जानकारी नहीं है।
नेहरू को लेकर वामपंथियों के बीच भी मतभेद रहे हैं। कांग्रेस के भीतर भी नेहरू का नाम लेने को लेकर एक झिझक दिखाई देती है। वामपंथियों के साथ उनका रिश्ता हमेशा खट्टा-मीठा रहा। लेकिन नेहरू का मूल्यांकन करते हुए हमें कुछ बुनियादी सवालों पर जरूर विचार करना चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर आजाद भारत में जवाहरलाल नेहरू की जगह कोई दूसरा प्रधानमंत्री होता तो क्या भारत में धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र बच पाते? दूसरा सवाल यह है कि नेहरू ऐसे समय में भारत के प्रधानमंत्री बने, जब पाकिस्तान धर्म के आधार पर एक राष्ट्र बन चुका था। उस समय भारत में भी यह आशंका थी कि कहीं भारत हिंदू राष्ट्र के रास्ते पर न आगे बढ़ जाए ।
आजादी के बाद का संकट और नेहरू की भूमिका
1947 का समय बेहद संकटपूर्ण था। गांधी जी की प्रार्थना सभाओं में भी सांप्रदायिक विरोध का माहौल बनने लगा था। गांधी जी की प्रार्थना सभाओं में वेद, कुरान, गुरु नानक की वाणी आदि का पाठ होता था। लेकिन जैसे ही कुरान का पाठ शुरू होता, लोग विरोध करने लगते थे। देश में मुस्लिम विरोधी भावना बहुत तीव्र थी। देश विभाजन, विस्थापन और सांप्रदायिक हिंसा की भयावह परिस्थितियों से गुजर रहा था। अगले वर्ष, 30 जनवरी 1948 को गांधी जी की हत्या ने देश को एक और गहरे संकट में डाल दिया।
इस माहौल को बदलने में नेहरू की भूमिका को हम ठीक से याद नहीं करते। आजादी के बाद से 1951-52 के पहले आम चुनाव तक नेहरू ने देश के लगभग हर हिस्से में जाकर लोगों से संवाद किया। उन्होंने चालीस हजार किलोमीटर की यात्रा की और सैकड़ों सभाओं के माध्यम से लगभग साढ़े तीन करोड़ लोगों तक सीधे संवाद के माध्यम से पहुंचे। यह कोई सामान्य राजनीतिक अभियान नहीं था। इसका उद्देश्य देश में धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र की बुनियाद मजबूत करना था।
1946 में, जब ब्रिटिश साम्राज्यवाद से सत्ता हस्तांतरण को लेकर बातचीत चल रही थी, उस समय भी नेहरू और कांग्रेस के अन्य नेता गांव-गांव जा रहे थे। गांधी जी, नेहरू, पटेल और राजेंद्र प्रसाद जैसे नेता गांवों की पगडंडियों पर चलते थे और छोटी-छोटी झोपड़ियों में ठहरते थे। वे जानते थे कि सत्ता मिलने वाली है, लेकिन उनकी प्राथमिकता सत्ता हासिल करना भर नहीं थी। वे सांप्रदायिकता के खतरे को दूर करने के लिए अभियान चला रहे थे।
जब नोआखाली में दंगे हुए और हिंदुओं का कत्लेआम होने लगा तो गांधी जी अकेले वहां पहुंच गए। बंगाल में उस समय मुस्लिम लीग की सरकार थी। गांधी जी ने वहां जाकर लोगों को समझाने की कोशिश की। जिन जगहों पर वे ठहरते थे, वहां भी उनका विरोध होता था और उन पर पत्थर फेंके जाते थे।
नोआखाली की प्रतिक्रिया में बिहार में भी सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे। आमतौर पर दंगों को शहरी परिघटना माना जाता था, लेकिन बिहार में दंगों ने बड़े पैमाने पर ग्रामीण इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ऐसे समय में नेहरू ने साथी नेताओं को लेकर गांव-गांव का दौरा किया। उनके साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल, लियाकत अली खान और सरदार अब्दुर रब निश्तर (बिहार दौरे के दस्तावेज़ में उल्लेखित नाम, नेहरू आर्काइव) के अलावा राजेंद्र प्रसाद, मौलाना आजाद, आचार्य कृपलानी, जयप्रकाश नारायण और अनुग्रह नारायण सिन्हा जैसे नेता भी थे। नेहरू 3 से 9 नवंबर, 1946 , तक बिहार में रहे। उनके इस हस्तक्षेप और अभियान से दंगों को रोकने में बड़ी मदद मिली।
