छठ की आस्था में प्रकृति, परिवार और समाज का सुंदर समन्वय है। बचपन की यादें गांव के पोखर, नाटक और प्रसाद की आत्मीय दुनिया खोलती हैं। जाति और धर्म से परे पड़ोसियों का सहयोग इस पर्व की साझी संस्कृति को दर्शाता है। गांव से शहर तक छठ रिश्तों, स्मृतियों और भाईचारे की डोर मजबूत करता है। इसकी असली रोशनी आपसी प्रेम और साझी विरासत में है।
"छठ केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सामाजिक सहभागिता और मानवीय रिश्तों की आत्मीयता का उत्सव भी है। लेखक ने बचपन की स्मृतियों, मां की मन्नत, गांव की सांस्कृतिक परंपराओं और पड़ोसियों के स्नेह के बहाने उस साझी सामाजिक विरासत को याद किया है, जिसमें जाति और धर्म की दीवारें अक्सर बेमानी हो जाती हैं। यह संस्मरण बताता है कि पर्वों की असली खूबसूरती अनुष्ठानों से आगे बढ़कर आपसी सहयोग, भाईचारे और साझा जीवन में बसती है।"
छठ : आस्था, प्रकृति और गंगा-जमुनी तहजीब की साझी विरासत
बचपन की स्मृतियों से गांव के पोखर और बूढ़ी गंडक के घाट तक
- शाह ज़फ़र इमाम
नहाय-खाय से शुरू होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय सूर्योपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ का आज समापन हो गया। प्रकृति और विशेष रूप से सूर्य को समर्पित यह पर्व अपने भीतर पूरे समाज को समेट लेता है। छठ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी पंडित-पुरोहित की अनिवार्यता नहीं होती। व्रती स्वयं पूजा-अर्चना करते हैं और इसमें इस्तेमाल होने वाली अधिकांश सामग्रियां कृषि उपज तथा प्रकृति से प्राप्त होती हैं। साफ-सफाई, पवित्रता और अनुशासन इस पर्व की प्रमुख विशेषताएं हैं। लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर छठव्रती अपनी आस्था, प्रकृति के प्रति प्रेम और समर्पण का परिचय देते हैं।

दीपावली से लेकर छठ तक पूरा समाज रोशनी से जगमगा उठता है। क्या अमीर, क्या गरीब, सभी अपने-अपने घरों को रोशन करने की हरसंभव कोशिश करते हैं। रोजी-रोटी की तलाश में अपने परिवारों से सैकड़ों किलोमीटर दूर रहने वाले नौजवान भी इस पर्व पर घर लौटने से नहीं चूकते। मां-बाप, भाई-बहन, चाचा-चाची, रिश्तेदारों और दोस्तों से एक साथ मिलने का अवसर देता है छठ। इस लिहाज से यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बिछड़े हुए लोगों को जोड़ने और पारिवारिक-सामाजिक रिश्तों को फिर से जीवंत करने का पर्व भी है।

छठ पर्व के साथ मेरे बचपन की कई स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। अम्मा बताया करती थीं कि जब मैं चार-पांच साल का था, तब छठ के दौरान ही बीमार पड़ गया था। अम्मा ने छठी मैया से मन्नत मांगी कि अगर उनका बेटा ठीक हो जाएगा तो वे पांच साल तक भीख मांगकर एक सूप चढ़ाएंगी। मेरे ठीक हो जाने के बाद अगले साल से अम्मा ने अपना वादा निभाना शुरू कर दिया।
वे आसपास के हिंदू परिवारों में जातीं और मेरे हाथ में एक सूप थमा देतीं। इसके बाद परिवार के सदस्यों, खासकर महिलाओं से मदद की अपील करतीं। लोग भी खुशी-खुशी सहयोग करते। इस तरह भीख में मिले पैसे अम्मा अपने एक हिंदू पड़ोसन को सौंप देतीं और वे मेरे नाम से सूप चढ़ा देतीं। एक-दो साल तक तो मुझे इसमें खूब मजा आया, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ मैं शर्माने लगा। खैर, अम्मा ने पांच साल तक अपनी मन्नत पूरी की।

छठ से जुड़ी ऐसी ही ढेरों दूसरी स्मृतियां भी हैं। बिहार के बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर प्रखंड के जिस गांव परोड़ा में मेरा जन्म हुआ, वह पिछड़ी जातियों और अल्पसंख्यकों की मिली-जुली आबादी वाला गांव है। छठ और दीपावली के अवसर पर गांव में नाटक खेलने की पुरानी परंपरा थी। बचपन में हम पूरी-पूरी रात जागकर नाटक देखने का आनंद उठाते थे। स्कूल-कॉलेज के दिनों में हमें भी नाटकों में भूमिका निभाने का अवसर मिलने लगा और यह सिलसिला कई वर्षों तक चला।
नाटकों में हिंदू और मुस्लिम, दोनों समुदायों के पढ़े-लिखे नौजवानों को उनकी क्षमता और दक्षता के हिसाब से जिम्मेदारियां सौंपी जाती थीं। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता था। मंच पर और मंच के पीछे दोनों समुदायों के नौजवान मिलकर काम करते थे। कह सकते हैं कि हमारा गांव इस मुल्क की सदियों पुरानी गंगा-जमुनी तहजीब की एक जीती-जागती मिसाल रहा है। वहां धर्म और जाति से ऊपर उठकर सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में साझेदारी की परंपरा थी।
हमारे गांव के पूरबी हिस्से में एक बड़ा-सा पोखर है, जहां छठव्रती शाम और सुबह का अर्घ्य देने पहुंचते हैं। उन दिनों ऐसा लगता था, मानो पूरा गांव ही उठकर घाट पर आ गया हो। क्या बूढ़े, क्या जवान, क्या महिलाएं, क्या बच्चे- सभी रंग-बिरंगे परिधानों में जुटते थे। नई-नवेली दुल्हनें तो खास तौर पर सज-धजकर आतीं। घूंघट की ओट से परिचित चेहरों को पहचानने में वे अपनी छोटी ननदों या देवरों का सहारा लेतीं। घाट का वह दृश्य आज भी मेरी स्मृतियों में जस का तस बसा हुआ है।