नेहरू ने उस समय बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी दी थी कि “अगर किसी एक मुसलमान के खिलाफ भी हाथ उठाया गया तो उनकी सरकार अपनी पूरी ताकत से उसका जवाब देगी।” उन्होंने कहा था कि “ किसी निर्दोष मुसलमान पर हमला करने वाले की उंगली तक तोड़ दी जाएगी।” आज के दौर में किसी नेता से ऐसी स्पष्ट और दृढ़ भाषा की अपेक्षा करना भी मुश्किल लगता है।
इसलिए 1947 से 1952 के बीच के उस संकटपूर्ण दौर को समझना बहुत जरूरी है। उस समय आरएसएस के कुछ नेताओं की ओर से गांधी की हत्या के बाद नेहरू को भी निशाना बनाने की बात कही जा रही थी। ऐसी स्थिति में भारत को सांप्रदायिक राष्ट्र बनने से बचाने में नेहरू की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण थी।

1951-52 का चुनाव : धर्मनिरपेक्ष भारत के पक्ष में जनादेश
1951-52 के पहले आम चुनाव में नेहरू ने चुनाव अभियान में धर्मनिरपेक्ष भारत और सांप्रदायिक राजनीति के सवाल उठा कर एक तरह से चुनावों को जनमत संग्रह में बदल दिया था। सवाल यह था कि भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा या धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र? हिंदू महासभा और भारतीय जनसंघ जैसे संगठन चुनावी मैदान में मौजूद थे। नेहरू ने देश के सामने स्पष्ट किया कि भारत का भविष्य धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र में ही सुरक्षित है।
चुनाव के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया कि देश की जनता धर्मनिरपेक्ष भारत चाहती है। यह नेहरू की एक बड़ी उपलब्धि थी और इसका श्रेय उन्हें दिया जाना चाहिए। आज अगर आरएसएस और भाजपा के निशाने पर सबसे ज्यादा नेहरू हैं तो इसकी एक बड़ी वजह उनका सांप्रदायिकता के खिलाफ स्पष्ट और दृढ़ रुख है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के नेताओं में नेहरू उन शुरुआती लोगों में थे जिन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भारत में सांप्रदायिकता फासीवाद का ही एक रूप है।
आज हम सांप्रदायिक फासीवाद की बात करते हैं, लेकिन उस समय फासीवाद का अर्थ मुख्य रूप से हिटलर और मुसोलिनी की राजनीति से जुड़ा हुआ था। ऐसे समय में भारतीय सांप्रदायिकता को फासीवाद से जोड़कर देखना नेहरू की दूरदर्शिता थी। 1933 में उन्होंने कहा था कि अगर दुनिया साम्यवाद और फासीवाद के दो ध्रुवों में बंट रही है तो वे साम्यवाद के पक्ष में खड़े होंगे। यह उस दौर में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक वक्तव्य था।
नेहरू और मार्क्सवाद : इतिहास को देखने की नई दृष्टि
तीसरी दुनिया के देशों में, जहां उपनिवेशवाद विरोधी और राष्ट्रीय मुक्ति आंदोलन चल रहे थे, नेहरू उन शुरुआती नेताओं में थे जिन्होंने मार्क्सवाद और लेनिनवाद से गहरा वैचारिक संबंध स्थापित किया। खासकर 1936-37 तक उनकी वैचारिक समझ में मार्क्सवाद का प्रभाव बहुत स्पष्ट दिखाई देने लगा था।
नेहरू ने अपनी आत्मकथात्मक रचनाओं और डिस्कवरी ऑफ इंडिया में मार्क्सवाद के प्रभाव का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि “मार्क्सवाद ने उनके मन-मस्तिष्क के अंधेरे कोनों में रोशनी डाली।” मार्क्सवाद ने उन्हें इतिहास को देखने की एक नई दृष्टि दी। नेहरू बताते हैं कि पहले वे भी इतिहास को राजाओं और रानियों के नजरिये से देखते थे। कौन राजा था, किसने शासन किया, किसने किसे हराया—इतिहास का मुख्य विषय यही होता था। लेकिन मार्क्सवाद ने उन्हें समझाया कि इतिहास को समझने के लिए यह जानना अधिक महत्वपूर्ण है कि उस समय उत्पादन के साधन क्या थे ? खेती किस तरह होती थी ? हल का फल लोहे का था या तांबे का ? और समाज की आर्थिक संरचना कैसी थी ?
यह इतिहास को देखने का एक बुनियादी परिवर्तन था। आज जब हम कहते हैं कि ताजमहल शाहजहां ने नहीं, बल्कि मजदूरों ने बनाया, तो यह भी इतिहास को देखने की उसी मार्क्सवादी दृष्टि का हिस्सा है। नेहरू की दृष्टि में भी इतिहास के वास्तविक निर्माता आम लोग थे। 1936 का उनका भाषण इस दृष्टि से एक महत्वपूर्ण मोड़ था। उसी समय स्वामी सहजानंद सरस्वती के नेतृत्व में किसान आंदोलन भी समाजवाद के सवाल को लेकर आगे बढ़ रहा था। नेहरू ने कांग्रेस के मंच से समाजवाद की बात उठाकर अंग्रेजों के साथ-साथ कांग्रेस के भीतर मौजूद दक्षिणपंथी शक्तियों को भी चुनौती दी।
कांग्रेस के भीतर उस समय दक्षिणपंथी खेमा था, जिसमें सरदार पटेल, राजगोपालाचारी और राजेंद्र प्रसाद जैसे नेता प्रमुख थे। दूसरी ओर वामपंथी विचारों से प्रभावित खेमा था, जिसके सबसे बड़े नेताओं में नेहरू और सुभाषचंद्र बोस शामिल थे। जब सुभाषचंद्र बोस कांग्रेस अध्यक्ष बने तो उन्होंने नेहरू को राष्ट्रीय योजना समिति ( नैशनल प्लानिंग कमिटी ) का अध्यक्ष बनाया। यह एक महत्वपूर्ण निर्णय था। राष्ट्रीय योजना समिति ने स्वतंत्र भारत की नियोजन संबंधी सोच और नीतिगत बहसों को प्रभावित किया। बाद में 1950 में योजना आयोग की स्थापना के साथ देश में नियोजित आर्थिक विकास की संस्थागत प्रक्रिया शुरू हुई।
1936 में नेहरू ने समाजवाद को जितना लोकप्रिय बनाया, उतना उस समय शायद ही किसी दूसरे कांग्रेस नेता ने किया हो। कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कहा था कि समाजवाद के बिना भारत के सामने कोई वास्तविक विकल्प नहीं हो सकता। उनके इस रुख ने कांग्रेस की राजनीति को नई दिशा दी।
सांप्रदायिकता : मध्यकालीन नहीं, आधुनिक परिघटना
नेहरू की सांप्रदायिकता संबंधी समझ बहुत महत्वपूर्ण थी। आरएसएस का विचार रहा है कि भारत में सांप्रदायिकता की जड़ें मध्यकालीन इतिहास में हैं और इसका संबंध मुख्यतः मुस्लिम शासन मुगल युग से है। इसके विपरीत नेहरू का मानना था कि सांप्रदायिकता एक आधुनिक परिघटना है। इसका मध्यकालीन इतिहास से सीधा संबंध नहीं है।
नेहरू के अनुसार, सांप्रदायिकता का आधुनिक राजनीतिक रूप उपनिवेशवाद के दौर में विकसित हुआ। ब्रिटिश सरकार को भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को कमजोर करने के लिए अपने सहयोगियों की जरूरत थी। इसलिए उसने मुस्लिम लीग, आरएसएस और सिखों के कुछ सांप्रदायिक संगठनों को प्रोत्साहित किया।
नेहरू का एक आकलन था कि अंग्रेजों के चले जाने के बाद ये सांप्रदायिक संगठन भी कमजोर होकर समाप्त हो जाएंगे, क्योंकि उन्हें मुख्य संरक्षण औपनिवेशिक सरकार से मिल रहा था। लेकिन उनका यह आकलन पूरी तरह सही साबित नहीं हुआ। वे यह समझने में चूक गए कि सांप्रदायिक संगठनों को देश के भीतर से भी समर्थन मिल रहा था। राजा-महाराजा, जमींदार और पूंजीपति वर्ग के कुछ हिस्से भी इन संगठनों को संरक्षण दे रहे थे।