ठेकुआ और पूरी के बिना छठ पर्व की चर्चा अधूरी रहेगी। पहले मेरा गांव एकंबा पंचायत का हिस्सा था। आबादी बढ़ने के कारण गांव को एकंबा पंचायत से अलग कर नई पंचायत बनाई गई। मेरे अब्बा 1972 में गठित इस पंचायत के पहले निर्वाचित मुखिया बने। इस वजह से सैकड़ों घरों से ठेकुआ, पूरी, बताशे, सेव, संतरे और दूसरी चीजें प्रसाद के रूप में हमारे यहां आती थीं। देखते-देखते कई टोकरियां प्रसाद से भर जातीं और हम कई दिनों तक उनका आनंद उठाते।
प्रभु सहनी, ठीठर राउत, रामचंद्र प्रसाद, शंकरी साहु, डोमी चौधरी, महावीर साहु, फागु पासवान, सीतो पंडित, कामेश्वर यादव, लखन दास और भोला शर्मा जैसे कुछ नाम आज भी मेरी स्मृतियों में ताजा हैं। इनके घरों से हर साल प्रसाद आता था। इन्हें भुला पाना नामुमकिन है। अफसोस कि इनमें से अधिकांश अब इस दुनिया में नहीं हैं। अब्बा भी करीब बीस साल पहले हमें छोड़कर चले गए। वक्त के साथ लोग विदा होते जाते हैं, लेकिन उनसे जुड़ी यादें हमेशा हमारे साथ रहती हैं।
कुदरत का पहिया अपनी गति से चलता रहता है। रोजी-रोटी की तलाश में पिछले करीब पैंतीस वर्षों से गांव से मेरा रिश्ता भी धीरे-धीरे कम होता गया। फिलहाल मैं समस्तीपुर नगर निगम के जिस इलाके चकनूर में रहता हूं, वह कहने को तो शहरी क्षेत्र है, लेकिन रहन-सहन और काम-धंधे के लिहाज से उसे 80:20 कहा जा सकता है- यानी 80 फीसदी देहात और 20 फीसदी शहर!

आसपास रहने वाले लोगों में अधिकांश पिछड़ी जातियों और अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। इनमें कुछ काश्तकार हैं, कुछ पशुपालक, कुछ रिक्शा-ठेला चलाते हैं तो कुछ दिहाड़ी मजदूर हैं। कुल मिलाकर यहां आपसी सहयोग और भाईचारे का माहौल है। आधुनिक पूंजीवाद की बाजारवादी संस्कृति धीरे-धीरे हमारे मानवीय संबंधों को कमजोर करने और उन्हें बाजार के अधीन करने पर तुली हुई है। हालांकि गांव-देहातों में अभी भी सामुदायिक जीवन, आपसी सहयोग और पारस्परिक आत्मीयता की परंपराएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। यहां की आबादी और सामाजिक बनावट काफी हद तक मेरे पैतृक गांव जैसी है।
जब से यहां अपना घर बनाया है, हर साल बगल से बहने वाली बूढ़ी गंडक नदी के किनारे छठ घाटों के खूबसूरत नजारों को अपनी आंखों में समेटने की कोशिश करता हूं। गांव की तरह यहां भी पड़ोसियों के साथ आत्मीय रिश्ते बने हुए हैं। अशोक राय, मनोज चौधरी, रंजीत सहनी और सुशील कुमार जैसे पड़ोसियों के यहां से छठ का प्रसाद आना लगभग तय रहता है। उनके इस स्नेह और अपनत्व में मुझे अपना गांव, अपना बचपन और वे तमाम लोग याद आ जाते हैं, जिनके साथ जीवन के खूबसूरत दिन गुजरे हैं।

छठ की यही खूबसूरती है। यह पर्व आस्था के साथ-साथ सामाजिक साझेदारी और सामूहिक जीवन की जीवंत परंपरा का भी उत्सव है। इसमें एक-दूसरे के घर प्रसाद पहुंचाने, घाटों की सफाई में हाथ बंटाने और व्रतियों की मदद करने जैसी छोटी-छोटी गतिविधियों में बड़े सामाजिक मूल्य छिपे हैं। जाति, धर्म और आर्थिक हैसियत के भेद से ऊपर उठकर लोगों का एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होना ही हमारी साझी संस्कृति की असली ताकत है।
आज जब बाजारवादी संस्कृति हमारे रिश्तों और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर रही है, तब छठ जैसे पर्व हमें याद दिलाते हैं कि समाज केवल बाजार और व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं चलता। वह आपसी विश्वास, सहयोग, साझी स्मृतियों और मानवीय संवेदनाओं से बनता है। गांव के पोखर से लेकर बूढ़ी गंडक के घाट तक, मेरे लिए छठ इसी साझी विरासत और आत्मीयता का नाम है।
अपने सभी पड़ोसियों के स्नेह, सहयोग और अपनत्व के लिए दिल की गहराइयों से बहुत-बहुत शुक्रिया!


शाह ज़फ़र इमाम
लेखक जनवादी लेखक संघ समस्तीपुर जिला के अध्यक्ष और सी पी आई (एम) बिहार राज्य समिति के सदस्य हैं।
टिप्पणियाँ लोड हो रही हैं...