1948 में आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उसके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। जुलाई 1949 में आरएसएस ने लिखित आश्वासन दिया कि वह आगे से सांस्कृतिक संगठन के रूप में काम करेगा। इसके बाद प्रतिबंध हटा लिया गया। लेकिन नेहरू सांप्रदायिकता के खतरे को लेकर लगातार सचेत रहे। वे अपने मुख्यमंत्रियों को नियमित रूप से पत्र लिखा करते थे। इन पत्रों में वे बार-बार चेतावनी देते थे कि भारत में सांप्रदायिकता का खतरा समाप्त नहीं हुआ है। यह फासीवादी प्रवृत्ति है और इससे सावधान रहने की जरूरत है। नेहरू जी का सांप्रदायिकता के खिलाफ रुख बिल्कुल स्पष्ट और दृढ़ था। भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के बड़े राष्ट्रीय नेताओं में शायद ही किसी ने सांप्रदायिकता के सवाल पर इतनी साफगोई और वैचारिक स्पष्टता के साथ अपनी बात रखी हो, जितनी नेहरू ने रखी। उनका मानना था कि भारत में सांप्रदायिकता महज धार्मिक कट्टरता या आपसी वैमनस्य का मामला नहीं है, बल्कि यह फासीवाद का ही एक रूप है।
आज हम सांप्रदायिक फासीवाद की बात करते हैं, लेकिन उस दौर में फासीवाद का अर्थ मुख्यतः हिटलर और मुसोलिनी की राजनीति से लगाया जाता था। ऐसे समय में भारतीय सांप्रदायिकता के भीतर मौजूद फासीवादी प्रवृत्तियों को पहचानना और उसे सार्वजनिक रूप से रेखांकित करना नेहरू की असाधारण राजनीतिक और वैचारिक दूरदृष्टि थी।
तीस के दशक में जब फासीवाद पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा था और विश्व राजनीति साम्यवाद तथा फासीवाद के दो परस्पर विरोधी ध्रुवों में बंटती जा रही थी, तब नेहरू ने अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं दिखाई। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि यदि दुनिया साम्यवाद और फासीवाद में से किसी एक को चुनने की स्थिति में पहुंचती है, तो वे साम्यवाद के पक्ष में खड़े होंगे। यह महज एक राजनीतिक वक्तव्य नहीं था, बल्कि उस दौर में उनकी वैचारिक दिशा और प्रतिबद्धता का स्पष्ट उद्घोष था।
नेहरू और विश्व शांति आंदोलन
हमारा संगठन, ऑल इंडिया पीस एंड सॉलिडैरिटी ऑर्गेनाइजेशन ( AIPSO ), विश्व शांति परिषद ( World Peace Council ) से जुड़ा हुआ है। बहुत कम लोगों को यह जानकारी होगी कि विश्व शांति परिषद का प्रतिष्ठित सम्मान फ्रेडरिक जोलियो-क्यूरी के नाम पर दिया जाता है। फ्रेडरिक जोलियो-क्यूरी और उनकी पत्नी इरीन जोलियो-क्यूरी को 1935 में रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार मिला था । यह सम्मान जवाहरलाल नेहरू (मरणोंपरांत,1970) को भी प्रदान किया गया था। विश्व शांति परिषद को संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) में परामर्शदात्री दर्जा प्राप्त है। ऐसे संगठन का प्रतिष्ठित सम्मान नेहरू को मिलना हमारे लिए भी गौरव की बात है। इसलिए नेहरू की विरासत को समझना और उसका सही मूल्यांकन करना हमारे संगठन की भी जिम्मेदारी है।
नेहरू की सीमाएं और उनकी आलोचना
नेहरू का मूल्यांकन करते हुए उनकी आलोचनाओं को भी समझना जरूरी है। इस संदर्भ में ईएमएस नंबूदरीपाद की एक महत्वपूर्ण किताब है—Nehru: Ideology and Practice। ईएमएस ने नेहरू की विचारधारा और राजनीतिक व्यवहार का आलोचनात्मक विश्लेषण किया है।
इसमें कोई संदेह नहीं कि नेहरू भारत में समाजवाद लाना चाहते थे। लेकिन उनकी सबसे बड़ी सीमा यह थी कि वे जिन वर्गों के साथ रहकर राजनीति कर रहे थे, उनके सहयोग से समाजवाद स्थापित करना संभव नहीं था। यदि आप जमींदारों और पूँजीपतियों के साथ खड़े रहेंगे तो वे आपको समाजवाद नहीं लाने देंगे। वर्गीय ध्रुवीकरण और वर्गीय संघर्ष की यह बुनियादी सच्चाई थी। 1936 के बाद नेहरू की राजनीति में कई अंतर्विरोध दिखाई देने लगते हैं। सुभाषचंद्र बोस और कांग्रेस के दक्षिणपंथी नेतृत्व के बीच संघर्ष के समय नेहरू की भूमिका की आलोचना की जाती है कि वे पर्याप्त मजबूती से सुभाषचंद्र बोस के पक्ष में नहीं खड़े हुए और एक तरह से तटस्थ बने रहे।
विचारधारा और व्यवहार का अंतर: ईएमएस ने इस बात का विश्लेषण किया है कि नेहरू ने जिन समाजवादी और प्रगतिशील आदर्शों की कल्पना की थी, और सत्ता में आने के बाद जिन वास्तविक नीतियों का पालन किया, उनके बीच गहरा अंतर था।
कांग्रेस के भीतर वामपंथी धारा: पुस्तक में 1930 के दशक में कांग्रेस के भीतर उभरे वामपंथी और दक्षिणपंथी गुटों के संघर्ष, तथा नेहरू व सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में प्रगतिशील विचारों के विकास को विस्तार से समझाया गया है।
बुर्जुआ नेतृत्व की सीमाएं: नंबूदरीपाद ने यह तर्क दिया है कि नेहरू का समाजवाद मूल रूप से पूँजीवादी व्यवस्था के ढांचे के भीतर ही सीमित रहा और वे भूमि सुधार तथा सामंतवाद के पूर्ण उन्मूलन जैसे बुनियादी सवालों पर समझौता करते दिखे।
लोकतांत्रिक संघवाद पर प्रश्न: 1959 में केरल की पहली निर्वाचित कम्युनिस्ट सरकार (जिसके मुख्यमंत्री स्वयं ईएमएस थे) को केंद्र द्वारा बर्खास्त किए जाने की घटना के संदर्भ में भी नेहरू के लोकतांत्रिक सिद्धांतों और व्यावहारिक राजनीति के विरोधाभास को रेखांकित किया गया है। (यह पुस्तक मूल रूप से 1988 में नेशनल बुक सेंटर , नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित की गई थी।) - वाम की आवाज
यह भी कहा जा सकता है कि उस समय कांग्रेस के भीतर दक्षिणपंथी शक्तियां बहुत मजबूत थीं। यदि नेहरू खुलकर विरोध करते तो संभव था कि उन्हें भी कांग्रेस से बाहर कर दिया जाता और वामपंथी राजनीति की संभावनाएं और कमजोर हो जातीं। 1936-37 से लेकर त्रिपुरी अधिवेशन और 1949-50 तक के दौर में नेहरू की राजनीति में एक तरह का अंतर्विरोध दिखाई देता है। लेकिन सरदार पटेल की मृत्यु के बाद नेहरू फिर से समाजवाद के सवाल को अधिक मजबूती से उठाने लगे। 1955 में कांग्रेस ने औपचारिक रूप से समाजवादी समाज की स्थापना को अपना लक्ष्य स्वीकार किया।
आंध्र प्रदेश में कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार बनने की प्रबल संभावना भी उस समय थी। पी. सुंदरैया (पुचालापल्ली सुंदरैया) के नेतृत्व में कम्युनिस्ट आंदोलन वहां बहुत लोकप्रिय था। लेकिन कांग्रेस ने जब समाजवादी समाज की स्थापना का लक्ष्य घोषित किया तो इसने राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित किया। (कहा जाता है कि) सोवियत संघ की ओर से भी यह तर्क दिया गया कि जब कांग्रेस स्वयं समाजवाद की बात कर रही है तो उसके खिलाफ संघर्ष की जरूरत क्या है? इस पूरे घटनाक्रम ने आंध्र में कम्युनिस्ट पार्टी की संभावनाओं को प्रभावित किया। इसलिए यह समझना जरूरी है कि नेहरू की समाजवादी विचारधारा और कम्युनिस्ट पार्टी की विचारधारा एक नहीं थी। उनके बीच राजनीतिक और वैचारिक मतभेद थे।
[दृष्टव्य: आंध्र राज्य 1953 में बना और आंध्र प्रदेश का गठन 1956 में हुआ।- वाम की आवाज]
फिर भी बीसवीं सदी में भारत को आधुनिक बनाने की दृष्टि से नेहरू जैसा व्यक्तित्व विरल था। रामधारी सिंह दिनकर ने अपनी पुस्तक संस्कृति के चार अध्याय में लिखा है कि “भारत की आत्मा को नवीन बनाने का जितना बड़ा प्रयास जवाहरलाल नेहरू ने किया, उतना किसी और ने नहीं किया।” दिनकर ने इसकी तुलना सम्राट अशोक से की थी। उन्होंने नेहरू को आधुनिक भारत के निर्माण में एक असाधारण व्यक्तित्व के रूप में देखा।
फिलिस्तीन के सवाल पर नेहरू का रुख
आज फिलिस्तीन पर इजराइल के नृशंस हमले से हम सभी परिचित हैं। हमारी मौजूदा सरकार इजराइल का समर्थन करती दिखाई देती है। लेकिन नेहरू का फिलिस्तीन के प्रति रुख बिल्कुल स्पष्ट था। आज गाजा में हवाई अड्डा नहीं है। लेकिन कभी वहां हवाई अड्डा हुआ करता था। नेहरू उसी हवाई अड्डे से उड़ान भरकर गाजा से काहिरा गए थे। उस यात्रा के दौरान इजराइल की ओर से उनके विमान को निशाना बनाने की कोशिश किए जाने की बात उन्होंने बाद में भारतीय संसद में उठाई थी।
[1937 में नेहरू ने फिलिस्तीन के अरबों के राष्ट्रीय मुक्ति आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया था। 1947 में उन्होंने फिलिस्तीन के लिए संघीय व्यवस्था का सुझाव दिया था, जिसमें अरब और यहूदी क्षेत्रों को स्वायत्तता मिलती। उन्होंने यह भी कहा था कि फिलिस्तीन के भविष्य का फैसला अरबों की सहमति के बिना नहीं होना चाहिए। उनका जोर अरबों के अधिकार, फिलिस्तीन की जनता की सहमति और एक न्यायपूर्ण राजनीतिक समाधान पर था। स्रोत नेहरू आर्काइव - वाम की आवाज]
[मई 1960 में गाजा जाते समय नेहरू संयुक्त राष्ट्र के विमान में सवार थे। उस विमान के पास दो इजराइली लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी थी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने इस घटना पर नेहरू से खेद व्यक्त किया था। 8 अगस्त 1960 को राज्यसभा में भी यह मामला उठा था।- वाम की आवाज]
नेहरू फिलिस्तीन के अधिकारों के स्पष्ट समर्थक थे। इसलिए यह विडंबना है कि आज भारत की सरकार ऐसे इजराइल का समर्थन कर रही है, जिसके खिलाफ नेहरू ने फिलिस्तीन के सवाल पर स्पष्ट राजनीतिक रुख अपनाया था। यह नेहरू की विदेश नीति और उनकी अंतरराष्ट्रीयतावादी विरासत से एक तरह का विचलन है।
नेहरू की लड़ाई केवल सांप्रदायिकता के खिलाफ नहीं थी। वे कांग्रेस के भीतर मौजूद लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और जनपक्षधर शक्तियों को मजबूत करना चाहते थे। उनकी यह कोशिश वामपंथियों और कम्युनिस्टों के साथ सहयोग और संघर्ष, दोनों के रूप में सामने आती रही। नेहरू के सामने एक बड़ा द्वंद्व था। या तो वे कांग्रेस से बाहर निकलकर अपनी सारी राजनीतिक संभावनाएं समाप्त कर लेते, या कांग्रेस के भीतर रहकर लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष स्पेस को बचाने की कोशिश करते। उन्होंने दूसरा रास्ता चुना। इसमें वे कुछ हद तक सफल भी हुए। यह मानना पड़ेगा कि तमाम गलतियों और आलोचनाओं के बावजूद भारत में औपचारिक रूप से ही सही, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था को बचाए रखने में नेहरू की बड़ी भूमिका थी।
पूँजीवाद, चीन और नेहरू की राजनीतिक सीमाएं
नेहरू के जीवन के अंतिम दौर में उनकी कुछ महत्वपूर्ण चिंताएं सामने आती हैं। 1956 में उन्होंने एकाधिकार पूँजीवाद पर विस्तार से लिखा और 17 फरवरी 1963 को प्रेस इंस्टिट्यूट में उन्होंने जिस तरह (प्रेस के संदर्भ में) एकाधिकार पूँजीवाद के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त की थी, उससे स्पष्ट होता है कि वे भारतीय अर्थव्यवस्था में पूँजी के संकेंद्रण को लेकर चिंतित थे। जिस एकाधिकार पूँजीवाद के खिलाफ वे लगातार बोलते रहे, वही आगे चलकर और अधिक विकराल रूप धारण करता गया। लेकिन तब तक उनके हाथ में बहुत कुछ नहीं रह गया था। चीन के साथ संघर्ष और उसके बाद की परिस्थितियों ने भी नेहरू को कमजोर किया। कांग्रेस के दक्षिणपंथी धड़े ने उन्हें लगातार दबाव में रखा। इन परिस्थितियों में उनकी राजनीतिक स्वतंत्रता सीमित होती चली गई।
नेहरू पर नए अध्ययन और सेकुलर मेजॉरिटेरियनिज्म का सवाल
हाल के वर्षों में नेहरू पर कुछ नए अध्ययन सामने आए हैं। इनमें पेरी एंडरसन की किताब (The Indian Ideology) भी शामिल है। उन्होंने नेहरू पर आरोप लगाया है कि वे सेकुलर मेजॉरिटेरियनिज्म के समर्थक थे। उनका तर्क है कि नेहरू मुस्लिम समुदाय के भीतर हिंदू बहुसंख्यकवाद को लेकर मौजूद भय और असुरक्षा को ठीक से समझ नहीं पाए। यह एक गंभीर सवाल है। यदि इस तरह के आरोपों को बिना आलोचनात्मक जांच के स्वीकार कर लिया जाए तो अंततः नेहरू को भी हिंदू बहुसंख्यकवादी राजनीति के खांचे में डाल दिया जाएगा।
नेहरू ने डिस्कवरी ऑफ इंडिया में मुस्लिम समुदाय के भीतर मौजूद भय और असुरक्षा की चर्चा की है। वे इस बात को समझते थे कि बहुसंख्यक सांप्रदायिकता अल्पसंख्यकों के भीतर असुरक्षा पैदा करती है। लेकिन उन्होंने कभी अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता का समर्थन नहीं किया। नेहरू का मानना था कि अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता और बहुसंख्यक सांप्रदायिकता एक-दूसरे को खाद-पानी देती हैं। दोनों एक-दूसरे को मजबूत करती हैं। इसलिए दोनों का विरोध जरूरी है, लेकिन दोनों को एक समान नहीं माना जा सकता। नेहरू ने इस अंतर को बहुत स्पष्ट ढंग से समझाया था। बहुसंख्यक सांप्रदायिकता राष्ट्रवाद का मुखौटा पहनकर आती है। वह देशभक्ति और राष्ट्रवाद की भाषा बोलती है। इसलिए कई बार उसकी सांप्रदायिकता पहचान में नहीं आती। दूसरी ओर, अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता का अलगाववादी चेहरा अधिक स्पष्ट दिखाई देता है। इसीलिए बहुसंख्यक सांप्रदायिकता अधिक खतरनाक होती है। यह बात समझना जरूरी है कि दोनों प्रकार की सांप्रदायिकता का विरोध किया जाना चाहिए, लेकिन दोनों की सामाजिक और राजनीतिक ताकत समान नहीं होती।
नेहरू की यह दृष्टि आज भी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस संदर्भ में मानश फिराक भट्टाचार्जी (Nehru and the Spirit of India, 2022 में प्रकाशित) जैसे विद्वानों के अध्ययन को भी पढ़ा जाना चाहिए। नेहरू पर नए शोध और बहसों से कई नई बातें सामने आ रही हैं। इनमें कुछ निष्कर्षों से असहमति हो सकती है, लेकिन इन अध्ययनों को गंभीरता से पढ़ने की जरूरत है।
गांधी, पटेल और नेहरू का मूल्यांकन
सांप्रदायिकता के सवाल पर सरदार पटेल और नेहरू के बीच अंतर को भी समझना जरूरी है। स्वामी सहजानंद सरस्वती की आत्मकथा पढ़ने पर पटेल की भूमिका को लेकर कई सवाल सामने आते हैं। गांधी जी की हत्या के समय पटेल देश के गृह मंत्री थे। गांधी जी की हत्या की साजिश के संकेत पहले से मिल रहे थे। उन पर पहले भी हमले हो चुके थे। हत्या से कुछ दिन पहले भी बम फेंका गया था। इसके बावजूद गांधी जी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकी। ऐसे में यह सवाल उठता है कि यदि उस समय गृह मंत्री नेहरू होते तो क्या स्थिति अलग होती? नेहरू और पटेल की तुलना करते समय इस ऐतिहासिक संदर्भ को भी ध्यान में रखना चाहिए।
गांधी जी ने 1942 में ही कहा था कि उनके बाद जवाहरलाल नेहरू उनकी भाषा बोलेंगे। उन्होंने यह नहीं कहा था कि सरदार पटेल, राजगोपालाचारी या राजेंद्र प्रसाद उनकी भाषा बोलेंगे। यह अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण बात थी।
आज हम देखते हैं कि कम्युनिस्टों के बीच भी गांधी का मूल्यांकन पहले की तुलना में बदला है। नेहरू के बारे में भी दुनिया भर में नए अध्ययन हो रहे हैं। इन अध्ययनों से नई रोशनी मिल रही है। कुछ बातें गलत हो सकती हैं, लेकिन बहुत कुछ ऐसा भी है जो हमें नेहरू को नए सिरे से समझने में मदद करता है। इसलिए AIPSO जैसे संगठन के लिए नेहरू केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं हैं, बल्कि वे धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, शांति और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता की एक महत्वपूर्ण विरासत के प्रतीक हैं।
हमें जवाहरलाल नेहरू को न तो अंधभक्ति के साथ देखना चाहिए और न ही उनके खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार के आधार पर उनका मूल्यांकन करना चाहिए। उनकी उपलब्धियों, सीमाओं, अंतर्विरोधों और ऐतिहासिक योगदान को समग्रता में समझना चाहिए। जवाहरलाल नेहरू को नए सिरे से पढ़ने और समझने की जरूरत है।
(यह आलेख पटना के मैत्री शांति भवन में AIPSO द्वारा 27 जून 2025 को आयोजित ‘जवाहर लाल नेहरू की विरासत और आज का भारत’ विषय पर अनीश अंकुर द्वारा दिए गए वक्तव्य का पाठ है।)
यह आलेख पटना के मैत्री शांति भवन में AIPSO द्वारा 27 जून 2025 को आयोजित 'जवाहरलाल नेहरू की विरासत और आज का भारत' विषय पर अनीश अंकुर द्वारा दिए गए सार्वजनिक वक्तव्य पर आधारित है। वाम की आवाज के लिए इसका संपादन किया गया है तथा ऐतिहासिक संदर्भों में आवश्यक तथ्यात्मक संशोधन और अतिरिक्त जानकारियां जोड़ी गई हैं।
अनीश अंकुर (लेखक व संस्कृतिकर्मी )
रंगमंच से सक्रिय रूप से जुड़े अभिनेता, रंगकर्मी और कला लेखक हैं। रंगमंच के साथ उनका जुड़ाव लेखन के क्षेत्र में भी रहा है। पेरिस कम्यून, रोजा लक्ज़मबर्ग और कार्यनंद शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक विषयों-व्यक्तित्वों पर उनकी किताबें प्रकाशित हुई हैं। वर्तमान में वे ‘अभियान सांस्कृतिक मंच’, पटना के संयोजक हैं।
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...